पिता के साथ जा सकती थी मोजतबा खामेनेई की जान?: अमेरिका-इस्राइल के हमले में बाल-बाल बचे थे, रिपोर्ट में खुलासा
क्या अयातुल्ला अली खामेनेई के साथ ही मोजतबा खामेनेई की मौत हो सकती थी? ऐसा क्या हुआ, जिससे वो इस हमले में बाल-बाल बच गए, जबकि उनके पिता समेत कई ईरानी अधिकारी इस हमले में मारे गए? दावा तो यहां तक किया जा रहा है कि मोजतबा अमेरिका-इस्राइल के हमले में सकेंडो से बच गए। आइए इस खबर को विस्तार से जानते हैं।
विस्तार
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहे मोर्चे पर ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब 18वें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है। इसी बीच ईरान में हाल ही में हुए एक बड़े मिसाइल हमले को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई अमेरिका और इस्राइल के संयुक्त मिसाइल हमले में कुछ ही सेकंड से बच गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, हमला उस समय हुआ जब वे अपने आवास से बाहर निकलकर बगीचे की ओर चले गए थे। इसी दौरान मिसाइलें उनके परिसर पर आ गिरीं। इस हमले में उनके पिता और ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और रिश्तेदारों की मौत हो गई।
कैसे बची जान?
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह जानकारी ईरानी अधिकारियों की एक निजी बैठक की कथित लीक हुई ऑडियो रिकॉर्डिंग से सामने आई है। इसमें खामेनेई कार्यालय के प्रोटोकॉल प्रमुख मजाहिर हुसैनी ने बताया कि हमले से कुछ पल पहले मोजतबा खामेनेई किसी काम से बाहर चले गए थे। उन्होंने कहा कि मोजतबा बगीचे में थे और वापस ऊपर की ओर जा रहे थे, तभी इमारत पर मिसाइल हमला हो गया। इस वजह से वे बड़ी दुर्घटना से बच गए।
ये भी पढ़ें:- US: 'मेरे और राष्ट्रपति के बीच मतभेद पैदा करना चाहते हैं?', पश्चिम एशिया को लेकर वेंस का चौंकाने वाला बयान
कई मिसाइलों से किया गया हमला
रिपोर्ट के अनुसार, परिसर पर कम से कम तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। एक मिसाइल उस हिस्से पर गिरी जहां अली खामेनेई मौजूद थे, जबकि दूसरी मिसाइल उस मंजिल पर गिरी जहां मोजतबा का निवास था।बताया गया कि इस हमले में मोजतबा खामेनेई को पैर में हल्की चोट आई, लेकिन वे सुरक्षित बच गए।
हमले में कई वरिष्ठ अधिकारियों की मौत
लीक ऑडियो में हमले के भयानक असर का भी जिक्र किया गया है। इसमें बताया गया कि ईरान के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मोहम्मद शिराजी भी इस हमले में मारे गए। रिपोर्ट के मुताबिक, मिसाइल विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि उनका शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पहचान करना मुश्किल हो गया। इसी परिसर में मोजतबा खामेनेई के रिश्तेदार मिस्बाह अल-हुदा बाघेरी कानी के घर पर भी एक मिसाइल गिरी, जिससे उनकी भी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें:- Israel: मौत की अफवाहों के बीच नेतन्याहू ने ईरान के लोगों को दी नवरोज की शुभकामनाएं, वीडियो जारी कर भेजा संदेश
क्या अभी भी मोजतबा के जिंदा होने सस्पेंस बरकरार है?
गौरतलब है कि इस हमले के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से कहीं नजर नहीं आए हैं। उन्होंने केवल ईरानी सरकारी टीवी पर एक संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने मारे गए लोगों के खून का बदला लेने की बात कही। दूसरी ओर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि अमेरिकी अधिकारियों को अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ईरानी नेता की वास्तविक स्थिति क्या है। ट्रंप ने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि वे गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि उनकी मौत हो चुकी है। हमने उन्हें अभी तक देखा नहीं है, इसलिए हमें पक्का नहीं पता कि वे जीवित हैं या नहीं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
कमेंट
कमेंट X