फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   ED Attaches Assets Worth ₹3.72 Crore in International Cyber Fraud Case Involving Fake Call Centres

धोखाधड़ी: ब्रिटेन के नागरिकों को फर्जी कॉल सेंटर से लगाया करोड़ों का चूना, बीटी ओपनरीच का प्रतिनिधि बताकर ठगा

Fri, 23 Oct 2026 08:01 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला
डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Fri, 23 Oct 2026 08:01 PM IST
सार

ईडी ने ब्रिटेन के नागरिकों से कथित साइबर ठगी के मामले में 3.72 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क की हैं। जांच के मुताबिक, फर्जी कॉल सेंटरों के कर्मचारी खुद को बीटी ओपनरीच का प्रतिनिधि बताकर बुजुर्गों को निशाना बनाते थे। लेकिन इंटरनेट की स्पीड बढ़ाने के बहाने ठगी कैसे होती थी? सात करोड़ रुपये की कथित कमाई कहां भेजी गई? क्या जांच में पूरे नेटवर्क का खुलासा होगा? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
ED Attaches Assets Worth ₹3.72 Crore in International Cyber Fraud Case Involving Fake Call Centres
फर्जी कॉल सेंटरों में कैसे बनाई जाती थी ठगी की योजना? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

भारत में चल रहे कथित फर्जी कॉल सेंटरों के जरिए ब्रिटेन के नागरिकों, खासकर बुजुर्गों को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस मामले में करीब 3.72 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। जांच के मुताबिक, आरोपियों के कॉल सेंटरों में काम करने वाले कर्मचारी खुद को ब्रिटेन की कंपनी बीटी ओपनरीच का प्रतिनिधि बताते थे। इंटरनेट की स्पीड बढ़ाने के बहाने लोगों के कंप्यूटर और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बनाई जाती थी। इसके बाद उन्हें डराकर आरोपियों के बताए बैंक खातों में पैसे भेजने के लिए राजी किया जाता था।

विज्ञापन


ईडी ने किस मामले में 3.72 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की?
ईडी के प्रयागराज स्थित इलाहाबाद उप-क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 के तहत अनंतिम कुर्की आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई अनिक दत्ता और अन्य आरोपियों के खिलाफ चल रही अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी की जांच के तहत की गई। जांच उत्तर प्रदेश के गोरखपुर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर और दाखिल आरोपपत्र के आधार पर शुरू हुई थी। मामले में अनिक दत्ता, आकाश गुप्ता, आदित्य कुमार मिश्रा और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, 1860 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किए गए थे। ईडी के मुताबिक, कथित ठगी से हासिल रकम से बनाई गई संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।
विज्ञापन


फर्जी कॉल सेंटरों में कैसे बनाई जाती थी ठगी की योजना?
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रांची की ग्लोबर्ड कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड और बाद में गोरखपुर की जुबिलेट इंफो प्राइवेट लिमिटेड के जरिए कथित फर्जी कॉल सेंटर चलाए। इन केंद्रों में कर्मचारियों को खास तरीके से प्रशिक्षित किया जाता था। उन्हें ब्रिटेन के नागरिकों को फोन करके खुद को बीटी ओपनरीच का प्रतिनिधि बताना होता था। इसके लिए वे फर्जी विदेशी नामों का इस्तेमाल करते थे। उनका मुख्य निशाना बुजुर्ग नागरिक होते थे। फोन पर कर्मचारियों की कोशिश लोगों को यह भरोसा दिलाने की होती थी कि वे उनकी इंटरनेट सेवा से जुड़ी समस्या ठीक कर सकते हैं। इसी बहाने वे पीड़ितों के कंप्यूटर और दूसरी डिजिटल जानकारियों तक पहुंच बनाने की कोशिश करते थे।
विज्ञापन
विज्ञापन


इंटरनेट की स्पीड बढ़ाने के बहाने लोगों से पैसे कैसे ऐंठे जाते थे?
आरोपी पीड़ितों से कहते थे कि इंटरनेट की स्पीड बढ़ाने या कनेक्शन ठीक करने के लिए उन्हें कुछ सॉफ्टवेयर डाउनलोड करने होंगे। इसके लिए लोगों को एनीडेस्क और क्विक असिस्ट जैसे रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करने के लिए राजी किया जाता था। इन सॉफ्टवेयर की मदद से दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर या डिवाइस तक दूर से पहुंच बनाई जा सकती है। जांच के अनुसार, आरोपियों ने इसी तरीके से पीड़ितों के डिवाइस और बैंकिंग विवरणों तक पहुंच हासिल की। इसके बाद उन्हें बताया जाता था कि उनके इंटरनेट कनेक्शन पर साइबर हमला हुआ है और इस संबंध में ब्रिटेन की एक्शन फ्रॉड सेवा में मामला दर्ज किया गया है। इस कहानी के जरिए पीड़ितों को डराया जाता था।

एक्शन फ्रॉड के अधिकारी बनकर पीड़ितों को कैसे फंसाया जाता था?
जांच के मुताबिक, ठगी के अगले चरण में वरिष्ठ पर्यवेक्षक कथित तौर पर एक्शन फ्रॉड के अधिकारी बनकर पीड़ितों से बात करते थे। वे लोगों को भरोसा दिलाते थे कि उनके बैंक खातों या इंटरनेट कनेक्शन से जुड़ा मामला गंभीर है। इसके बाद पीड़ितों को आरोपियों की ओर से बताए गए बैंक खातों में पैसे भेजने के लिए उकसाया जाता था। इस तरह हासिल रकम को छिपाने और अलग-अलग जगह पहुंचाने के लिए वेस्टर्न यूनियन और मनीग्राम जैसी अंतरराष्ट्रीय मनी ट्रांसफर सेवाओं का इस्तेमाल किया गया। ईडी के मुताबिक, रकम को हवाला चैनलों के जरिए भारत, बांग्लादेश और थाईलैंड भी भेजा गया। इस तरीके से कथित साइबर ठगी की रकम को दूसरे देशों तक पहुंचाया जाता था।


ठगी की रकम से कौन-सी संपत्तियां बनाई गईं?
ईडी की जांच के अनुसार, अनिक दत्ता ने एक अन्य आरोपी के साथ मिलकर करीब सात करोड़ रुपये की कथित अवैध कमाई की। इस मामले में करीब 3.72 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया गया है। इनमें कोलकाता में एक प्लॉट और एक फ्लैट, बैंक खातों में जमा रकम और बीमा पॉलिसियां शामिल हैं। कुर्की का मतलब है कि संबंधित संपत्तियों को जांच के दौरान अस्थायी रूप से जब्त करने की कार्रवाई की गई है, ताकि उन्हें बेचने या दूसरी तरह से ठिकाने लगाने पर रोक लगाई जा सके। ईडी अब मामले में पैसों के लेनदेन और कथित अपराध से अर्जित संपत्तियों की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed