सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Corona Virus In India Live Update tuesday Maharashtra Kerala UP Punjab Delhi Lock down In Many Cities

Coronavirus india lockdown live: पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन, अब तक कुल 10 मौतें, 536 संक्रमित

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Priyesh Mishra Updated Wed, 25 Mar 2020 02:05 AM IST
विज्ञापन
सार

वैश्विक महामारी कोरोना से निपटने के लिए पीएम मोदी द्वारा पूरे देश में 21 दिनों तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है। इधर, सुप्रीम कोर्ट ने भी सूचीबद्ध मामलों को कल से सुनने से इनकार कर दिया है। भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 536 हो गई है। एक और व्यक्ति की मौत के साथ देश में मरने वालों की संख्या अब 10 हो गई है। इसके साथ ही केंद्र ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से जरूरत वाले क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाने को कहा है। पढ़िए भारत में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट...

Corona Virus In India Live Update tuesday Maharashtra Kerala UP Punjab Delhi Lock down In Many Cities
कोरोना वायरस के चलते मास्क पहने लोग - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार

केरल में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 402 मामले दर्ज 
केरल में लॉकडाउन के पहले दिन पुलिस ने दिशा निर्देशों का उल्लंघन करने के लिए राज्य भर में 402 मामले दर्ज किए हैं।

आंध्रप्रदेश में एक और कोरोना वायरस पॉजिटिव होने की पुष्टि
आंध्रप्रदेश में स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में एक और कोरोना वायरस पॉजिटिव होने की पुष्टि की है। यह राज्य में 8 वां मामला है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति लंदन से लौटा था और 18 मार्च को चेन्नई पहुंचा फिर वहां से 19 को श्रीकालाहस्ती पहुंचा। कोरोना वायरस से संबंधित कुछ लक्षण विकसित होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

रणदीप सुरजेवाला ने पीएम मोदी से की अपील
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने पीएम मोदी से अपील करते हुए कहा कि हम हाथ जोड़ कर बड़ी विनम्रता से, इस देश के गरीबों, साधारण और मध्यमवर्गीय नौकरीपेशा लोगों की तरफ से मांग करते हैं कि उन्हें अपने हाल पर मत छोड़िए। 21 दिन का लॉकडाउन करिए पर उस 21 दिन के लिए उनकी रोजी-रोटी कैसे चलेगी इसका इंतजाम भी कीजिए l 

विज्ञापन
विज्ञापन


गुजरात में आज दो मामले सामने आए, अब तक कुल 35 हुए संक्रमित
गुजरात के मुख्य सचिव अनिल मुकीम ने जानकारी दी कि गुजरात में आज यानि मंगलवार को 110 सैंपल लिए गए। इनमें से 97 नमूनों का परीक्षण किया गया जिसमें से 2 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने कहा कि दोनों ही लोग राजकोट के रहने वाले हैं। इनमें से एक शख्स पिछले दिनों विदेश की यात्रा कर लौटा है। इस रिपोर्ट के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 35 हो गई हैl
विज्ञापन


गृहमंत्री शाह ने दिया धन्यवाद
गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि मैं सभी डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, पैथोलॉजिस्ट और पुलिस कर्मियों को धन्यवाद देता हूं, जो अपनी जान जोखिम में डालकर दिन-रात कोरोना जैसी महामारी से लड़ रहे हैं। मैं लोगों से भी अपील करता हूं कि इन कठिन समय में उनका साथ दें और उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें।

संक्रमितों की संख्या बढ़कर 536 हुई
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने जानकारी दी है कि देश में अब तक संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 536 हो गई है।

एक महीने का वेतन देंगे वायएसआर कांग्रेस के सांसद
आंध्र प्रदेश में वायएसआर कांग्रेस पार्टी के सांसदों ने अपना एक महीने का वेतन प्रधानमंत्री राहत कोष और एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की मंशा जाहिर की है।

सुप्रीम कोर्ट में भी लॉकडाउन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 दिन के देशव्यापी लॉकडाउन के मद्देनजर सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वह भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कल से पहले सूचीबद्ध मामले को नहीं उठाएगा। ऐसे सभी मामलों को स्थगित कर दिया जाता है। 

सब्जियों, दूध और दवाओं के लिए भी बाहर ना निकलें: योगी
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि मैं उत्तर प्रदेश के 23 करोड़ लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारे पास सब्जियों, दूध, दवाओं आदि जैसी आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार है। आपकी और आपके परिवार की सुरक्षा के लिए आप अपने घरों से बाहर न निकलें और सामाजिक दूरी बनाए रखें।

कल से सब्जियों, दूध, फलों, दवाओं और अन्य आवश्यक वस्तुओं को आपके दरवाजे पर पहुंचाया जाएगा, इसके लिए हमने 10,000 से अधिक वाहनों लगाए हैं। मैं आपसे अपील करता हूं कि आवश्यक वस्तुएं खरीदने के लिए बाजार न जाएं।

टल सकता है जनगणना का पहला चरण
सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राष्ट्रव्यापी पूर्ण तालाबंदी के एलान के बाद एनपीआर और जनगणना का पहला चरण टल सकता है।

आज रात 12 बजे से संपूर्ण लॉकडाउन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि आज रात 12 बजे से पूरे देश में संपूर्ण लॉकडाउन होने जा रहा है। हिंदुस्तान को बचाने के लिए, हिंदुस्तान के हर नागरिक को बचाने के लिए आज रात 12 बजे से, घरों से बाहर निकलने पर पूरी तरह पाबंदी लगाई जा रही है।

यूपी में कोरोना महामारी आपदा घोषित
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने यूपी में कोरोना वायरस महामारी को आपदा के रूप में घोषित करने की अनुमति दे दी।

तेलंगाना में 36 पॉजिटिव मामले
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने बताया कि राज्य में अब तक 36 कोरोना वायरस पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।

कंटेनर में छिपकर जा रहे 70 लोगों को पुलिस ने पकड़ा
कानपुर देहात के रसूलाबाद में आजाद चौक पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने मानेसर गुरुग्राम से आ रहे एक कंटेनर को रोक लिया। तलाशी के दौरान कंटेनर में अलग-अलग जिलों के 70 लोग अंदर भूसे की तरह भरे मिले। कोरोना वायरस से बचाव के कारण बसें और ट्रेनें बंद होने पर यह लोग छिपकर कंटेनर से जा रहे थे।

सरकार ने लोगों को धोखाधड़ी करने वालों से सावधान रहने को कहा
सरकार ने लोगों को धोखेबाजों द्वारा कोरोना वायरस के नाम पर मैलवेयर प्रसारित करके फोन और कंप्यूटर के गोपनीय डेटा चोरी करने के प्रयासों के बारे में आगाह किया है। गृह मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा साइबर अपराधी धन एकत्रित करने के लिए कोरोना वायरस की बढ़ती चिंता का फायदा उठा रहे हैं।

मकान मालिकों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त से बात की और उन मकान मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है जिन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और रोगियों के देखभाल करने वालों से मकान खाली करने के लिए कहा है। एम्स के डॉक्टर एस राजकुमार टी ने बताया कि गृह मंत्री शाह ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन को फोन किया और आश्वासन दिया कि इस तरह के किसी भी मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और तुरंत कार्रवाई की जाएगी। 

प्रधानमंत्री ने डॉक्टरों के साथ बातचीत की
कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए डॉक्टरों से बातचीत की। डॉक्टरों के अलावा चिकित्सा जगत से जुड़े लोगो ने भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक में भाग लिया।



डॉक्टरों के साथ बुरा बर्ताव दुखद: हर्षवर्धन
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने इस बात पर नाखुशी जाहिर की है कि कई शहरो में डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ के साथ बुरा बर्ताव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली, नोएडा, वारंगल, चेन्नई आदि से आ रही खबरों को देखकर पीड़ा हुई कि आवासीय परिसरों और समाज में डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ का बहिष्कार किया जा रहा है। मकान मालिक कोरोना संक्रमण के डर से उन्हें बेदखल करने की धमकी दे रहे हैं। हर्षवर्धन कहा कि कृपया घबराएं नहीं।

संक्रमित मरीजों की संख्या 519 हुई

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार को कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 519 हो गई है। इनमें 43 विदेशी नागरिक हैं। कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र है जहां मरीजों की संख्या 107 हो गई है। वहीं केरल में 89 संक्रमित मरीज हैं। 


महाराष्ट्र से गुड न्यूज
कोरोना को लेकर दहशत के बीच महाराष्ट्र से अच्छी खबर आई है। राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित 12 मरीज इलाज के बाद ठीक हो गए हैं। हालांकि राज्य में मंगलवार को छह और मामले सामने आने के बाद राज्य में अब तक कोरोना के मरीजों की कुल संख्या 107 हो चुकी है। 

94000 एनआरआई पंजाब लौटे, 30000 लोग आइसोलेट
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बताया कि पिछले दिनों पंजाब में 94000 एनआरआई लौट कर आए। इनमें से ज्यादातर को ट्रैक कर लिया गया है। इस समय 30000 एनआरआई आइसोलेट हैं। उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। बाकी की पहचान भी जल्दी कर ली जाएगी। 

केंद्रीय कैबिनेट सचिव ने राज्यों को लिखा पत्र
केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गाबा ने राज्यों को पत्र लिखकर कोरोना के इलाज के लिए अस्पताल तय करने को कहा। अस्पतालों को पूरी तरह से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, केंद्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों से कहा है कि वे कोविड-19 के कारण उत्पन्न चुनौती से निपटने के लिए अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं जैसे अस्पताल, चिकित्कीय प्रयोगशालाओं, पृथक वार्ड, मौजूदा सुविधाओं के विस्तार और उन्नयन के लिए राजकोषीय संसाधनों का उपयोग करें ।

पिछले 40 घंटों में दिल्ली में कोरोना का नया केस नहीं
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल बताया कि पिछले 40 घंटों में दिल्ली में कोरोना से कोई नया संक्रमित नहीं मिला है। किसी का टेस्ट पॉजिटिव नहीं है। 30 मरीजों में से कुछ मरीज घर चले गए हैं। अभी केवल 23 मरीज हैं। साथ ही केजरीवाल ने बताया कि कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण विनिर्माण कार्यों में लगे मजदूरों की आजीविका प्रभावित हुई है, इसलिए दिल्ली सरकार उन्हें पांच-पांच हजार रुपये देगी। हम मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, हमें एक-दूसरे की मदद करनी होगी।

अब ग्वालियर में मिले दो मरीज, कर्फ्यू की घोषणा
मध्यप्रदेश में लगातार कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। जबलपुर और भोपाल के बाद अब ग्वालियर में दो मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। ग्वालियर कमिश्नर एमवी ओझा ने बताया कि एक मरीज ग्वालियर और एक शिवपुरी का रहने वाला है। इसी बीच, भोपाल और जबलपुर के बाद अब ग्वालियर में भी कर्फ़्यू की घोषणा कर दी गई है।

पुणे के एक लैब ने विकसित की कोरोना वायरस टेस्ट किट, कीमत 80,000
महाराष्ट्र के पुणे स्थित मायलैब डिस्कवरी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड ने भारत की पहली स्वदेशी कोरोना वायरस टेस्ट किट विकसित की है, जिसे भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) द्वारा अनुमोदित किया गया है। इस एक किट की कीमत 80,000 रुपये है। यह किट और 100 रोगियों का टेस्ट कर सकती है।
 

लॉकडाउन के बीच निकाह का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग
बिहार में लॉकडाउन के चलते एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। राज्य में लॉकडाउन के बीच सोमवार को पटना में एक जोड़े की 'निकाह' का प्रदर्शन लोग वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देख रहे हैं।

उत्तराखंड सभी अधीनस्थ न्यायालय 26 मार्च से 4 अप्रैल तक बंद
उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने कहा है कि हम राज्य के सभी अधीनस्थ न्यायालयों को 26 मार्च से 4 अप्रैल तक बंद करने का फैसला किया है। महत्वपूर्ण और खास जरूरी मामलों में जिला न्यायाधीश यह तय करेंगे कि यह जरूरी है या नहीं। उसके मुताबिक कुछ कार्रवाई करेंगे और वो भी सुविधा के मुताबिक।

हिमाचल में आज से कर्फ्यू
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के प्रकोपों के चलते आज शाम 5 बजे से अगले आदेश तक पूरे राज्य में कर्फ्यू लगाने का फैसला किया हैः CMO

पंजाब के जालंधर में तीन और नए मामले
पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर शहर में कोरोना वायरस के तीन और नए मामले सामने आए हैः स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू

महाराष्ट्र में संक्रमितों की संख्या 106 पहुंची
महाराष्ट्र में कोरोनो वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। राज्य में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि इस वायरस के संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 106 हो गई है। मंगलवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इस बात की जानकारी दी।
पेट्रोलियम प्रॉडक्ट्स की सप्लाई पर समीक्षा 
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर्स से की मुलाकात कर पेट्रोलियम प्रॉडक्ट्स की सप्लाई की पर समीक्षा की।

पश्चिम बंगाल 31 मार्च तक लॉकडाउन
कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में आज शाम 5 बजे से 31 मार्च तक लॉकडाउन करने की घोषणा की है।  
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मल सीतारमण ने मंगलवार को कहा कि डेबिट कार्ड धारक अगले तीन महीने तक किसी भी बैंक के एटीएम से कैश मुफ्त में निकाल सकते हैं

एनजीटी का राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक महीने के भीतर पर्यावरण निगरानी कोशिकाओं को स्थापित करने का निर्देश देता है, जिससे की ठोस कचरे के प्रबंधन से संबंधित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। 

नोएडा की लॉजिक्स ब्लॉसम आवासीय सोसायटी जब्त
नोएडा के सेक्टर-137 में लॉजिक्स ब्लॉसम आवासीय सोसायटी को 26 मार्च को सुबह 10 बजे तक के लिए सीज कर लिया गया है। क्योंकि यहां कोरोनो वायरस से संक्रमित मरीज के मिलने की खबर है। इस बात की जानकारी गौतमबुद्धनगर के डीएम बीएन सिंह ने दी है।

धारा 144 का उल्लंघन करने के मामले में सात गिरफ्तार
कर्नाटक के मंगलुरु में सीआरपीसी की धारा 144 का उल्लंघन के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बात की पुष्टि पुलिस कमिश्नर पीएस हर्षा ने की।

श्रीनगर में कोरोना से संक्रमित दो और केस
जम्मू और कश्मीर के श्रीनगर में कोरोना वायरस से संक्रमित दो और मरीज मिले हैं, जिनका टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है।  एक व्यक्ति के भारत से बाहर यात्रा करने की पुष्टि हुई है, जबकि दूसरे के बारे में  पता लगाया जा रहा है। इस बात की जानकारी जम्मू और कश्मीर के प्रधान सचिव, योजना रोहित कंसल ने दी है।

कर्नाटक में कोरोना वायरस के चार और मरीज सामने आए
कर्नाटक में आज कोरोना वायरस से चार और संक्रमित मरीज चिन्हित हुए। जिसके बाद उन्हें एकांत वार्ड में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। इसी के साथ कर्नाटक में संक्रमित लोगों की संख्या 38 हो गई है।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने 25 लाख मास्क जब्त किए, चार गिरफ्तार
मुंबई क्राइम ब्रांच ने आज अंधेरी और भिवंडी में गोदामों से 25 लाख मास्क जब्त किए, जिसमें कुल 15 करोड़ रुपये के 3 लाख एन 95 मास्क शामिल हैं। 4 लोगों को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया, जबकि 2 फरार हैं।
 


वित्तमंत्री ने किए कई एलान, आयकर जमा करने की तारीख भी बढ़ाई
वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने कोरोना वायरस से पैदा हुई स्थितियों को देखते हुए कई एलान किए। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2018-19 के लिए इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की आखिरी तारीख 30 जून 2020 कर दी गई है। इसकी ब्याज दर 12 फीसदी से कम होकर नौ फीसदी रहेगी। वहीं आधार से पैन कार्ड को लिंक करने की समयसीमा भी बढ़ाई गई है।

पीएम मोदी ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति के साथ बात की
पीएम मोदी ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने नवरोज अभिवादन का आदान-प्रदान करते हुए कहा कि यह त्योहार दोनों देशों के बीच साझा विरासत और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। दोनों नेताओं ने कोरोना वायरस से उत्पन्न हुई स्थिति की समीक्षा भी की, साथ ही भविष्य में आपसी संबंधों को और मजबूत करने को लेकर बातचीत की।
 


चेन्नई में कोरोना वायरस के तीन नए मामले
तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि चेन्नई में कोरोना वायरस के संक्रमण के तीन नए मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 74 साल का पुरुष और 5 साल की महिला अमेरिका से वापस आए हैं जबकि एक अन्य 25 वर्षीय महिला स्विट्जरलैंड से लौटी है। ये तीनों क्रमश पोरुर, पुरैसिवक्कम, कीलकट्टलाई के निवासी हैं। तीनों संक्रमितों को अलगाव वार्ड में रखा गया है।
 


इग्नू ने बढ़ाया परीक्षा फार्म जमा करने की तिथि, विलंब शुल्क भी किया माफ
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने कोरोना वायरस से पैदा हुए हालात को देखते हुए परीक्षा फार्म को स्वीकार करने की तिथि बिना विलंब शुल्क लिए 30 अप्रैल 2020 तक बढ़ा दी है।
 
श्रम और रोजगार मंत्रालय ने निर्माण श्रमिकों के लिए राज्यों को जारी की एडवाइजरी
श्रम और रोजगार मंत्रालय के संतोष कुमार गंगवार ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को श्रम कल्याण बोर्ड द्वारा एकत्रित उपकर निधि से डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से निर्माण श्रमिकों के खाते में धनराशि स्थानांतरित करने के लिए एक सलाह जारी की है। लगभग 52,000 करोड़ रुपये उपकर निधि के रूप में उपलब्ध है और लगभग 3.5 करोड़ निर्माण श्रमिक इन निर्माण कल्याण बोर्डों के साथ पंजीकृत हैं।
 


गोवा में भी लॉकडाउन 
गोवा में भी आज रात से लॉकडाउन की घोषणा। सीएम प्रमोद सावंत ने किया एलान। बता दें कि सावंत खुद ही कह चुके हैं कि कोरोना के खतरे को आंकने में उन्होंने चूक की है। 

देश का पहला कोविड-19 अस्पताल
महाराष्ट्र में: मुंबई में देश का पहला कोविड-19 अस्पताल। इसे रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बनाया है। राज्य में अब तक 101 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं।   
 

पीएम मोदी ने की प्रिंट मीडिया संस्थान के प्रमुखों से बात
  • पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रिंट मीडिया संस्थान के प्रमुखों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बात की।
  • बता दें कि कल पीएम ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के संपादकों व सीईओ से बात की थी। 
 

रजनीकांत ने दिए 50 लाख रुपये
  • फिल्म अभिनेता रजनीकांत ने इम्प्लोई फेडरेशन ऑफ साउथ इंडिया यूनियन वर्कर्स को 50 लाख रुपये दान किए हैं।
  • कोरोना वायरस के चलते कर्मचारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।  

लापरवाह लोगों पर कार्रवाई 
महाराष्ट्र के नागपुर में पुलिस ने बाहर निकलने वालों की उठक-बैठक लगवाई।
 

सर्बानंद सोनोवाल की स्क्रीनिंग
  • गुवाहाटी: विधानसभा में प्रवेश से पहले असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल की स्क्रीनिंग हुई।
  • असम में आज शाम 6 बजे से 31 मार्च तक लॉकडाउन घोषित हुआ है।  
 

मुंबई में एक की मौत
महाराष्ट्र: मुंबई में कल एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। वह यूएई से लौटा था और कस्तूरबा अस्पताल में भर्ती था।
 

लॉकडाउन का कोई असर नहीं
लॉकडाउन के बावजूद दिल्ली के दरियागंज में सब्जी मार्केट में लॉकडाउन का कोई असर नहीं दिखा। यहां खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।   
 

पीएम आज फिर करेंगे देश को संबोधित
  • पीएम मोदी आज रात 8 बजे फिर देश को संबोधित करेंगे। कोरोना वायरस के खतरे और सावधानियों को लेकर बात करेंगे। 
  • बता दें कि पीएम ने इससे पहले 19 मार्च को भी देश को संबोधित किया था। इस दौरान उन्होंने कोरोना से सावधानी बरतने और इसके खिलाफ लड़ाई में जनता की भागीदारी की अपील की थी।
  • उन्होंने कहा था कि 22 मार्च को देशवासी जनता कर्फ्यू का पालन करें। देशभर में उनकी अपील का व्यापक असर भी नजर आया था।  
राज्यसभा चुनाव स्थगित
निर्वाचन आयोग ने आगामी अप्रैल माह में राज्यसभा की रिक्त हो रही 55 सीटों पर होने वाले चुनाव को कोरोना वायरस के संक्रमण से उपजे संकट को देखते हुए स्थगित कर दिया है। आयोग द्वारा मंगलवार को जारी बयान में इस आशय के फैसले की जानकारी देते हुये बताया गया कि जल्द ही चुनाव की नई तारीख की घोषणा की जाएगी। 25 फरवरी को आयोग द्वारा 17 राज्यों की 55 राज्यसभा सीटों के लिए 26 मार्च को चुनाव कराने की घोषणा की गई थी।

गुजरात में दो नए मामले 
गुजरात में कोरोना वायरस के दो नए मरीज मिले। राज्य में कोरोना के मामले बढ़कर 33 हुए। यहां एक शख्स की मौत भी हो चुकी है। 

कोरोना वायरस के 446  सक्रिय मरीज
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में अभीतक कोरोना वायरस के 446 सक्रिय मरीज, 37 का सफल इलाज हुआ जबकि 9 की मौत हो चुकी है।
 

महाराष्ट्र में 101 पहुंची संख्या 
  • महाराष्ट्र में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्य 101 पहुंची। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पुणे में तीन और सतारा में एक नया केस मिला। 
  • पुणे के एपीएमसी मार्केट में वाहनों और लोगों की आवाजाही जारी रही।


प. बंगाल: जरूरी सामान खरीदने पहुंचे लोग 
प. बंगाल में लॉकडाउन के बीच लोग जरूरी सामान खरीदने मार्केट पहुंचे। यहां कोरोना से एक शख्स की मौत हो चुकी है। यहां 31 मार्च तक लॉकडाउन है।  वहींं, 24 परगना के पानपुर में लोगों पर इसका कोई असर नहीं दिखा। 
 
 

एयरपोर्ट पर कश्मीरी छात्रों ने किया विरोध  
  • कर्नाटक: कश्मीरी छात्रों के ग्रुप ने बंगलूरू एयरपोर्ट पर घरेलू उड़ानें रद्द किए जाने के फैसले का विरोध किया।
  • इनका कहना है कि हमने कश्मीर के लिए 27 व 28 मार्च की टिकट बुक कराई थी, अब उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। अब हम क्या करें?
 

सब्जी लेने उमड़ी भीड़
ये नजारा है यूपी के मुरादाबाद का जहां लॉकडाउन के बावजूद मंडी में सब्जी लेने उमड़े लोग। सरकारी आदेश का यहां कोई असर नहीं दिखा।  
 

कर्फ्यू के बावजूद मॉर्निंग वॉक
  • महाराष्ट्र : कर्फ्यू लगाए जाने के बावजूद नागपुर में लोग मॉर्निंग वॉक के लिए बाहर निकले। 
  • नागपुर को कर्फ्यू लगाए जाने से पहले ही लॉकडाउन घोषित किया जा चुका था। 
  • महाराष्ट्र में तेजी से बढ़ी है कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या 
 

कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में सन्नाटा
दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर में सन्नाटा पसरा हुआ है। राजधानी में 31 मार्च तक आवश्यक सेवाओं में छूट के साथ कर्फ्यू लगाया गया है। 
 

गुजरात में 31 मार्च तक लॉकडाउन, सीमाएं सील
  • गुजरात में कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों के आवागमन को प्रतिबंधित कर दिया गया है।
  • राज्य सरकार ने 31 मार्च तक प्रदेश के सभी जिलों में लॉकडाउन की घोषणा की है।
  • इसके अलावा राज्य की सीमाओं को भी सील कर दिया गया है।
 


एम्स में आज से ओपीडी बंद, किसी भी सेंटर में नहीं हो सकेगा पंजीयन
कोरोना वायरस से निपटने के लिए एम्स प्रबंधन की बैठकें लगातार जारी हैं। सोमवार को निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान ओपीडी पर रोक का फैसला लिया गया। हालांकि सफदरजंग और आरएमएल अस्पताल ने फिलहाल ओपीडी पर रोक नहीं लगाई है।

उत्तराखंड में सीमा सील करने की तैयारी 
उत्तराखंड में लॉकडाउन को और प्रभावी बनाने के लिए सरकार जल्द प्रदेश की सीमाओं को सील कर देगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि इसके बाद प्रदेश से बाहर का व्यक्ति उत्तराखंड नहीं आ सकेगा और न ही प्रदेश से बाहर कोई जा सकेगा।करोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए सरकार जल्द और सख्त कदम उठाएगी। मंत्रिमंडल की बैठक में प्रदेश की सीमाएं सील करने और लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करने पर सरकार फैसला ले सकती है। उन्होंने कहा कि हालांकि आवश्यक सेवाओं की प्रतिपूर्ति के लिए वाहन आ सकेंगे।

गोवा के मुख्यमंत्री को शुरुआत में नहीं था कोरोना के खतरे का अंदाजा
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने माना है कि उन्हें शुरुआत में कोरोना के बढ़ते प्रभाव का अंदाजा नहीं था, लेकिन बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बुलाई गई मुख्यमंत्रियों की वीडियो कांफ्रेंस के बाद उन्हें इसके बारे में पता चला। सावंत, 20 मार्च तक ज़िला पंचायत चुनावों के लिए प्रचार करते हुए, गोवा के कोने-कोने में सभाएं करते रहे, यहां तक कि उनकी सरकार ने एक हफ्ते पहले ही महामारी अधिनियम लागू किया था। उन्हें इसे लेकर आलोचना भी झेलनी पड़ी क्योंकि वे इस विश्वास के साथ बैठकें कर रहे थे कि केवल विदेश से आने वाले लोग ही संक्रमित होते हैं।

शाहीन बाग: 100 दिनों से जारी धरना खत्म, पुलिस ने उखाड़े टेंट, कई हिरासत में
दिल्ली के शाहीन बाग में पिछले 100 दिन से चल रहे नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) के खिलाफ धरने को बलपूर्वक पुलिस ने हटा दिया है। डीसीपी साउथ ईस्ट ने बताया कि शाहीन बाग में धरना स्थल पर लोगों से अनुरोध किया गया था कि वे इसे खत्म कर दें क्योंकि लॉक डाउन की घोषणा की गई है। लेकिन, उनके मना करने के बाद उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई क्योंकि यह धरना गैर-कानूनी था। कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।
 



उत्तराखंड के सभी प्राइवेट अस्पतालों में 25 फीसदी बेड कोरोना मरीजों के लिए आरक्षित
उत्तराखंड सरकार ने राज्य के सभी प्राइवेट मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटलों में जहां 100 से ज्यादा बेड हैं उनको 25 फीसदी बेड कोरोना वायरस के मरीजों के लिए आरक्षित करने का निर्देश जारी किया है।
 



सोशल डिस्टेंसिंग से ला सकते हैं कोरोना पर नियंत्रण : आईसीएमआर
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के एक रिसर्च में सामने आया है कि होम क्वारंटीन जैसे सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का सख्ती से पालन करके कोरोना के असर को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अध्ययन के मुताबिक सख्ती से ऐसा करने से संभावित मामलों की संख्या में 62 फीसदी की कमी आ सकती है और बढ़ते मामलों को 89 फीसदी तक कम किया जा सकता है।

ओडिशा : मुख्यमंत्री पटनायक ने दान किया तीन माह का वेतन
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कोरोना वायरस से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अपना तीन महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान किया है। उन्होंने कहा कि असाधारण परिस्थितियों से असाधारण जवाब देकर ही निपटा जा सकता है। मुख्यमंत्री ने सभी से इसके लिए दान करने की अपील की है।

30 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन
पीआईबी के मुताबिक सोमवार रात तक चंडीगढ़, दिल्ली, गोवा, जम्मू-कश्मीर, नगालैंड, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, लद्दाख, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, त्रिपुरा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, मेघालय, मणिपुर, तमिलनाडु, केरल, हरियाणा, दमनदीव-दादर एवं नगर हवेली, पुड्डूचेरी, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, गुजरात, कर्नाटक और असम पूरी तरह लॉकडाउन रहेंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा और लक्षद्वीप में आंशिक बंदी रहेगी।

भोपाल और जबलपुर में आज से कर्फ्यू
मध्यप्रदेश के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य की राजधानी भोपाल और जबलपुर में आज यानी कि मंगलवार से कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा, लोगों को राज्य के 36 जिलों में लगाए गए लॉकडाउन का सख्ती से पालन करना चाहिए। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वह हम सभी की सुरक्षा के लिए घर पर ही रहें। आपातकालीन और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

कोलकाता में 255 और ओडिशा में एक गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में कोरोना वायरस को लेकर लगाए गए भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत प्रतिबंध के आदेश का उल्लंघन करने और मुकदमा चलाने के लिए 255 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कोलकाता के पुलिस आयुक्त अनुज शर्मा ने सभी नागरिकों से अपील की कि वह घर पर रहें और प्रशासन का सहयोग करें। वहीं, ओडिशा के संबलपुर में क्वारंटीन के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ओडिशा पुलिस के पीआरओ ने बताया कि उक्त व्यक्ति हाल ही में उजबेकिस्तान से लौटा है।

शिवराज सिंह ने की उच्च स्तरीय बैठक
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में कोरोना वायरस से निपटने की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

मलयेशिया से लाए गए 113 भारतीय
एयर एशिया की एक विशेष उड़ान द्वारा एक महिला समेत 113 लोगों को मलयेशिया से वापस लाया गया। चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरे इस विमान के सभी यात्रियों को भारतीय वायुसेना के तंबरम एयर फोर्स स्टेशन पर क्वारंटीन के लिए ले जाया गया है।  


महाराष्ट्र से गुड न्यूज

Corona Virus In India Live Update : वैश्विक महामारी कोरोना से निपटने के लिए 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने 31 मार्च तक पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की गई है। इधर, सुप्रीम कोर्ट ने भी सूचीबद्ध मामलों को कल से सुनने से इनकार कर दिया है। भारत में कोरोना वायरस के मामलों की संख्या 536 हो गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed