महाराष्ट्र अपडेट: पश्चिम रेलवे के टिकट जांच कर्मचारी अब पहनेंगे खास जैकेट, ड्यूटी के दौरान होगी आसानी
बयान के मुताबिक, इन जैकेट में हैंडहेल्ड टर्मिनल (एचएचटी), इलेक्ट्रॉनिक फेयर कलेक्शन (ईएफटी) मशीन और वॉयस एम्पलीफायर रखने के लिए अलग-अलग जेबें दी गई हैं। उपकरणों को आसानी और सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के लिए हेडसेट की भी व्यवस्था की गई है। पश्चिम रेलवे ने कहा कि नई जैकेट का उद्देश्य कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान बेहतर सुविधा, हाथों को खाली रखने की आजादी और उपकरणों को सुरक्षित तरीके से रखने की सुविधा देना है। इसके साथ ही इससे कर्मचारियों को स्मार्ट और पेशेवर रूप भी मिलेगा।
बयान के अनुसार, ये जैकेट खास तौर पर फोर्ट्रेस चेक यानी बड़े पैमाने पर और सघन टिकट जांच अभियान, एसी लोकल ट्रेनों में टिकट जांच, विशेष जांच अभियान और व्यस्त समय के दौरान ड्यूटी में उपयोगी साबित होने की उम्मीद है। फिलहाल ड्यूटी पर तैनात टिकट जांच कर्मचारी निर्धारित वर्दी के तौर पर सफेद शर्ट और काली पतलून पहनते हैं।
सूखा प्रभावित किसानों को दिवाली से पहले मिलेगी आर्थिक मदद
महाराष्ट्र सरकार सूखा प्रभावित किसानों को दिवाली से पहले आर्थिक सहायता देने की तैयारी कर रही है। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान के 45 फीसदी पंचनामे पूरे हो चुके हैं। सरकार बाकी आकलन जल्द पूरा कराने में जुटी है। उन्होंने कहा कि सूखे के दौरान किसानों से कर्ज वसूली के लिए बार-बार संपर्क करने वाले बैंकों और निजी साहूकारों पर कार्रवाई होगी। सरकार ने निर्माण कार्यों में पीने के पानी के इस्तेमाल पर भी रोक लगाने का फैसला किया है। वहीं, केंद्र की टीम 10 या 12 अक्टूबर को महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित इलाकों का दौरा कर सकती है।
BEST का बजट: 1,317 करोड़ का घाटा, बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी
मुंबई की बेस्ट ने 2027-28 के लिए 1,317.50 करोड़ रुपये के अनुमानित घाटे वाला बजट पेश किया है। बजट में कुल आय 8,559.06 करोड़ रुपये और खर्च 9,876.56 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। बिजली आपूर्ति विभाग को 201.21 करोड़ रुपये का मुनाफा होने की उम्मीद है, जबकि परिवहन विभाग को 1,518.71 करोड़ रुपये का घाटा हो सकता है। बेस्ट ने बसों की संख्या बढ़ाकर चरणबद्ध तरीके से 4,016 और आगे 10 हजार करने का लक्ष्य रखा है। PM-eDrive योजना के तहत 1,500 मिडी बसें खरीदने और 200 सीएनजी बसों के लिए टेंडर जारी करने का प्रस्ताव है।
मुंबई में 2.53 करोड़ की प्रतिबंधित साइकोट्रोपिक दवाएं जब्त
मुंबई पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने गोवंडी इलाके में छापेमारी कर करीब 2.53 करोड़ रुपये की प्रतिबंधित साइकोट्रोपिक दवाएं जब्त की हैं। पुलिस ने डॉ. जाकिर हुसैन नगर स्थित एक घर में कार्रवाई करते हुए करीब 9,800 टैबलेट बरामद कीं। इनमें 4,500 नाइट्राजेपाम की ‘Nitcor-10’ टैबलेट, जिनकी कीमत करीब 1.98 करोड़ रुपये है, और 5,300 अल्प्राजोलम की ‘Procalm-1’ टैबलेट शामिल हैं। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एनडीपीसी एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। अब पुलिस इन दवाओं की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।