Maharashtra Updates: बढ़ती महंगाई के बीच जयंत पाटिल की मांग, पेट्रोल-डीजल पर VAT हटाए महाराष्ट्र सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनसीपी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व वित्त मंत्री जयंत पाटिल ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले वैट (VAT) और अधिभार को तुरंत हटाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर आम जनता को राहत देने की अपील की।
जयंत पाटिल ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में जारी युद्ध का असर भारत और महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है, जिससे खाद्य तेल, सब्जियों और जरूरी सामानों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 15 मई के बाद से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार बढ़ोतरी हुई है। पाटिल के मुताबिक मुंबई में पेट्रोल की कीमत 111.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 96.86 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। पाटिल ने मुख्यमंत्री से संकट की इस घड़ी में नेतृत्व दिखाने और राज्यभर में ईंधन पर लगने वाले वैट व अधिभार को खत्म कर जनता को राहत देने की मांग की।
वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा था कि राज्य में ईंधन की मांग में अचानक तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पेट्रोल की आपूर्ति में 23 प्रतिशत और डीजल की आपूर्ति में 52 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। सरकार को ईंधन की जमाखोरी और व्यावसायिक इस्तेमाल के लिए डायवर्जन की आशंका भी है, जिसकी निगरानी की जा रही है। फडणवीस ने कहा कि अकोला में ईंधन खपत में 154 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि छत्रपति संभाजीनगर, बीड, भंडारा, बुलढाणा, गोंदिया और हिंगोली समेत कई जिलों में 70 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी गई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दोनों नेताओं की तस्वीर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। मुलाकात के बाद फडणवीस ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ महाराष्ट्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने राज्य में चल रही विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी। फडणवीस ने एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री से मिलना हमेशा प्रेरणादायक होता है और इससे सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में महाराष्ट्र के प्याज उत्पादक किसानों और सहकारी चीनी उद्योग से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इससे पहले फडणवीस ने नई दिल्ली में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
पुणे का सरसबाग गार्डन दो दिन रहेगा बंदपुणे नगर निगम (पीएमसी) ने घोषणा की है कि शहर का प्रसिद्ध सरसबाग गार्डन 28 और 29 मई को बंद रहेगा। पुलिस द्वारा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 के तहत जारी निषेधाज्ञा के बाद यह फैसला लिया गया है। स्कूलों की छुट्टियों के कारण इन दिनों गार्डन में काफी भीड़ उमड़ रही थी। सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने दो दिनों तक गार्डन बंद रखने का निर्णय लिया है।
सरसबाग पुणे के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है और यहां स्थित पुराने गणपति मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पिछले साल भी बकरीद से जुड़े जमावड़े को लेकर विवाद के बाद एक दिन के लिए गार्डन बंद किया गया था। भाजपा सांसद मेधा कुलकर्णी ने उस समय मंदिर की पवित्रता को लेकर आपत्ति जताई थी। कार्यवाहक मुख्य उद्यान अधीक्षक संतोषकुमार कांबले ने बताया कि लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किए गए फिजिक्स शिक्षक तेजस शाह को लेकर पुणे की डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल अकादमी (APMA) ने सफाई दी है। अकादमी के निदेशक प्रोफेसर सचिन हल्दवणेकर ने कहा कि तेजस शाह ने आरोपी मनीषा हवालदार से व्यक्तिगत स्तर पर संपर्क किया था और संस्थान का इस मामले से कोई संबंध नहीं है।
सीबीआई के अनुसार, तेजस शाह ने कथित तौर पर लीक हुए फिजिक्स प्रश्न मनीषा हवालदार से प्राप्त किए थे। जांच एजेंसी ने मंगलवार को शाह को गिरफ्तार किया। अकादमी का कहना है कि शाह ने फिजिक्स के कुछ विषयों और नीट सिलेबस से जुड़ी जानकारी के लिए हवालदार से सलाह ली थी।
हल्दवणेकर ने कहा कि 20 हजार रुपये “कंसल्टेंसी फीस” के तौर पर दिए गए थे। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इतने कम पैसों में प्रश्नपत्र कैसे बेचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने कुछ चैट्स के आधार पर गिरफ्तारी की होगी। इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एनटीए ने 3 मई को हुई नीट परीक्षा को पेपर लीक आरोपों के बाद रद्द कर दिया था और अब दोबारा परीक्षा 21 जून को होगी।
मुंबई के पवई इलाके में 55 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दीपक उर्फ दीपु नाथूप्रसाद वर्मा (26) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसने पुराने विवाद के चलते यूसुफ नामक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-10 ने की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी तक पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी सूरत के पुष्पक नगर इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस की टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक हत्या रविवार को हुई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। लगातार तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी विश्लेषण से पुलिस को बड़ी सफलता मिली। फिलहाल आरोपी को मुंबई लाकर आगे की पूछताछ की जा रही है। पवई पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
मुंबई में 17 वर्षीय किशोर ने अपनी मां से फोन पर बातचीत करने को लेकर अपने दोस्त पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर किशोर सुधार गृह भेज दिया है। घटना रविवार की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घायल युवक रोहित झांके (24) और आरोपी पिछले पांच साल से दोस्त थे। दोनों एक-दूसरे के घर आते-जाते थे। इसी दौरान रोहित की आरोपी की मां से भी फोन पर बातचीत होने लगी। जब आरोपी को इसकी जानकारी मिली तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
रविवार को जब रोहित नाहुर रेलवे स्टेशन जा रहा था, तभी आरोपी ने रास्ते में उसे रोक लिया और दरांती से हमला कर दिया। हमले में रोहित के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने तुरंत उसे बचाया और अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कांजुरमार्ग पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।