'द कश्मीर फाइल्स': कश्मीरी पंडितों के पलायन पर केरल कांग्रेस के बयान से भाजपा नाराज, कहा- उनकी मानसिकता विकृत
भाजपा नेता केजे अल्फोंस ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की केरल इकाई ने कश्मीरी पंडितों के पलायन को लेकर ऐसा बयान दिया है जो पार्टी की विकृत मानसिकता को दर्शाता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
'द कश्मीर फाइल्स' मूवी के रिलीज होने के बाद से कश्मीरी पंडितों के पलायन का मुद्दा एक बार फिर गर्म हो गया है। केरल कांग्रेस ने इस मूवी को लेकर एक के बाद एक कई ट्वीट करके विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने कश्मीर से हिंदुओं के पलायन को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। इसके बाद भाजपा नेता केजे अल्फोंस ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की केरल इकाई ने कश्मीरी पंडितों के पलायन को लेकर ऐसा बयान दिया है जो पार्टी की विकृत मानसिकता को दर्शाता है। अल्फोंस ने आगे कहा कि हर कोई जानता है कि कांग्रेस या वहां उसकी समर्थित सरकारों द्वारा लगभग डेढ़ लाख कश्मीरी पंडितों को धार्मिक आधार पर बाहर कर दिया गया।
दरअसल, कांग्रेस की केरल इकाई ने ट्वीट कर दावा किया था कि 1990 से 2007 के दौरान पंडितों की तुलना में अधिक मुस्लिम मारे गए थे। विवाद बढ़ने के बाद इस ट्वीट को कांग्रेस द्वारा हटा दिया गया है। इसी ट्वीट पर भाजपा नेता केजे अल्फोंस ने पलटवार किया।
भाजपा नेता ने कहा कि घाटी में कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी थी, जिसमें कश्मीरी पंडित नहीं रह सकते थे। वहां उनका नरसंहार किया गया, जिससे बाकी हिंदुओं के मन में डर व्याप्त हो गया और वे वहां से चले गए। भाजपा सरकार द्वारा धारा 370 खत्म करने के बाद स्थिति में नाटकीय रूप से सुधार हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस इतिहास को नहीं समझती है।
इसी बीच केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता जितेंद्र सिंह ने कहा कि केरल इकाई के ट्वीट कांग्रेस की मूर्खता को छिपाने के लिए इतिहास को विकृत करने का प्रयास मात्र थे। उन्होंने कहा कि इतिहास को तोड़-मरोड़कर अपनी भूलों को छिपाने में कांग्रेस लगी हुई है। इतिहास गवाह है कि कश्मीर से हिंदुओं का पलायन नेहरूवादी भूलों का परिणाम है, जिसे अब किसी तरह कांग्रेस छिपाना चाहती है।
कांग्रेस ने ट्वीट की जानकारी होने से किया इनकार
केरल में विपक्ष के नेता वीडी सतीसन ने सोमवार को कहा है कि उनकी पार्टी को फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' को लेकर किए गए ट्वीट के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि वह मामले की जांच करेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। केरल कांग्रेस या केरल में यूडीएफ ने कभी किसी मंच पर इससे संबंधित कोई चर्चा नहीं की है। उन्होंने कहा कि संबंधित अथारिटी से इसकी जांच कराई जाएगी और कार्रवाई भी की जाएगी।