{"_id":"69f3e2a53d0ae5cb320b3295","slug":"news-updates-north-east-west-south-india-elections-2026-politics-crime-national-news-in-hindi-2026-05-01","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"News Updates: कर्नाटक कैबिनेट ने एससी आंतरिक आरक्षण को मंजूरी दी, मणिपुर में पुल ढहने से आपूर्ति मार्ग बाधित","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
News Updates: कर्नाटक कैबिनेट ने एससी आंतरिक आरक्षण को मंजूरी दी, मणिपुर में पुल ढहने से आपूर्ति मार्ग बाधित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला
Published by: Devesh Tripathi
Updated Fri, 01 May 2026 09:48 AM IST
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कर्नाटक सरकार ने अनुसूचित जातियों (SC) के लिए आंतरिक आरक्षण को लेकर पहले लिए गए निर्णयों को औपचारिक मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही सरकारी विभागों में लंबित भर्तियों को तेज करने के लिए भर्ती नियमों में अहम बदलाव भी किए गए हैं। राज्य मंत्रिमंडल ने 16 और 24 अप्रैल को लिए गए फैसलों को दोहराते हुए आरक्षण नीति में आवश्यक संशोधनों को मंजूरी दी है। एच के पाटिल ने जानकारी दी कि सरकार एससी वर्ग के 15 प्रतिशत कोटे के भीतर आंतरिक आरक्षण को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Trending Videos
नई व्यवस्था के तहत भर्ती प्रक्रिया में 400-पॉइंट रोस्टर प्रणाली अपनाई जाएगी, जिससे आरक्षण का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। यदि किसी भर्ती में एससी के लिए तीन से कम रोस्टर पॉइंट बनते हैं, तो सभी 101 अनुसूचित जाति समुदायों को सामान्य एससी श्रेणी के तहत प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
मणिपुर के चुराचांदपुर में प्रमुख पुल ढहा
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में एक अहम बैली ब्रिज ढह जाने से इलाके की कनेक्टिविटी प्रभावित हो गई है। यह घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार तुईवाई नदी पर बना यह बैली ब्रिज सिनजावल और खुआंगजिन गांवों को जोड़ता था, जो राष्ट्रीय राजमार्ग NH-102B पर स्थित है। बताया गया कि पुल उस समय टूट गया जब सीमेंट से लदे दो ट्रक उस पर से गुजर रहे थे।
अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, जिससे बड़ी राहत मिली है। हालांकि, पुल गिरने से इलाके की आवाजाही पर गंभीर असर पड़ा है। यह मार्ग चुराचांदपुर के लिए बेहद महत्वपूर्ण आपूर्ति लाइन माना जाता है, जिसके जरिए असम के सिलचर और मिजोरम से जरूरी सामान की सप्लाई होती है। पुल के टूटने से फिलहाल इस सप्लाई चेन में बाधा आ गई है। अधिकारियों ने बताया कि पुल की मरम्मत और बहाली का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द आवागमन और सप्लाई को बहाल किया जा सके।
हैदराबाद में कबाड़ की दुकान में लगी भीषण आग
तेलंगाना के हैदराबाद में बहादुरपुरा क्रॉस रोड स्थित एक कबाड़ की दुकान में आग लग गई। मौके पर कुल 8 दमकल गाड़ियां मौजूद हैं। अभी तक सामने आई जानकारी के अनुसार, फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटनास्थल पर अग्निशमन विभाग के कर्मी आग को बुझाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
