सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Karnataka CM designate DK Shivakumar and Siddaramaiah to meet Congress high command in Delhi for cabinet talks

क्या कर्नाटक में कैबिनेट पर फंसा पेच?: डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया आज आएंगे दिल्ली, करेंगे आलाकमान से मुलाकात

पीटीआई, नई दिल्ली Published by: Devesh Tripathi Updated Mon, 01 Jun 2026 11:03 AM IST
विज्ञापन
सार

कर्नाटक के भावी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की नई कैबिनेट को लेकर माथापच्ची जारी है। शिवकुमार और सिद्धारमैया नई कैबिनेट के संभावित नामों को लेकर आज कांग्रेस आलाकमान से दिल्ली में मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि दोनों ही नेता अपने गुट के लोगों के लिए ज्यादा से ज्यादा मंत्री पद की चाह रख रहे हैं। हालांकि, आखिरी फैसला पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को करना है।

Karnataka CM designate DK Shivakumar and Siddaramaiah to meet Congress high command in Delhi for cabinet talks
कर्नाटक के भावी सीएम डीके शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स/ANI
विज्ञापन

विस्तार

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन पर कांग्रेस आलाकमान की मुहर लगने के बाद से भले ही भावी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राहत की सांस ले रहे हों, लेकिन कैबिनेट को लेकर पेच फंसा दिख रहा है। सूत्रों का कहना है कि कर्नाटक के अगले मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया नई कैबिनेट को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को नई दिल्ली जाएंगे।



यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, दोनों नेता सोमवार दोपहर दिल्ली पहुंचेंगे। उनकी वापसी का कार्यक्रम फिलहाल तय नहीं किया गया है, क्योंकि कांग्रेस नेतृत्व के साथ अहम बैठकों का दौर शुरू होने वाला है। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष भी रहे शिवकुमार तीन जून को शाम 4:05 बजे लोक भवन परिसर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ कुछ मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: बंगाल कैबिनेट विस्तार: स्वपनदास गुप्ता समेत कई मंत्रियों को दिलाई गई सामूहिक शपथ; मंत्रिमंडल में किन्हें जगह?
विज्ञापन
Trending Videos


कैबिनेट के नामों को लेकर माथापच्ची जारी
आधिकारिक तौर पर डीके शिवकुमार को बीते शनिवार को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था। कर्नाटक में मुख्यमंत्री समेत कुल 34 मंत्रियों की व्यवस्था है। ऐसे में मंत्री पद के दावेदारों की बड़ी संख्या और सीमित पदों को देखते हुए शिवकुमार के सामने संतुलन बनाए रखने की चुनौती है। सियासी गलियारों में अटकले हैं कि कैबिनेट के संभावित नामों को लेकर माथापच्ची अभी भी जारी है।

रविवार को पत्रकारों द्वारा यह पूछे जाने पर कि उनके साथ कितने लोग शपथ लेंगे, शिवकुमार ने कहा, "मुझे नहीं पता। पार्टी आलाकमान जो फैसला करेगा, वही होगा। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।" वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर अभी तक कोई प्रस्ताव उनके पास नहीं आया है।

कई नेता कर रहे दावेदारी
इस बीच मंत्री पद के दावेदारों की लॉबिंग तेज हो गई है। कई नेता अपनी दावेदारी पेश करने के लिए नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। कई पूर्व मंत्रियों और विधायकों ने शिवकुमार और सिद्धारमैया से मुलाकात की है। सिद्धारमैया की भंग हो चुकी मंत्रिपरिषद के कुछ सदस्य नई कैबिनेट में जगह बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कई विधायक पहली बार मंत्री बनने की उम्मीद में दिल्ली पहुंचे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, नई मंत्रिपरिषद में पुराने और नए चेहरों का मिश्रण देखने को मिल सकता है। जातीय और क्षेत्रीय संतुलन के साथ-साथ सिद्धारमैया समर्थकों को भी प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की जाएगी। राजनीतिक गलियारों में कई उपमुख्यमंत्री बनाए जाने और सिद्धारमैया सरकार के कुछ मंत्रियों को बाहर किए जाने की चर्चा भी है। हालांकि पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस संबंध में विचार-विमर्श अभी जारी है।

सिद्धारमैया के बेटे भी होंगे कैबिनेट में शामिल
सिद्धारमैया के पुत्र और कांग्रेस एमएलसी यतींद्र ने रविवार को शिवकुमार से मुलाकात के बाद कहा कि उन्हें अगली मंत्रिपरिषद में जगह मिलने की उम्मीद है और पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मंत्री पद का आश्वासन दिया है। 

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नए नाम को लेकर भी चर्चा चल रही है। वर्तमान में यह पद शिवकुमार के पास है। वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री सतीश जारकीहोली को इस पद का प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह प्रदेश अध्यक्ष पद के साथ मंत्रिपरिषद में भी स्थान चाहते हैं।

ये भी पढ़ें: जमीन विवाद में खूनी संघर्ष: कर्नाटक में एक ही परिवार के चार लोगों समेत छह की हत्या, 12 आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली में होने वाली बैठकों में 18 जून को होने वाले राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के उम्मीदवारों पर भी चर्चा होने की संभावना है। विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए सत्तारूढ़ कांग्रेस के चार राज्यसभा सीटों में से तीन और सात विधान परिषद सीटों में से पांच सीटें जीतने की उम्मीद जताई जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed