Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   GTA 6 Launched: Features, Graphics, Vice City And Price Know Why Is It So Special

GTA 6 में क्या है खास?: ग्राफिक्स, गेमप्ले और कहानी में कितना आगे निकला यह गेम?

Thu, 19 Nov 2026 08:01 PM IST
संकल्प प्रकाश सिंह स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: संकल्प प्रकाश सिंह Updated Thu, 19 Nov 2026 08:01 PM IST
सार

करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद रॉकस्टार का GTA 6 लॉन्च हो चुका है। शानदार ग्राफिक्स और पहले से ज्यादा रियलिस्टिक गेमिंग अनुभव के साथ जानिए, इस गेम में क्या है खास और इसे भारत में खेलने के लिए कितने रुपये खर्च करने होंगे?

विज्ञापन
GTA 6 Launched: Features, Graphics, Vice City And Price Know Why Is It So Special
GTA 6 - फोटो : Amar Ujala AI Generated

विस्तार

करीब 13 साल का लंबा इंतजार, अरबों डॉलर के बजट की चर्चा और गेमिंग की दुनिया में लगातार बढ़ती उम्मीदें, आखिरकार वह दिन आ गया है। GTA 6 आज लॉन्च हो चुका है। रॉकस्टार गेम्स की इस नई पेशकश में खिलाड़ियों की वापसी हो रही है उस शहर में, जिसे गेमिंग की दुनिया में एक खास पहचान मिली है वाइस सिटी। हालांकि इस बार शहर सिर्फ नए रंग-रूप में नहीं लौटा है बल्कि पहले से कहीं ज्यादा जीवंत और विस्तृत दुनिया के साथ सामने आया है। सड़कों पर दौड़ती गाड़ियां, भीड़भाड़ वाले इलाके, बदलता मौसम और किरदारों की बारीक हरकतें, नेक्स्ट जेन ग्राफिक्स और रियालिज्म गेमिंग के अनुभव को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं।

विज्ञापन


अब सवाल यह है कि आखिर GTA 6 में ऐसा क्या खास है, जो इसे दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम में से एक बना रहा है। इस बार कहानी में दो मुख्य किरदार हैं जेसन और लूसिया, जिनकी जिंदगी अपराध, रिश्तों और मुश्किल फैसलों के इर्द-गिर् घूमती है। खिलाड़ियों को एक ऐसी खुली दुनिया में खेलने का मौका मिलता है, जहां वे अपनी पसंद से शहर को एक्सप्लोर कर सकते हैं और अलग-अलग गतिविधियों का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि, यहां ध्यान देने वाली बात ये है कि GTA 6 की खासियत सिर्फ इसकी कहानी या बड़े मैप तक सीमित नहीं है। इसके पीछे रॉकस्टार गेम्स की वर्षों की मेहनत, नई टेक्नोलॉजी और गेमिंग को ज्यादा वास्तविक बनाने की कोशिश भी शामिल है।
विज्ञापन


GTA 6 की दुनिया सिर्फ मिशन पूरे करने या दुश्मनों से लड़ने तक सीमित नहीं है। यहां एक पूरा शहर अपनी रफ्तार से चलता नजर आता है। लोग अपनी जिंदगी जीते हैं, सड़कें गतिविधियों से भरी रहती हैं और हर इलाके का अपना अलग माहौल है। यानी यह गेम अपने भीतर एक अलग दुनिया समेटे हुए है। शुरुआती प्रतिक्रियाओं में गेम को काफी पसंद किया जा रहा है। हालांकि, यह फ्रेंचाइजी अपनी हिंसा, अपराध और एडल्ट कंटेंट के लिए जानी जाती है और इस बार भी इसका अंदाज बदला नहीं है। हालांकि, गेम की दुनिया सिर्फ आपराधिक मिशनों तक सीमित नहीं है। खिलाड़ी यहां शॉपिंग कर सकते हैं, मछली पकड़ सकते हैं और गेम के भीतर टीवी शो भी देख सकते हैं यानी तेज रफ्तार एक्शन के साथ रोजमर्रा की जिंदगी के छोटे-छोटे अनुभव भी मौजूद हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इस गेम में वाइस सिटी और उसके आसपास के लियोनिडा राज्य को बेहद बारकी से तैयार किया गया है। यहां शहर का आकार जितना बड़ा है, उतना ही ध्यान छोटी-छोटी चीजों पर भी दिया गया है। इसे खास तौर पर आधुनिक गेमिंग हार्डवेयर को ध्यान में रखकर बनाया गया है।

Trending Videos

GTA 6 Launched: Features, Graphics, Vice City And Price Know Why Is It So Special
GTA 6 - फोटो : Amar Ujala AI Generated

GTA 6 का नया अनुभव 

ग्राफिक्स की बात करें तो प्लेस्टेशन 5 और PS5 प्रो दोनों पर गेम का बेस रेजोल्यूशन 1440p यानी 2560×1440 है। हालांकि, दोनों कंसोल पर तस्वीर की क्वालिटी में अंतर देखने को मिलता है। PS5 प्रो में Sony की PSSR टेक्नोलॉजी एआई और मशीन लर्निंग की मदद से इमेज को बेहतर बनाकर लगभग 4K जैसी स्पष्टता देती है। वहीं सामान्य PS5 में पारंपरिक अपस्केलिंग तकनीक का इस्तेमाल होता है, जिसके कारण दूर की चीजें और बारीक डिटेल्स उतनी साफ दिखाई नहीं देती। कुल मिलाकर बेहतर हार्डवेयर के साथ GTA 6 का विजुअल अनुभव और निखरकर सामने आता है।
 

GTA 6 में मौसम को दिखाने का तरीका भी पहले से काफी बेहतर बनाया गया है। इसमें आसमान और बादलों को तैयार करने के लिए खास टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल हुआ है, जिसे रॉकस्टार ने रेड डेड रिडेंपशन 2 के अनुभव के आधार पर और विकसित किया है। इसकी मदद से मौसम सिर्फ पूरे शहर में एक जैसा नहीं रहता बल्कि अलग-अलग इलाकों में अलग परिस्थितियां देखने को मिल सकती हैं।

खिलाड़ी अपनी आंखों के सामने बादलों को इकट्ठा होते, तूफान को करीब आते और फिर किसी खास इलाके में बारिश होते देख सकते हैं। इसके अलावा गेम में तेज धूप और गहरी परछाइयों के बीच का अंतर भी बेहद वास्तविक नजर आता है। HDR तकनीक की मदद से सूरज की चमक और रोशनी के छोटे-छोटे बदलावों को ज्यादा प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है।

हर हरकत में रियालिज्म

GTA 6 में गोलीबारी के दौरान होने वाली प्रतिक्रियाओं को भी ज्यादा वास्तविक बनाने की कोशिश की गई है। गोली शरीर के जिस हिस्से में लगती है किरदार उसी के अनुसार प्रतिक्रिया देता है। कोई लड़खड़ाकर चल सकता है, तो कोई हाथ से हथियार गिरा सकता है। इसके अलावा घरो के अंदर फायरिंग होने पर फर्नीचर टूटता है और बोतलों में गोलियों से छेद हो जाते हैं। उन छेदों से बोतल में भरा तरल पदार्थ भी बाहर निकलने लगता है यानी छोटी-छोटी चीजों पर भी खास ध्यान दिया गया है।

कुल मिलाकर GTA 6 में फिजिक्स सिमुलेशन पर काफी बारीकी से काम किया गया है। गेम में चीजों का टूटना, गोलियों का असर, बोतलों से तरल पदार्थ का बहना और किरदारों की शारीरिक प्रतिक्रियाएं काफी हद तक वास्तविक दुनिया के भौतिकी के नियमों के अनुसार दिखाई देती हैं। इससे गेम की दुनिया पहले से ज्यादा वास्तविक महसूस होती है। 

कितनी है कीमत?

भारत में GTA 6 के आप दो वर्जन खरीदे सकते हैं। स्टैंडर्ड और अल्टीमेट एडिशन। स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये है। वहीं अल्टीमेट एडिशन के लिए आपको 7,499 रुपये चुकाने होंगे। दोनों में मुख्य गेम और उसकी पूरी कहानी मिलती है। हालांकि, अल्टीमेट एडिशन में अतिरिक्त डिजिटल कंटेंट भी शामिल है, जैसे खास गाड़ियां, हथियार और कपड़े। अगर आपका मकसद सिर्फ गेम की कहानी में खेलना है, तो स्टैंडर्ड एडिशन काफी है। 

1997 में हुई शुरुआत

ग्रांड थेफ्ट ऑटो यानी GTA की कहानी आज से करीब तीन दशक पहले शुरू हुई थी। साल 1997 मे इसका पहला गेम रिलीज हुआ था। उस दौर में गेमिंग टेक्नोलॉजी इतनी विकसित नहीं थी। खिलाड़ियों को कार चुराने, पुलिस से बचने और अलग-अलग मिशन पूरे करने की आजादी मिलती थी।

इस गेम को तैयार करने की शुरुआत अमेरिका में नहीं बल्कि स्कॉटलैंड के डंडी शहर में हुई थी। यहां एक छोटी सी डेवलपमेंट टीम ने उस गेम की नींव रखी, जो आगे चलकर दुनिया की सबसे लोकप्रिय गेमिंग फ्रेंचाइजी में शामिल हो गया। समय के साथ GTA में ग्राफिक्स, कहानी और गेमप्ले को लगातार बेहतर बनाया गया। इसकी दुनिया भी बड़ी होती गई। अलग-अलग संस्करणों में खिलाड़ियों को लाइबर्टी सिटी, वाइस सिटी और लॉस सेंटोस जैसे काल्पनिक शहर देखने को मिले, जिन्हें अमेरिकी शहरों से प्रेरित होकर तैयार किया गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed