फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Ban on 50 per cent of SpiceJet's flight increased three honors of central police forces revoked

Big News: स्पाइसजेट की 50 फीसदी उड़ान पर पाबंदी बढ़ी, केंद्रीय पुलिस बलों के तीन सम्मान निरस्त, पढ़ें खबरें

Thu, 22 Sep 2022 07:11 AM IST
निर्मल कांत एजेंसी, नई दिल्ली।
एजेंसी, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Thu, 22 Sep 2022 07:11 AM IST
सार

स्पाइस जेट की उड़ानों में लगातार सुरक्षा संबंधी चूक के बाद डीजीसीए ने 27 जुलाई को आदेश दिया था कि वह 8 सप्ताह तक स्वीकृत उड़ानों के केवल 50 फीसदी का ही संचालन करेगा। इसके पुनरीक्षण में पाया गया कि सुरक्षा संबंधी असावधानियों की तादाद में खासी कमी आई है।

विज्ञापन
Ban on 50 per cent of SpiceJet's flight increased three honors of central police forces revoked
स्पाइसजेट - फोटो : PTI

विस्तार

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बुधवार को अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए स्पाइस जेट पर लगी 50 फीसदी उड़ानों का ही संचालन करने की पाबंदी को 29 अक्तूबर तक बढ़ा दिया है।
विज्ञापन


स्पाइस जेट की उड़ानों में लगातार सुरक्षा संबंधी चूक के बाद डीजीसीए ने 27 जुलाई को आदेश दिया था कि वह 8 सप्ताह तक स्वीकृत उड़ानों के केवल 50 फीसदी का ही संचालन करेगा। इसके पुनरीक्षण में पाया गया कि सुरक्षा संबंधी असावधानियों की तादाद में खासी कमी आई है। हालांकि अतिरिक्त सावधानी बरतते हुए डीजीसीए ने पाबंदी की अवधि को बढ़ाया है।
विज्ञापन

 

हांगकांग : महारानी को श्रद्धांजलि के बाद एक शख्स की गिरफ्तारी

ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास के बाहर हांगकांग की पुलिस ने ब्रिटेन की दिवंगत महारानी को श्रद्धांजलि देने के मामले में एक शख्स पर राजद्रोह का आरोप लगाते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। यह शख्स ‘ग्लोरी टू हांगकांग’ गीत गा रहा था और यह गीत लोकतंत्र समर्थक विरोध प्रदर्शनों के दौरान गाते रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि 43 वर्षीय शख्स सोमवार देर रात वाणिज्य दूतावास के पास से हिरासत में लिया गया। दिवंगत महारानी को श्रद्धांजलि देने के लिए वहां कई लोग एकत्रित हुए थे। 1997 में चीन के शासन को सौंपे जाने से पहले हांगकांग एक ब्रिटिश उपनिवेश था और तब एलिजाबेथ ही शहर की प्रमुख थीं। पुलिस ने बताया कि शख्स को ‘राजद्रोह के इरादे से किसी कृत्य को अंजाम देने’ के संदेह में गिरफ्तार कर लिया गया है।

भारत में होगी एससीओ देशों के बीच पारगमन व्यापार पर चर्चा

शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के उपमहासचिव सोहेल खान ने कहा कि सदस्य देशों के बीच पारगमन व्यापार में तब तक कोई समस्या नहीं है, जब तक संरक्षणवाद आड़े नहीं आता। इस मुद्दे पर आठ सदस्यीय एससीओ की भारत में होने वाली बैठक में चर्चा होगी। चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने यह बात कही।

पिछले सप्ताह उज्बेकिस्तान के समरकंद में हुई बैठक के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भविष्य में एससीओ देशों के बीच होने वाले व्यापार के लिए पारगमन अधिकारों और स्वीकृतियों की महत्ता को रेखांकित करते हुए इस पर जोर दिया था। 16 सितंबर के संबोधन में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि भारत एससीओ सदस्यों के बीच ज्यादा सहयोग और आपसी भरोसे का समर्थन करता है। 

कोविड महामारी और यूक्रेन युद्ध के कारण दुनिया की आपूर्ति शृंखला में बाधाएं आई हैं और ऊर्जा व खाद्यान्न संकट उत्पन्न हो गया है। ऐसे में एससीओ को अपने क्षेत्र में भरोसेमंद, लचीली और विविध आपूर्ति शृंखला विकसित करने का प्रयास करना चाहिए। इसके लिए बेहतर संपर्क की जरूरत होगी। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण होगा कि हम एक-दूसरे को पारगमन के लिए पूरे अधिकार दें। 

विज्ञापन

जापान : शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार का विरोध, बुजुर्ग ने आग लगा

जापान में प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के दफ्तर के पास बुधवार को एक 70 वर्षीय शख्स ने खुद को आग लगा ली। जापान के टीवी असाही ने बताया कि इस शख्स ने खुद को आग लगाने से पहले इसकी वजह पूर्व पीएम शिंजो आबे राजकीय अंतिम संस्कार का विरोध करना बताई।

बता दें कि 27 सितंबर को जापान की पूर्व पीएम शिंजो आबे का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाना है। जापान में राजकीय अंतिम संस्कार दुर्लभ है, और सरकार के इस निर्णय पर विवाद हो रहा है। देश की लगभग आधी जनता ने इस विचार का विरोध किया है। आग लगाने वाले शख्स के बारे में अधिक विवरण नहीं मिला है। खुदकुशी की कोशिश के बाद मौके पर मौजूद पुलिस अफसर ने आग बुझाने की कोशिश भी की, लेकिन वह भी आग की चपेट में आ गया।

इसके बाद दोनों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। आग लगाने वाले शख्स ने घटना से पहले क्योदो समाचार एजेंसी को राजकीय अंतिम संस्कार के विरोध में एक नोट भी लिखा था। आबे की चुनाव प्रचार के दौरान 8 जुलाई गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 

म्यांमार में बंधक बनाए गए शेष भारतीय जल्द रिहा होंगे

म्यांमार में भारतीय दूतावास ने बुधवार को बताया कि म्यांमार में ‘अवैध रूप से बंधक’ बनाए गए भारतीयों में से अब तक 30 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। शेष को रिहा कराने के लिये सभी संभव प्रयास किए जा रहे है। भारतीय दूतावास का यह बयान ऐसे समय में आया है जब 300 भारतीयों को म्यांमार में एक गिरोह द्वारा बंधक बनाए जाने की खबरें आई है जिसमें ज्यादातर लोग तमिलनाडू से हैं।

विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने राजदूत विनय कुमार से म्यांमार में भारतीयों के बंधक बनाये जाने के बारे में बात की है। उन्होंने बताया, राजदूत ने घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी और बताया कि सभी भारतीयों को जल्द से जल्द रिहा कराने को लेकर सभी प्रयास किए जा रहे हैं। मिशन इस मामले पर करीबी नजर रखे हुए है।

पाकिस्तान : गृह मंत्री बोले, लापता लोगों के संबंध में सरकार की भी हैं सीमाएं

पाकिस्तान के गृह मंत्री राना सनाउल्लाह ने स्वीकार किया कि लापता लोगों के संबंध में सरकार के आदेश की भी सीमाएं हैं। साथ ही कहा कि सरकार फौज द्वारा पकड़े गए लोगों को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस मुद्दे को ‘मौत से भी बदतर’ करार दिया।

सत्ताधारी गठबंधन में शामिल मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (पीक्यूएम-पी) के बहादराबाद स्थित अस्थायी मुख्यालय में उन्होंने कहा, इस बात से इनकार नहीं और हम सभी जानते हैं कि सरकारी आदेशों का कितना पालन किया जाता है। हालात अब भी ऐसे ही हैं। उन्होंने राजनीतिक और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं, नागरिकों को गायब करने वालों को संविधान का उल्लंघन करने वाले करार दिया। सनाउल्लाह ने कहा, सरकार का ध्यान वहीं है, जहां इस मुद्दे का हल है।

बाद में एक ट्वीट में इसे दोहराते हुए उन्होंने कहा, यह सरकार के लिए शर्म की बात है कि लोगों को कानून के सामने लाने के बजाय गायब कर दिया जाता है और बाद में उनकी लाश बरामद होती है। 

वेस्ट बैंक में झड़पें रोकने के लिए फलस्तीनियों के बीच समझौता

फलस्तीनी फौजों और आतंकियों के बीच वेस्ट बैंक सिटी में हिंसक झड़पें रोकने के लिए बुधवार को शांति समझौता हो गया। झड़पों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थित फलस्तीनी नेतृत्व के प्रति मोहभंग की बात सामने आ रही थी।

समझौते में झड़पें रोककर इलाके में तनाव घटाने पर सहमति बनी है। मंगलवार को फलस्तीनी प्राधिकरण क्षेत्र में आगजनी की घटनाएं हुई थीं। झड़पों की शुरुआत फलस्तीनी सुरक्षा बलों के स्थानीय आतंकियों के घरों पर छापे के बाद हुई। इस दौरान दोनों ओर से गोलियां चलीं। गुस्साए निवासियों ने एक बख्तरबंद जीप पर पथराव कर उसका पीछा किया। इस दौरान एक व्यक्ति की मौत की खबर है। इस हिंसा ने इस्राइली सैनिकों के विरोध की याद दिला दी। पुलिस ने बताया कि एक 84 वर्षीय इस्राइली महिला की हत्या में संदिग्ध फलस्तीनी व्यक्ति का शव बुधवार को मध्य तेल अवीव में लटका मिला। फलस्तीनी नेतृत्व की अलोकप्रियता का कारण इस्राइल के साथ सुरक्षा समझौता है। 

कृष्णमूर्ति बोले- पाकिस्तान की आईएसआई उन्हें शत्रु मानती है

भारतवंशी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई दक्षिण एशियाई देश में मौजूद कट्टरपंथियों के विरुद्ध उनके रुख के चलते उन्हें एक ‘शत्रु’ के रूप में देखती है। उन्होंने बोस्टन में भारत-अमेरिकी सुरक्षा परिषद (यूएसआईएससी) के अध्यक्ष आरवी कपूर के आवास पर चंदा जुटाने (फंडरेजर) के कार्यक्रम में यह टिप्पणी की।

इलिनॉय से डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद कृष्णमूर्ति ने जोर दिया कि वे सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और कभी किसी रंग, नस्ल या धर्म के खिलाफ भेदभाव नहीं किया। यूएसआईएससी के मुताबिक, कृष्णमूर्ति ने भारतीय-अमेरिकी समुदाय को भरोसा दिलाया कि चुनाव जीतने पर वह भारत-अमेरिकी रणनीतिक सहयोग को समर्थन जारी रखेंगे, ताकि यह दोस्ती प्रशांत क्षेत्र में चीन की महत्वाकांक्षाओं पर लगाम लगा सके।

आई2यू2 ने जताई आर्थिक साझेदारी गहरा करने की प्रतिबद्धता

भारत, इस्राइल, यूएई और अमेरिका के ‘आई2यू2’ समूह ने आर्थिक साझेदारी को गहरा करने को लेकर प्रतिबद्धता जताई है। समूह ने कृषि, स्वच्छ ऊर्जा से संबंधित अपनी मौजूदा परियोजनाओं में हुई प्रगति का जायजा लिया और समूह के उद्देश्यों में मददगार संभावित परियोजनाओं की समीक्षा भी की।

समूह ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक से इतर मुलाकात की। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस बैठक में अमेरिकी अवर मंत्री जोस डब्ल्यू फर्नांडीज, भारत के विदेश मंत्रालय के आर्थिक मामलों के सचिव दम्मू रवि, इस्राइली विदेश मंत्रालय के महानिदेशक एलोन उशपिज और यूएई के विदेश मंत्री अहमद बिन अली अल सयेघ मौजूद रहे।

बैठक में समूह ने चार देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को गहरा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। ‘आई2यू2’ समूह ने जुलाई में हुए नेताओं के शिखर सम्मेलन के आधार पर आगे की राह तय करने की उम्मीद भी जताई।

ब्लैक बॉक्स मॉडल पर किसी भी कारोबार को मंजूरी नहीं

ब्लैक बॉक्स मॉडल पर अगर कोई कंपनी व्यापार करना चाहती है तो इसे किसी भी हाल में मंजूरी नहीं मिलेगी। ऐसे किसी भी कारोबार को अनुमति नहीं होगी जिसका ऑडिट या सत्यापन नहीं किया जा सकता है।

सेबी की चेयरपर्सन माधबी पुरी बुच ने एक कार्यक्रम में कहा कि चूंकि डाटा एक सार्वजनिक बुनियादी ढांचा है, इसलिए किसी भी निजी पार्टी द्वारा डाटा को लेने के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। जब तक पारदर्शिता और खुलासे हैं, हम एल्गो ट्रेडिंग के पक्ष में या खिलाफ नहीं हैं।

सेबी की यह चेतावनी उन खबरों के बीच आई है, जिसमें यह कहा गया था कि एल्गो कारोबार पर रोक लग सकती है। कुछ स्टॉक ब्रोकर अनियंत्रित प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेशकों को एल्गोरिदम कारोबार की सुविधा दे रहे थे। इसके बाद इस महीने की शुरुआत में ही सेबी ने ब्रोकरों के लिए एक दिशा निर्देश जारी किया था। इसी के साथ सेबी सेकेंडरी बाजार में भी आईपीओ की तर्ज पर अस्बा को लाने की योजना बना रहा है।

मुस्लिम दंपती ने तिरुपति में किया एक करोड़ का दान

चेन्नई में धार्मिक सद्भाव की मिसाल पेश करते हुए एक मुस्लिम दंपती ने तिरुमाला मंदिर को 1.02 करोड़ रुपये का दान दिया है। अब्दुल गनी और नुबीना बानो ने तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के कार्यकारी अधिकारी धर्म रेड्डी से मुलाकात की और चेक सौंपा।

कुल राशि में से 15 लाख रुपये श्री वेंकटेश्वर अन्ना प्रसादम ट्रस्ट के लिए हैं, जो हर दिन मंदिर में आने वाले हजारों भक्तों को मुफ्त भोजन प्रदान करता है। शेष 87 लाख रुपये का दान श्री पद्मावती गेस्ट हाउस में रसोई में नए फर्नीचर और अन्य चीजों के लिए है। इससे पहले भी गनी ने बालाजी मंदिर में दान दिया था। 

टीआरपी घोटाले में ईडी को नहीं मिले न्यूज चैनल के खिलाफ सबूत

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विशेष अदालत के समक्ष दायर अपनी चार्जशीट में कहा है कि कथित टेलीविजन रेटिंग पॉइंट्स (टीआरपी) घोटाले में रिपब्लिक टीवी के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है। साथ ही ईडी ने कहा है कि उसे कुछ क्षेत्रीय और मनोरंजन चैनलों के खिलाफ टीआरपी हेराफेरी में शामिल होने के सबूत मिले हैं।

विशेष अदालत के न्यायाधीश एमजी देशपांडे ने बुधवार को आरोप पत्र पर संज्ञान लिया। ईडी ने मामले में प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट (ईसीआईआर) नवंबर 2020 में दायर की थी। मुंबई पुलिस ने टीआरपी की हेराफेरी के आरोप में रिपब्लिक टीवी, दो मराठी चैनलों और कुछ व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।

गृह मंत्रालय ने निरस्त किए केंद्रीय पुलिस बलों के तीन सम्मान

गृह मंत्रालय ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) और अन्य पुलिस संगठनों के कर्मियों को दिए जाने वाले तीन सम्मान तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए हैं। इन सुरक्षा बलों को मिलने वाले ये सम्मान आंतरिक सुरक्षा में बेहतर ढंग से कर्तव्यों का निर्वहन और सेवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिए जाते हैं।

इनमें पुलिस आंतरिक सुरक्षा सेवा पदक- जम्मू-कश्मीर राज्य/वामपंथी उग्रवाद क्षेत्र/पूर्वोत्तर क्षेत्र, उत्कृष्ट सेवा पदक और अति उत्कृष्ट सेवा पदक शामिल हैं। इस बारे में गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि पुरस्कारों को बेहतर बनाने की प्रक्रिया के तहत यह निर्णय लिया गया है। 

अरुणाचल राजमार्ग मुआवजा मामले में ईडी ने मारे छापे

अरुणाचल प्रदेश में ट्रांस अरुणाचल राजमार्ग परियोजना से प्रभावित लोगों को सरकार से मिले मुआवजे में कथित गड़बड़ी को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की है। एजेंसी ने अधिकारियों पर फंड के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया है।

ईडी के मुताबिक, उसने राज्य में 20 सितंबर को दो जगह छापे मारे, जिसके बाद उसने पीएमएलए की धाराओं के तहत 3.95 करोड़ की सावधि जमा (एफडी) को सीज कर दिया। 

मिजोरम : 10.40 लाख की विदेशी सिगरेट जब्त

असम राइफल ने मिजोरम के चंफाई जिले में 10.40 लाख रुपये की विदेशी सिगरेट की खेप जब्त की। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को जिले के बालूकई, जोखावथार इलाके से विदेशी सिगरेट के आठ केसेज बरामद किए। यह कार्रवाई गोपनीय सूचना पर की गई थी। जब्त सिगरेट कस्टम विभाग को सौंप दी गई है।

राज्य में खासकर भारत म्यांमार सीमा से लगते इलाकों में विदेशी सिगरेटों की तस्करी एक बड़ी समस्या है। असम राइफल ने जून में 91 लाख रुपये की विदेशी सिगरेट जब्त की थी।

कोल ब्लॉक मामला : निजी कंपनी के निदेशक की जमानत रद्द

एक विशेष अदालत ने कोल ब्लॉक मामले में शर्तों का उल्लंघन करने पर एक निजी कंपनी के निदेशक की जमानत रद्द कर दी। विशेष जज अरुण भरद्वाज ने मंगलवार को एक आदेश में कहा कि आरोपी संजीव कुमार अग्रवाल ने जमानत की बुनियादी शर्तों का उल्लंघन किया है। इसलिए उनकी जमानत रद्द की जाती है। इसके बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। अदालत ने आदेश में कहा कि जमानत रद्द करने के लिए दिए गए सीबीआई के आवेदन को स्वीकार करते हुए इसका निस्तारण किया जाता है। 

राजपथ के बाद सेना में अंग्रेजी विरासतों को बदलने की तैयारी

ऐतिहासिक राजपथ का नाम बदल कर कर्तव्य पथ रखने के बाद केंद्र सरकार सेना में सभी अंग्रेजी विरासत को बदलने की तैयारी में है। इसके तहत जाट, पंजाब, बिहार, गोरखा, असम, डोगरा और मद्रास रेजिमेंट जैसे अंग्रेजी सरकार के दिए नाम को बदलकर उसके देसी करण का मसौदा तैयार है।

सरकार के इस मसौदे के तहत गणतंत्र दिवस के समापन का दशकों पुराना समारोह बीटिंग रिट्रीट और अन्य औपनिवेशिक धरोहरों को पूरी तरह बदल दिया जाएगा। बुधवार को हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में एडजुकेंट जनरल रैंक के अधिकारी को इसकी समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। 

चालक प्रशिक्षण केंद्र मान्यता 5 साल वैध

चालक प्रशिक्षण केंद्रों (एडीटीसी) की मान्यता का नवीनीकरण अब पांच साल के लिए वैध होगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने नियमों में संशोधन की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके अनुसार, दोपहिया वाहनों के लिए प्रशिक्षण देने वाले कोर्स को बढ़ाया गया है, ताकि व्यावहारिक व सैद्धांतिक ज्ञान को व्यापक रूप से सीखा जा सके। मंत्रालय ने बयान में कहा, नए नियम एडीटीसी के कामकाज को और सुव्यवस्थित करेंगे। 

सरकार से टकराव के बीच राज्यपाल आरिफ ने पांच विधेयकों पर किए हस्ताक्षर

केरल सरकार के साथ बढ़ते टकराव के बीच राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पांच विधेयकों पर हस्ताक्षर किए, लेकिन लोक आयुक्त (संशोधन) विधेयक समेत विवादित विधेयकों को छोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार, जिन विधेयकों पर खान ने हस्ताक्षर किए वे ‘गैर विवादित’ थे। उन्होंने विश्वविद्यालय विधि संशोधन विधेयक को मंजूरी नहीं दी, जिसका उद्देश्य विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में राज्यपाल के अधिकारों को कम करना था।

राज्यपाल ने बुधवार को दिल्ली रवाना होने से पहले पांच विधेयकों पर हस्ताक्षर किए। हाल में संपन्न विधानसभा सत्र में पारित विवादित लोक आयुक्त (संशोधन) विधेयक और विश्वविद्यालय विधि (संशोधन) विधेयक समेत कुल 11 विधेयकों को राज्यपाल की मंजूरी के लिए भेजा गया था।

हालांकि, खान ने बार-बार यह स्पष्ट किया था कि वह इन दो विवादित विधेयकों पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे। अन्य चार विधेयकों पर भी फैसला लंबित है। राजभवन में अप्रत्याशित संवाददाता सम्मेलन करने के दो दिन बाद राज्यपाल का यह कदम सामने आया है। इस संवाददाता सम्मेलन में राज्यपाल ने कन्नूर विश्वविद्यालय में 2019 में उनके साथ हुई कथित धक्का-मुक्की का वीडियो और विश्वविद्यालय के मामलों में दखल के संबंध में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन द्वारा लिखे गए पत्रों को जारी किया था।    

कुर्मी समुदाय का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी, ट्रेनें रद्द

कुर्मी समुदाय का आंदोलन बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी बंगाल समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में जारी रहा। ये आंदोलन कुर्मी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने और कुरमाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर किया जा रहा है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रेल पटरियों को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे बंगाल, झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों में ट्रेन सेवाएं दूसरे दिन सुबह से ही बाधित रहीं। 

प्रदर्शनकारियों ने बंगाल के पुरुलिया व पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में भी विभिन्न स्टेशनों पर रेल पटरियों को अवरुद्ध कर दिया है। इस कारण आवागमन बाधित है। दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) के मुताबिक खड़गपुर, आद्रा व चक्रधरपुर मंडलों में प्रदर्शनकारी कई स्थानों पर रेल पटरियों पर सुबह से ही धरना दे रहे हैं। इससे लगातार दूसरे दिन कई ट्रेनों को रद्द, शार्ट टर्मिनेशन और डायवर्जन (मार्ग परिवर्तन) करना पड़ा है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed