Kerala: मुन्नार में कांग्रेस के सामने 'सोनिया गांधी' ही बनीं चुनौती? नाम के कारण दिलचस्प हुआ यह सियासी मुकाबला
केरल के हिल स्टेशन मुन्नार के नल्लथन्नी वार्ड (वार्ड 16) से भाजपा ने सोनिया गांधी को अपना उम्मीदवार बनाया है। जी हां, आपने सही सुना। भाजपा ने सोनिया गांधी को मुन्नार से उम्मीदवार बनाया है। आइए जानते है कि आखिर कौन है 34 वर्षीय सोनिया गांधी, जिनका नाम और पार्टी की उम्मीदवारी ने खूब सुर्खियां बटोरी है।
विस्तार
केरल के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मुन्नार से इस बार चुनाव की एक अलग और दिलचस्प खबर सामने आई है। यहां भाजपा ने स्थानीय पंचायत के नल्लथन्नी वार्ड (वार्ड 16) से अपनी उम्मीदवार सोनिया गांधी को मैदान में उतारा है। हां, आपने सही पढ़ा, लेकिन ये कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी नहीं हैं। भाजपा की यह सोनिया गांधी 34 साल की हैं और नल्लथन्नी कल्लर की रहने वाली हैं। सोनिया के पिता दुरे राज स्थानीय मजदूर और कांग्रेस नेता थे। पिता की कांग्रेस से लगाव और आदर के कारण उन्होंने अपनी बेटी का नाम सोनिया गांधी रखा। वर्षों तक यह नाम सिर्फ एक सामान्य संयोग था।
लेकिन सोनिया की शादी ने उनके राजनीतिक सफर को बदल दिया। उनके पति सुभाष भाजपा के पंचायत जनरल सेक्रेटरी हैं और उन्होंने पहले ओल्ड मुन्नार मुलक्कड़ से चुनाव भी लड़ा था। शादी के बाद सोनिया ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।
ये भी पढ़ें:- Jamiat Chief Madani: मौलाना मदनी बोले- स्कूलों में पढ़ाया जाए जिहाद; कांग्रेस पर भी कटाक्ष; जानिए क्या कहा?
मुन्नार में मुकाबला दिलचस्प
ऐसे में अब सोनिया अपने पहले बड़े चुनाव में उतर रही हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी हैं कांग्रेस से मंजुला रमेश और सीपीआई(एम) से वलारमती। हालांकि मुन्नार में अब दिलचस्प स्थिति यह है कि भाजपा की उम्मीदवार का नाम कांग्रेस की सुप्रीमो सोनिया गांधी के नाम पर है और वह कांग्रेस की उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।
ये भी पढ़ें:- INS Aridaman: समुद्र में भारत की और बढ़ेगी ताकत, नौसेना को मिलने जा रही पनडुब्बी अरिदमन
केरल में पंचायती और स्थानीय निकाय चुनाव
गौरतलब है कि केरल में पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव दो चरणों में 9 और 11 दिसंबर को होंगे। इन चुनावों में राज्य के 941 ग्राम पंचायत, 152 ब्लॉक पंचायत, 14 जिला पंचायत, 87 नगरपालिका और 6 निगम शामिल हैं। वोटों की गिनती 13 दिसंबर को होगी। भाजपा की सोनिया गांधी के नाम से क्या वोटर्स प्रभावित होंगे या भ्रमित होंगे, यह देखना दिलचस्प होगा। लेकिन यह तय है कि मुन्नार इस पंचायत चुनाव की वजह से एक अनोखी और यादगार कहानी के लिए तैयार है।