{"_id":"6a15925363d6da2acd029fd6","slug":"bengal-cm-suvendu-urges-swift-deportation-of-illegal-bangladeshis-gathered-at-hakimpur-border-point-2026-05-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"'जल्दी-जल्दी भागो, नहीं तो...': CM शुभेंदु ने अवैध बांग्लादेशियों को दी चेतावनी, अधिकारियों को भी दिए निर्देश","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
'जल्दी-जल्दी भागो, नहीं तो...': CM शुभेंदु ने अवैध बांग्लादेशियों को दी चेतावनी, अधिकारियों को भी दिए निर्देश
पीटीआई, कोलकाता
Published by: Rahul Kumar
Updated Tue, 26 May 2026 06:00 PM IST
विज्ञापन
सार
पश्चिम बंगाल के हाकिमपुर बॉर्डर पर घुसपैठियों के खिलाफ सख्ती के बाद हलचल बढ़ गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि सीमा चौकी पर मौजूद बांग्लादेशी अपने देश लौटने के इच्छुक हैं। डिपोर्टेशन नीति और प्रशासनिक कार्रवाई के चलते कथित बांग्लादेशी नागरिकों की वापसी की प्रक्रिया तेज हो गई है।
शुभेंदु अधिकारी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल
- फोटो : Amar Ujala Graphics
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को दावा किया कि उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट उपखंड स्थित हाकिमपुर सीमा चौकी पर बड़ी संख्या में कथित अवैध बांग्लादेशी नागरिक जमा हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से अवैध बांग्लादेशी नागरिक के निर्वासन की प्रक्रिया तेज करने और जल्द से जल्द इन्हें वापस भेजने की अपील की।
उत्तर 24 परगना जिलों के अधिकारियों के साथ हुई प्रशासनिक बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि सीमा चौकी पर मौजूद बांग्लादेशी अपने देश लौटने के इच्छुक हैं। उन्होंने कहा, जल्दी-जल्दी भागो, नहीं तो जो करना है सरकार करेगी। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सीमा चौकी पर मौजूद लोगों को जल्द उनके देश वापस भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि हम उन्हें जेलों में रखकर खिलाना-पिलाना नहीं चाहते और न ही उन पर जनता का पैसा बर्बाद करना चाहते हैं। इससे भारतीयों को नुकसान हो रहा है, खासकर पश्चिम बंगाल में। कानून तो था, लेकिन कुछ लोगों ने वोट बैंक की राजनीति के चलते उसका इस्तेमाल नहीं किया। हम वोट बैंक की राजनीति से ऊपर उठकर देश और राज्य के हित में इस कानून को लागू करेंगे।
Trending Videos
घुसपैठ पर 'डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट' नीति का जिक्र
शुभेंदु अधिकारी ने हाल ही में घोषित अपनी सख्त नीति 'डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट' का भी उल्लेख किया। इसके तहत अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें सीमा पार वापस भेजने की बात कही गई है। राज्य सरकार ने सभी जिलों में होल्डिंग सेंटर स्थापित किए हैं, जहां पकड़े गए विदेशी नागरिकों और रिहा किए गए विदेशी कैदियों को डिपोर्टेशन प्रक्रिया पूरी होने तक रखा जाता है।
हाकिमपुर बॉर्डर पर लौटने लगे लोग
बंगाल सरकार द्वारा कथित अवैध घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जिला स्तर पर होल्डिंग सेंटर स्थापित करने के फैसले के बाद सीमा क्षेत्रों में नई हलचल देखने को मिल रही है। हाकिमपुर चेकपोस्ट पर बड़ी संख्या में कथित बांग्लादेशी नागरिक अपने देश लौटने के लिए जुटते नजर आए। सीमा पर बीते दो दिनों में 100 से अधिक लोगों के पहुंचने की सूचना है। इनमें पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
सीमा पर फिर दिखी पुरानी तस्वीर
उत्तर 24 परगना जिले के बसीरहाट उपखंड स्थित हाकिमपुर बॉर्डर पर मंगलवार को फिर वही दृश्य देखने को मिला, जब लोग बैग, बिस्तर और घरेलू सामान के साथ सीमा पर इकट्ठा हुए। कई परिवार अस्थायी शरण में बैठे नजर आए, जो अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। यह दृश्य पिछले साल की उस स्थिति की याद दिलाता है जब विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान इसी तरह की भीड़ सीमा पर देखी गई थी।
मुर्शिदाबाद में बनाए गए होल्डिंग सेंटर में तीन कथित बांग्लादेशी नागरिक रखे गए
मुर्शिदाबाद जिले में नवस्थापित होल्डिंग सेंटर में तीन संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को रखा गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। यह राज्य में अवैध विदेशी नागरिकों के लिए बनाए गए नए ढांचे के तहत पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस ने बताया कि होल्डिंग सेंटर में चौबीसों घंटे सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। मामले से जुड़ी जानकारी राज्य गृह विभाग को भेज दी गई है।