PM Modi: 'जनता को अब भाजपा से ही आस', केरल से आए जनप्रतिनिधियों से पीएम ने कहा- सेवा की राजनीति को आगे बढ़ाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल से आए भाजपा के पंचायत, नगरपालिका और निगम प्रतिनिधियों से मुलाकात कर कहा कि राज्य की जनता एलडीएफ और यूडीएफ से परेशान है और अब भाजपा-एनडीए से उम्मीद कर रही है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जमीनी स्तर पर काम तेज करने को कहा। आइए विस्तार से जानते हैं कि पीएम मोदी ने जनप्रतिनिधियों को क्या संदेश दिया।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि केरल की जनता अब एलडीएफ और यूडीएफ की राजनीति से तंग आ चुकी है और अब उनकी उम्मीद भाजपा-एनडीए से जुड़ रही है। उन्होंने साफ संदेश दिया कि जमीनी स्तर पर चुने गए जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी अब और बढ़ गई है। उन्हें लोगों के बीच जाकर काम करना होगा और रोजमर्रा की समस्याओं का हल निकालना होगा। पीएम ने यह बात केरल से आए भाजपा के स्थानीय निकाय प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार रात अपने सरकारी आवास पर केरल भाजपा के पंचायत, नगरपालिका और विभिन्न निगमों के सदस्यों से मुलाकात की। ये सभी सदस्य केरल से विशेष ट्रेन के जरिए दिल्ली पहुंचे थे। बैठक में पीएम ने कहा कि जनता अब पुराने राजनीतिक ढांचे से आगे बढ़कर काम और नतीजे देखना चाहती है। उन्होंने भाजपा-एनडीए के प्रतिनिधियों से कहा कि वे लोगों के बीच भरोसा मजबूत करें और सेवा की राजनीति को आगे बढ़ाएं।
पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को क्या संदेश दिया?
- स्थानीय निकाय के प्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच सबसे अहम कड़ी हैं।
- योजनाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाना उनकी पहली जिम्मेदारी है।
- काम में ईमानदारी और सक्रियता जरूरी है। बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान दें।
- गांव, शहर और वार्ड स्तर पर मजबूत काम से जनता का भरोसा बढ़ता है।
- जनता की रोजमर्रा की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करें।
- साफ-सफाई और स्थानीय विकास के काम तेज करें।
- पानी और जरूरी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
- लोगों से लगातार संवाद बनाए रखें। सेवा भाव से काम करें।
ये भी पढ़ें- चिनाब के पानी को लेकर तरस रहा पाकिस्तान! भारत की इस परियोजना को लेकर लिखा पत्र; जानिए सबकुछ
तिरुवनंतपुरम नगर निगम का भी जिक्र
बैठक में तिरुवनंतपुरम नगर निगम के सदस्य भी शामिल रहे। यहां भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश मिला है और पहली बार पार्टी का मेयर चुना गया है। पीएम मोदी ने इसे कार्यकर्ताओं की लंबे समय की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव का संकेत है और इसे आगे बढ़ाने की जरूरत है। पीएम ने सभी प्रतिनिधियों का उत्साह बढ़ाया और संगठन को और मजबूत करने पर जोर दिया।
सोशल मीडिया पर तस्वीरें, कार्यकर्ताओं को नमन
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की 11 तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने लिखा कि बैठक में संगठन को मजबूत करने, सुशासन के एजेंडे को आगे बढ़ाने और लोगों का जीवन आसान बनाने के तरीकों पर चर्चा हुई। पीएम ने कहा कि केरल में भाजपा को खड़ा करने वाले हर कार्यकर्ता को नमन है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की बिना स्वार्थ की मेहनत से ही पार्टी राज्य में आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में भाजपा जनता की सेवा को और तेज करेगी।
अन्य वीडियो-
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.