TN: चुनाव से पहले तमिलनाडु सरकार की महिलाओं को बड़ी सौगात, 1.31 करोड़ लाभार्थियों को भेजे 5000-5000 रुपये
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कलाइग्नार महिला पात्रता योजना के तहत 1.31 करोड़ महिलाओं के खातों में ₹5,000 ट्रांसफर करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि डीएमके के दोबारा सत्ता में आने पर मासिक सहायता ₹1,000 से बढ़ाकर ₹2,000 कर दी जाएगी।
विस्तार
तमिलनाडु सरकार ने राज्य की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घोषणा की कि राज्य सरकार की कलाइग्नार महिला पात्रता योजना के तहत 1.31 करोड़ महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹5,000 की राशि जमा कर दी गई है।
स्टालिन के वीडियो संदेश में क्या?
स्टालिन ने एक वीडियो संदेश में कहा कि यह राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की गई है और महिलाओं को शुक्रवार सुबह तक यह रकम मिल जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों का हवाला देकर योजना को रोकने की कोशिशों की आशंका के मद्देनजर यह फैसला लिया गया है।
तीन महीने की अग्रिम राशि दी गई
मुख्यमंत्री के अनुसार, महिलाओं को मिलने वाली मासिक वित्तीय सहायता बाधित न हो, इसलिए फरवरी से तीन महीने की अग्रिम राशि के रूप में यह रकम दी गई है। साथ ही, गर्मी के खर्चों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सहायता भी शामिल की गई है।
सीएम का चुनाव को लेकर बड़ा एलान
उन्होंने यह भी एलान किया कि अगर आगामी विधानसभा चुनाव में द्रमुक (DMK) दोबारा सत्ता में आती है, तो वर्तमान ₹1,000 की मासिक सहायता राशि को बढ़ाकर ₹2,000 कर दिया जाएगा। स्टालिन ने महिला लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, दवाइयों और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए समझदारी से करें। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी फिर से सत्ता में वापसी करेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.