Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Birbhum Encounter Sparks Political Row in Bengal, BJP Defends Police Action, Opposition Raises Questions

'बंगाल को एनकाउंटर स्टेट न बनाएं': रतन शेख की मौत पर विपक्ष का सवाल, भाजपा बोली- अपराधियों को बख्शेंगे नहीं

Mon, 16 Nov 2026 03:48 PM IST
शिवम गर्ग पीटीआई, कोलकाता
पीटीआई, कोलकाता Published by: शिवम गर्ग Updated Mon, 16 Nov 2026 03:48 PM IST
सार

पश्चिम बंगाल के बीरभूम में रतन शेख की पुलिस मुठभेड़ में मौत ने कानून-व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया को लेकर नई बहस छेड़ दी है। भाजपा इसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई बता रही है, जबकि विपक्ष सवाल उठा रहा है कि क्या पुलिस को मुठभेड़ में न्याय करने का अधिकार है? आइए, जानते हैं...

विज्ञापन
Birbhum Encounter Sparks Political Row in Bengal, BJP Defends Police Action, Opposition Raises Questions
रतन शेख की मौत पर सियासी घमासान - फोटो : Amar Ujala Graphics

विस्तार

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस मुठभेड़ में रतन शेख की मौत के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। रतन शेख एक पुलिस कांस्टेबल पर गोली चलाने का मुख्य आरोपी था। भाजपा सरकार ने पुलिस की कार्रवाई को सही ठहराया है, जबकि विपक्षी दलों ने मुठभेड़ की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि अपराधियों को सजा देने का अधिकार अदालतों के पास होना चाहिए।

विज्ञापन


सोमवार को बीरभूम के पुलिस अधीक्षक ने दोहराया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में रतन शेख के दो सहयोगियों रमेश लोहार और नूर हुसैन शेख को भी गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन


ईंट भट्ठे पर हथियार बरामद करने गई थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, रतन शेख को रविवार शाम बीरभूम जिले के नानूर स्थित चराकोल गांव के एक ईंट भट्ठे पर ले जाया गया था। पुलिस 13 नवंबर को एक कांस्टेबल पर हुई गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार बरामद करना चाहती थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


बीरभूम के एसपी ने बताया कि जब पुलिसकर्मी पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी शुरू करने वाले थे, तभी रतन शेख ने अचानक कई राउंड गोलियां चला दीं। गोलियां पुलिस की गाड़ी में लगीं। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। रतन शेख के शरीर में तीन गोलियां लगी थीं। उसे नानूर के स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी के अनुसार, रतन शेख के खिलाफ 36 मामले दर्ज थे, जबकि उसके सहयोगी रमेश लोहार के खिलाफ 17 से 18 मामले दर्ज थे। इनमें लूटपाट और अवैध हथियारों से जुड़े मामले शामिल हैं।

भाजपा नेताओं ने पुलिस कार्रवाई का किया समर्थन
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि राज्य में अपराधियों, दुष्कर्मियों और अवैध हथियार रखने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने रविवार को कहा था कि अगर कोई पुलिस पर गोली चलाता है तो क्या पुलिस उसे मिठाई खिलाएगी? पुलिस को जवाब देने की पूरी छूट दी गई है। अगर कोई पुलिसकर्मी पर हमला करता है तो पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी इस कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अब तक मुठभेड़ में मारे गए लोग या तो दुष्कर्मी थे या फिर ऐसे अपराधी थे, जिन्हें कानून का कोई डर नहीं था। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसी मुठभेड़ हो सकती हैं। उनके मुताबिक, पिछली सरकार के दौरान बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई थी और अपराधियों के मन में पुलिस का डर खत्म हो गया था। राज्य मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने भी पुलिस का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार पुलिसकर्मियों पर हमले बर्दाश्त नहीं करेगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

टीएमसी, माकपा और कांग्रेस ने उठाए सवाल
दूसरी ओर, विपक्षी दलों ने मुठभेड़ को लेकर सरकार को घेरा है। टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने अपराधियों को कड़ी सजा देने की मांग की, लेकिन सवाल उठाया कि क्या पुलिस को खुद ही न्याय करने की जिम्मेदारी ले लेनी चाहिए? उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा जरूर मिलनी चाहिए, लेकिन यह भी तय होना चाहिए कि सजा कौन देगा और किस प्रक्रिया के तहत दी जाएगी।

माकपा नेता सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि अदालतों के बजाय सरकार को न्याय देने की जिम्मेदारी सौंपना खतरनाक परंपरा शुरू कर सकता है। कांग्रेस प्रवक्ता सुमन रॉय चौधरी ने कहा कि अपराधियों को पारदर्शी जांच के बाद अदालत के सामने पेश किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि बंगाल को एनकाउंटर स्टेट नहीं बनना चाहिए।

कांस्टेबल पर गोली चलाने के बाद शुरू हुई थी तलाश
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को शांतिनिकेतन में हुई गोलीबारी के दौरान कांस्टेबल बिस्वजीत दास के पैर में गोली लगी थी। उन्हें पहले बोलपुर सब-डिविजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें बर्दवान मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया। इसके बाद उन्हें कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां उनकी सर्जरी होने की संभावना है।


एसपी ने बताया कि पुलिस को रविवार को सूचना मिली थी कि रतन शेख बर्दवान जिले में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने छापा मारकर उसे दोपहर के आसपास गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने ईंट भट्ठे पर हथियार छिपाने की बात बताई थी। पुलिस उसी हथियार को बरामद करने के लिए उसे वहां लेकर गई थी। एसपी ने बताया कि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सोमवार को फॉरेंसिक टीम ईंट भट्ठे की जांच करेगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्हें सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed