Maharashtra: महाराष्ट्र में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का खुलासा, पुलिस ने पांच को किया गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नांदेड़ में सरकारी स्कूल के 32 छात्र फूड पॉइजनिंग से बीमार
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक सरकारी आश्रम स्कूल के 32 छात्रों को कथित फूड पॉइजनिंग हुई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। ये सभी छात्र आदिवासी बच्चों के आवासीय स्कूल के थे। इलाज के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। रविवार रात डेगलूर तालुका के हानेगांव गांव में छात्रों ने मांसाहारी भोजन किया। इसके बाद 32 छात्रों में उल्टी और मतली जैसे लक्षण दिखे। उन्हें डेगलूर के अस्पताल ले जाया गया। वहां रक्त परीक्षण और उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। अधिकारियों ने बताया कि जिला सिविल सर्जन ने घटना पर प्रतिक्रिया के लिए किए गए फोन कॉल का जवाब नहीं दिया।
महाराष्ट्र पुलिस ने ओडिशा से गोवा तक गांजा सप्लाई करने वाले अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कल्याण जीआरपी ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर 21.95 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 4.5 लाख रुपये बताई गई है। जांच में सामने आया कि गांजा ओडिशा के कंधमाल जिले के नक्सल प्रभावित जंगलों में उगाया जाता था। वहां से इसे महाराष्ट्र के रास्ते गोवा भेजा जाता था। पुलिस ने बिहार के दो कैरियर, गोवा के रिसीवर और ओडिशा के सप्लायर व गांजा उगाने वाले आरोपी को पकड़ा है। पुलिस अब नेटवर्क के वित्तीय मददगारों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।
मुंबई में मंगलवार सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। इस बारिश से लोगों को उमस और चिपचिपी गर्मी से राहत मिली। सुबह आसमान में बादल छाए रहे और शहर व उपनगरों के कई इलाकों में कहीं हल्की फुहार तो कहीं तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने दिनभर मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। बीएमसी के मुताबिक, सुबह 11:05 बजे अरब सागर में 4.44 मीटर की ऊंची ज्वार आने की संभावना है, जबकि शाम 5:03 बजे 1.59 मीटर का निम्न ज्वार रहेगा।
डिप्रेशन से जूझ रहे युवक ने मां की हत्या के बाद की आत्महत्या, नांदेड में सनसनी
महाराष्ट्र के नांदेड जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, 26 वर्षीय प्रतीक ने कथित तौर पर अपनी 50 वर्षीय मां भारती बालाजी चौथारे पर लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 8 अगस्त को तरोड़ा के राहुल कॉलोनी इलाके में हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, प्रतीक पिछले कुछ वर्षों से डिप्रेशन का इलाज करा रहा था। पुलिस परिवार से जुड़े विवाद और मानसिक तनाव समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
नवी मुंबई में स्पा पर पुलिस की छापेमारी, तीन महिलाओं को कराया गया रेस्क्यू
महाराष्ट्र के नवी मुंबई में पुलिस ने एक स्पा पर छापेमारी कर तीन महिलाओं को कथित तौर पर जबरन देह व्यापार में धकेले जाने से बचाया। पुलिस के मुताबिक, 8 अगस्त को खारघर स्थित स्पा में एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल ने डिकॉय ग्राहक भेजकर कार्रवाई की। मौके से स्पा मैनेजर आरिफ अजीज मंसूरी (35) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब स्पा की महिला मालिक और उसके एक सहयोगी की तलाश कर रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और अनैतिक व्यापार (रोकथाम) अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
अजंता की गुफाओं में छत से टपका पानी, वायरल वीडियो पर ASI ने दी सफाई
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित विश्व प्रसिद्ध अजंता की गुफाओं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में गुफाओं की छत से पानी टपकने पर बाल्टियां रखी दिखाई दे रही हैं। इसके बाद ASI ने स्पष्ट किया कि इससे गुफाओं में मौजूद प्राचीन चित्रों और मूर्तियों को कोई खतरा नहीं है। ASI की उप अधीक्षक डॉ. शिल्पा जमगड़े ने बताया कि भारी बारिश के दौरान चट्टानों की दरारों से पानी रिसता है। पर्यटकों के फिसलने से बचाने के लिए बाल्टियां रखी जाती हैं। उन्होंने बताया कि गुफाओं के ऊपर बने नालों की समय-समय पर सफाई भी की जाती है।
महाराष्ट्र में CITU का ‘जेल भरो’ आंदोलन
महाराष्ट्र के जालना में असंगठित क्षेत्र के मजदूरों ने सोमवार को CITU के नेतृत्व में ‘जेल भरो’ आंदोलन किया। बड़ी संख्या में मजदूर, कृषि श्रमिक, आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं समेत विभिन्न संगठनों के सदस्य जिला परिषद कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने करीब 80 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को स्थायी कर्मचारी का दर्जा, पीएफ, पेंशन और ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने की मांग की। उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और ठेके पर रोजगार का भी विरोध किया। CITU नेता अन्ना सावंत ने कहा कि यह प्रदर्शन केंद्रीय ट्रेड यूनियनों और संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आह्वान का हिस्सा है। प्रदर्शनकारियों ने मनरेगा में 200 दिन रोजगार और 700 रुपये दैनिक मजदूरी की मांग भी रखी। साथ ही चारों श्रम संहिताओं को वापस लेने की मांग करते हुए प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
सरकारी गाड़ियों के VIP नंबर पर महाराष्ट्र सरकार का सख्त फैसला
महाराष्ट्र सरकार ने सरकारी गाड़ियों के लिए RTO के स्पेशल या VIP नंबर लेने पर होने वाले खर्च को लेकर बड़ा फैसला किया है। राज्य सरकार ने साफ किया है कि अगर कोई अधिकारी या सरकारी कार्यालय अपनी गाड़ी के लिए विशेष नंबर लेता है, तो उसका खर्च सरकारी खजाने से नहीं दिया जाएगा। राज्य के वित्त विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में सर्कुलर जारी किया। इसमें कहा गया कि सरकारी कार्यालय विशेष नंबर लेने के लिए बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं, जबकि ऐसे नंबर लेने की अनुमति देने वाला कोई सरकारी आदेश मौजूद नहीं है। इसलिए इस खर्च की भरपाई सरकार नहीं करेगी। वित्त विभाग ने कहा कि सरकार पहले ही वाहनों की मरम्मत, रखरखाव, ईंधन और ड्राइवरों के वेतन पर काफी खर्च करती है। ऐसे में वाहन संबंधी खर्च केवल जरूरी जरूरतों तक सीमित होना चाहिए। यह नियम सभी सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, विश्वविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वायत्त संस्थाओं और सरकारी उपक्रमों पर लागू होगा।
15 अगस्त को नागपुर में युवाओं से संवाद करेंगे मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत 15 अगस्त को नागपुर में युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। भागवत सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद ‘भारत के उज्ज्वल भविष्य में युवाओं का योगदान’ विषय पर युवाओं से बातचीत करेंगे। यह कार्यक्रम आरएसएस प्रमुख के मुंबई में जेन-जी के साथ हुए संवाद के कुछ दिनों बाद आयोजित किया जा रहा है। मुंबई कार्यक्रम को लेकर देश-विदेश में काफी चर्चा हुई थी। इसमें महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, मेयर नीता ठाकरे, नगर आयुक्त डॉ. विपिन इतनकर समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।
महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में सांप के काटने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सरकारी सहायता प्राप्त आश्रम स्कूल का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने का आदेश दिया। घटना में छह बच्चियों को सांप ने काटा था। स्कूल में न शिक्षक थे, न वार्डन और बुनियादी सुविधाओं की भी कमी थी। सरकार ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारी को निलंबित करने का आदेश दिया है। साथ ही राज्य की करीब 511 सरकारी सहायता प्राप्त आश्रम स्कूलों का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्कूलों की जांच के लिए व्यापक व्यवस्था बनाने के निर्देश भी दिए हैं।
महाराष्ट्र के नांदेड जिले में शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान एक कबाड़ बीनने वाले की कथित तौर पर पेवर ब्लॉक से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, घटना 7 अगस्त को इटवारा इलाके में हुई। मृतक की पहचान मंगल शंकर गवली के रूप में हुई है। विवाद के बाद तीन आरोपियों ने कथित तौर पर पेवर ब्लॉक से उसके सिर पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में 21 वर्षीय एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपी और मृतक सभी कबाड़ बीनने का काम करते थे।
महाराष्ट्र के नांदेड जिले में फाइनेंस से जुड़े विवाद में 25 वर्षीय युवक की कथित तौर पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना 8 अगस्त को धानगांव इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, मृतक इंदरजीत सिंह बावरी एक एजेंसी में फाइनेंस का काम करता था। उसने एक आरोपी की किस्तें नहीं चुकाने पर उसकी बाइक जब्त कर ली थी, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोपियों ने बाइक से बावरी का पीछा किया और पेट्रोल पंप के पास उस पर डैगर से हमला कर दिया। पुलिस ने तीन पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।
पुणे में सात आवारा कुत्तों ने चार साल की बच्ची पर किया हमला
पुणे के पिंपरी-चिंचवाड़ के चिखली में सात लावारिस कुत्तों ने चार साल की बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची के सिर में 80 से ज्यादा टांके लगे हैं। पिता के मुताबिक, पेड़ से पत्तियां लेने गई बच्ची को कुत्तों ने करीब 43 सेकंड तक घेरकर काटा। चीख सुनकर पहुंचे लोगों ने कुत्तों को भगाकर बच्ची को बचाया। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है। वहीं, महाराष्ट्र के कल्याण में रविवार को एक लावारिस कुत्ते ने करीब सात घंटे में 130 लोगों को काट लिया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत स्कूल, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थानों से लावारिस कुत्तों को हटाकर निर्धारित आश्रय में रखने, नसबंदी और टीकाकरण कराने की व्यवस्था की जानी है।