{"_id":"62c12b9ddf7703189f542725","slug":"amravati-murder-chemist-murder-isis-style-nia-claims-motive-was-to-terrorize-a-section-of-people","type":"story","status":"publish","title_hn":"ISIS Style Murder: अमरावती में केमिस्ट की हत्या को एनआईए ने माना आतंकी कृत्य, एक आरोपी उमेश कोल्हे का अच्छा मित्र था","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
ISIS Style Murder: अमरावती में केमिस्ट की हत्या को एनआईए ने माना आतंकी कृत्य, एक आरोपी उमेश कोल्हे का अच्छा मित्र था
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Sun, 03 Jul 2022 12:59 PM IST
विज्ञापन
सार
अमरावती पुलिस ने पहले इसे लूट की घटना मानते हुए हत्या माना था, लेकिन एनआईए की एफआईआर से स्पष्ट हुआ है कि उमेश कोल्हे से कुछ नहीं लूटा गया था।
एनआईए
- फोटो : Social media
विज्ञापन
विस्तार
उदयपुर और अमरावती में हुई हत्याएं आईएसआईएस की स्टाइल में होने का शक गहरा रहा है। अमरावती में 21 जून को हुई केमिस्ट उमेश कोल्हे की हत्या के मामले में बीती रात नागपुर से एक सरगना को गिरफ्तार किया गया है। वह रहबर समूह से जुड़ा बताया गया है। केमिस्ट की हत्या को लेकर एनआईए ने जो एफआईआर दर्ज की है, उसमें आतंकी कृत्य मानते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से जांच की बात कही गई है। वहीं, अमरावती पुलिस ने इसे आतंकी संगठन आईएसआईएस की स्टाइल में की गई हत्या माना है।
Trending Videos
अमरावती पुलिस ने पहले इसे लूट की घटना मानते हुए हत्या माना था, लेकिन एनआईए की एफआईआर से स्पष्ट हुआ है कि उमेश कोल्हे से कुछ नहीं लूटा गया था। एनआईए इस बात की भी जांच करेगा कि यह किसी राष्ट्रीय साजिश का हिस्सा है? क्या इसके तार विदेश से जुड़े हैं? एनआईए का कहना है कि इसका मकसद देश में एक वर्ग के लोगों को दहशतजदा करना था।
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरावती की पुलिस निरीक्षक नीजिमा अराज ने बताया कि उन्हें हत्याकांड के सरगना को बीती रात नागपुर से गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। इनका एक हेल्पलाइन ग्रुप-रहबर ग्रुप है। कई लोग उससे जुड़े हैं। अब तक सात आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद और भी गिरफ्तार किए जा सकते हैं।
मामले में उमेश कोल्हे के पुत्र की शिकायत पर यूएपीए (UAPA) कानून की धारा 16, 18 और 20, भादंवि की धारा 302, 120 (B), 153 (A), 153 (B) के तहत केस दर्ज किया गया है। उमेश कोल्हे की 21 जून को अमरावती में तीन बाइक सवार हमलावरों ने गला रेतकर आईएसआईएस स्टाइल में हत्या कर दी थी। इसके बाद 28 जून को उदयपुर में भी इसी तरह कन्हैया लाल साहू की हत्या कर वीडियो सोशल मीडिया में वायरल किया गया था। इससे देश स्तब्ध रह गया था।
युसूफ मृतक उमेश का दोस्त था: महेश कोल्हे
केमिस्ट उमेश कोल्हे के भाई महेश कोल्हे ने बताया कि उन्हें पुलिस नोट से पता चला कि भाई की हत्या नुपुर शर्मा मामले में उनकी पोस्ट को लेकर की गई है। गिरफ्तार आरोपी युसूफ खान उमेश का अच्छा दोस्त था। युसूफ पशु चिकित्सक है और हम उसे 2006 से जानते हैं। महेश कोल्हे ने कहा कि हत्या का सरगना गिरफ्तार हो गया है, इसलिए जांच अब तेजी से आगे बढ़ सकती है। हम मांग करते हैं कि मामला फास्टट्रेक कोर्ट में चलाया जाए और दोषियों को अधिकतम सजा दी जाए। महेश ने कहा कि जांच एनआईए को सौंपे जाने से हमें संतोष है कि मामला जल्द सुलझ सकेगा और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सकेगा।
अमरावती में भाजपा ने मांगी प्रदर्शन की इजाजत
इस बीच, अमरावती के भाजपा नेता शिवराय कुलकर्णी ने कहा कि पार्टी इस हत्याकांड को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना चाहती है। हमें नहीं लगता कि पुलिस इसकी अनुमति देने से इनकार करेगी। भाजपा हिंसक पार्टी नहीं है। पिछले 15 दिनों के दौरान हमने कोई भड़काऊ बयान नहीं दिया है। हम बस इतना चाहते हैं कि ऐसी कोई घटना दोबारा न हो।