फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   First day of Parliament session: Rajnath singh is number two in government

लोकसभा: मोदी के बगल में राजनाथ, सुषमा की जगह शाह, जानिए किसको मिली किसकी कुर्सी

Mon, 17 Jun 2019 03:52 PM IST
शिल्पा ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: शिल्पा ठाकुर Updated Mon, 17 Jun 2019 03:52 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
First day of Parliament session: Rajnath singh is number two in government
पीएम सहित नवनिर्वाचित सदस्यों ने सदस्यता की शपथ ली - फोटो : social media

सोमवार को सत्रहवीं लोकसभा के पहले सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित नवनिर्वाचित सदस्यों ने सदस्यता की शपथ ली। शपथ लेने के लिए जैसे ही प्रधानमंत्री का नाम पुकारा गया सदस्यों ने मेजें थपथपाकर उनका स्वागत किया। जबकि भाजपा के कई सदस्यों ने 'मोदी...मोदी' और 'भारत माता की जय" के नारे लगाए।


loader

प्रधानमंत्री मोदी ने सदन के नेता होने के कारण सबसे पहले शपथ ली। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, रसायन एवं उर्वरक मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा, मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने भी शपथ ली। इससे पहले कार्यवाहक अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ने पीठासीन अध्यक्षों के पैनल की घोषणा की जिनमें के सुरेश, ब्रजभूषण शरण सिंह एवं बी महताब शामिल हैं।

इस दौरान हर किसी की नजर इस बात पर थी कि कौन किस सीट पर बैठेगा। लोगों में इस बात को जानने को लेकर भी उत्सुकता थी कि 'सरकार में नंबर दो पर कौन होगा'। पहली सीट पर सदन के नेता के तौर पर प्रधानमंत्री मोदी बैठे थे। उनके बाद राजनाथ सिंह और फिर अमित शाह का स्थान है। 

नंबर दो पर राजनाथ क्यों?

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लोकसभा में भाजपा के उपनेता हैं। प्रधानमंत्री मोदी सदन के नेता हैं। इसी से पता चलता है कि राजनाथ सिंह सदन में नंबर दो पर हैं। जिस वजह से वह प्रधानमंत्री मोदी के बगल में बैठेंगे। इससे पिछले सदन में भी वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ ही बैठे थे। बता दें जब राजनाथ सिंह को गृह मंत्री की बजाय रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, तो इस बात की राजनीतिक चर्चा हुई कि उनका कद नंबर दो से हटाकर तीन कर दिया गया है।

कौन किसकी सीट पर?

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह सत्तापक्ष की पहली लाइन में राजनाथ सिंह के बगल में बैठे। पहले इस सीट पर तत्कालीन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज बैठती थीं। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की सीट पर थावरचंद गहलोत बैठेंगे।

इनके अलावा पहली लाइन में नितिन गडकरी, सदानंद गौड़ा, रविशंकर प्रसाद, नरेंद्र सिंह तोमर और हरसिमरत कौर दिखीं। फिर रामविलास पासवान भी दिखे, हालांकि वह इस बार लोकसभा सांसद नहीं हैं। वह मंत्री होने के नाते सदन में बैठेंगे। 

सदन में लगे जयश्रीराम के नारे

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम शपथ के लिए पुकारे जाने के बाद भाजपा के कई सदस्यों ने जोरदार ढंग से मेजें थपथपाईं। दरअसल, ईरानी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अमेठी से हराकर लोकसभा पहुंची हैं।

पश्चिम बंगाल कोटे से मंत्रियों बाबुल सुप्रियो और देबश्री चौधरी के नाम शपथ के लिए पुकारे जाने के बाद भाजपा सदस्यों ने ‘जयश्री राम’ के नारे लगाए। गौरतलब है कि पिछले दिनों पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने ‘जयश्रीराम‘ के नारे लगाए थे जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई थी।

मंत्रियों का नाम शपथ के लिए पुकारे जाने के दौरान लोकसभा महासचिव ने एक बार भूलवश केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नाम पुकारा, जबकि वह सदन के सदस्य निर्वाचित नहीं हुए हैं। बाद में उन्होंने भूल सुधारी और फिर प्रह्लाद जोशी का नाम पुकारा। 

इस बार सदन में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, सुषमा स्वराज, मल्लिकार्जुन खड़गे और ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे बड़े नेता नहीं दिखेंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed