CISF: डीजी प्रवीर रंजन ने किया एआईजी जय प्रकाश आजाद की किताब 'होगी जय..हे पुरुषोत्तम नवीन!' का विमोचन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एआईजी (प्रशासन) जय प्रकाश आजाद द्वारा रचित प्रेरणादायक पुस्तक 'होगी जय... हे पुरुषोत्तम नवीन!' का सोमवार को बल मुख्यालय में डीजी प्रवीर रंजन द्वारा विमोचन किया गया। महाकवि निराला की प्रसिद्ध कविता 'राम की शक्ति पूजा' से गहन प्रेरणा लेकर लिखी गई यह पुस्तक आधुनिक जीवन की चुनौतियों, निरंतर संघर्षों और क्षणिक निराशाओं के बीच व्यक्ति को आत्मविश्वास, धैर्य तथा कर्म के सकारात्मक मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रबल प्रेरणा प्रदान करती है। श्रीराम के अदम्य साहस, शक्ति पूजा और अंतिम विजय के माध्यम से पुस्तक हर व्यक्ति के भीतर छिपी पुरुषोत्तम की संभावनाओं को जगाती है। उन्हें अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने के लिए प्रेरित करती है।
लेखक जय प्रकाश आजाद ने स्पष्ट रूप से उल्लेख किया है कि यह पुस्तक रामायण का पुनर्लेखन नहीं है, बल्कि श्रीराम के जीवन, संघर्ष, धैर्य और कर्मयोग से सीख लेकर आज की युवा पीढ़ी को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करने का सार्थक प्रयास है। पुस्तक में लेखक ने अपने व्यक्तिगत अनुभवों को भी साझा किया है, जिससे यह और अधिक जीवंत, वास्तविक तथा पाठकों के निकट प्रतीत होती है। सरल, सहज और अत्यंत प्रेरक भाषा शैली में लिखी गई यह पुस्तक युवाओं सहित सभी वर्ग के पाठकों के लिए आत्मविश्लेषण, आत्मविश्वास निर्माण और जीवन प्रबंधन का एक उत्कृष्ट मार्गदर्शक सिद्ध होने वाली है।
जीवन की बाधाओं को पार करने का संदेश...
डीजी प्रवीर रंजन ने कहा, मौजूदा समय के तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण समय में युवाओं एवं फोर्स पर्सनल के लिए एक प्रेरणादायी मार्गदर्शक है। यह पुस्तक आंतरिक शक्ति, सकारात्मक सोच, धैर्य और निरंतर कर्म के माध्यम से जीवन की बाधाओं को पार करने का संदेश देती है। महाकवि निराला की रचना 'राम की शक्ति पूजा' से प्रेरित यह कृति हर व्यक्ति के भीतर छिपे 'पुरुषोत्तम' को जागृत करने की प्रेरणा देती है। हर व्यक्ति ईश्वर की अनुपम रचना है। सफलता किसी विशेष वर्ग का अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का जन्मसिद्ध अधिकार है।
सीआईएसएफ के दो अफसर होंगे सेवानिवृत्त...
सीआईएसएफ के आईजी शिखर सहाय और डीआईजी दिग्विजय सिंह 31 मई को रिटायर हो रहे हैं। सहाय, एनईएस-II (कोलकाता) में तैनात हैं, जबकि दिग्विजय सिंह, पश्चिमी मुख्यालय मुंबई में कार्यरत हैं। सीआईएसएफ महानिदेशक प्रवीर रंजन ने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की लंबी सेवा की सराहना की।