{"_id":"637443b1a29d140bd17c190c","slug":"india-weather-report-snowfall-will-increase-temperature-will-drop-due-to-northern-winds","type":"story","status":"publish","title_hn":"Weather Today: पहाड़ों पर बढ़ेगी बर्फबारी, उत्तरी हवाओं से गिरेगा तापमान, जानें आज के मौसम का हाल","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Weather Today: पहाड़ों पर बढ़ेगी बर्फबारी, उत्तरी हवाओं से गिरेगा तापमान, जानें आज के मौसम का हाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Wed, 16 Nov 2022 07:28 AM IST
विज्ञापन
सार
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से हवाओं की दिशा बदलकर उत्तरी हो जाएगी। ये हवाएं हिमालय के पहाड़ों से होकर आएंगी, इसलिए इनके असर से दिन व रात के तापमान में गिरावट आएगी। इससे सुबह व रात को ठंड बढ़ेगी। अगले दो-तीन दिनों में रात का तापमान तेजी से गिरेगा।

नत्थाटॉप में बर्फबारी
- फोटो : रोहित गुप्ता
विज्ञापन
विस्तार
लगातार बन रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर बर्फबारी का सिलसिला तेज हो सकता है। इसके साथ ही मैदानी भागों में अब उत्तरी बयार बहने लगेगी। इसके असर से देश के तमाम राज्यों में तापमान में गिरावट आएगी।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से हवाओं की दिशा बदलकर उत्तरी हो जाएगी। ये हवाएं हिमालय के पहाड़ों से होकर आएंगी, इसलिए इनके असर से दिन व रात के तापमान में गिरावट आएगी। इससे सुबह व रात को ठंड बढ़ेगी। अगले दो-तीन दिनों में रात का तापमान तेजी से गिरेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार स्थित मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि वर्तमान में देश के उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इनकी वजह से उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी हिमपात हो रहा है। कुछ मैदानी राज्यों में हल्की बारिश भी हुई है। 16 व 19 नवंबर को भी कमजोर श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे।
हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर के पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में लिपटे
हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर के पहाड़ बर्फ की सफेद चादर में लिपटे दिखाई देने लगे हैं। अब दिल्ली, हरियाणा, यूपी, बिहार, राजस्थान, मप्र समेत समूचे उत्तर पश्चिमी व उत्तर पूर्वी राज्यों में ठंड बढ़ेगी। सुबह व शाम के समय धुंध भी देखने को मिलेगी। कई राज्यों में न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री तक पहुंच सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बनेगा कम दबाव का क्षेत्र : IMD
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके साथ ही आज दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और उसके पड़ोस के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
यहां हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि कम दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है और धीरे-धीरे 18 नवंबर 2022 को दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों पर एक दबाव में केंद्रित हो जाएगा। इसके प्रभाव से 16 नवंबर 2022 को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।
मछुआरों को तट की तरफ न जाने की सलाह
आईएमडी ने मछुआरों के लिए 16 और 17 तारीख को दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में न जाने की चेतावनी जारी की है। 17 और 18 तारीख को दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी में और 18 और 19 नवंबर को बंगाल की दक्षिण पश्चिम खाड़ी और उससे सटे श्रीलंका तट में। इसके साथ ही, आईएमडी ने उन्हें 20 और 21 नवंबर, 2022 को तमिलनाडु-पुडुचेरी क्षेत्र में तटों के साथ-साथ न जाने की भी सलाह दी है।
जम्मू, कश्मीर, लद्दाख में बर्फबारी होने की संभावना
आईएमडी ने भविष्यवाणी की है कि 18 और 19 नवंबर, 2022 को जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद क्षेत्र के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में छिटपुट, हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की संभावना है। बीते 24 घंटे में तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई है और केरल और निकोबार द्वीप समूह में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हुई है।
बर्फबारी का मजा लेने सैलानी पहुंच रहे नत्थाटॉप
हिमपात के बाद मंगलवार को मौसम खुलते ही गुजरात समेत मुंबई, दिल्ली, पंजाब और जम्मू कश्मीर से भी कई सैलानी नत्थाटॉप पहुंच रहे थे। वहां पर बर्फ के बीच पहुंचकर वे धरती के स्वर्ग का एहसास कर रहे थे। सैलानी श्री माता वैष्णो देवी से होते हुए बर्फ देखने के लिए नत्थाटॉप पहुंच रहे थे और वहां पर पहुंचकर बर्फ के कई तरह के खेलों का मनोरंजन कर रहे थे। सैलानी स्कीइंग के अलावा स्लेज और घुड़सवारी के जरिए बर्फ पर कई तरह का आनंद उठा रहे थे। साथ ही हिम मानव और बर्फ के गोले के साथ खेल कर कई यादगार चित्र भी खिंचवा रहे थे।
जम्मू से नत्थाटॉप 121 किलोमीटर दूर
जम्मू से नत्थाटॉप की दूरी करीब 121 किलोमीटर है और सैलानियों के लिए धरती का स्वर्ग कहे जाने वाले इस क्षेत्र में हिमपात का आनंद लेने का अच्छा यह अच्छा मौका है। टैक्सी यूनियन के प्रधान प्रकाश चंद ने बताया कि बर्फबारी के बाद पटनीटॉप में सैलानियों की आमद में इजाफा हुआ है और सैलानी पटनीटॉप के बाद नत्थाटॉप और सनासर का रुख कर रहे हैं। सैलानियों की बढ़ती आमद से कारोबारियों के चेहरे खिलने लगे हैं।