Updates: पद्म पुरस्कार से सम्मानित डॉ. मणि छेत्री का निधन; ओडिशा: बालासोर में सड़क दुर्घटना, तीन लोगों की मौत
भारत ने रविवार को अफगानिस्तान में हाल ही में आए बाढ़ और भूकंप से प्रभावित लोगों की मदद के लिए नई राहत सामग्री भेजी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत कठिन समय में अफगान लोगों के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव मदद देगा। जायसवाल ने बताया कि राहत सामग्री में रसोई के सामान, सफाई किट, प्लास्टिक शीट, तिरपाल, स्लीपिंग बैग और अन्य जरूरी चीजें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा अफगान लोगों के साथ मानवतावादी सहायता के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर जताई चिंता
हैदराबाद में 74वें बीएन मुल्लिक मेमोरियल ऑल इंडिया पुलिस फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 के समापन समारोह में, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंथ रेड्डी ने कहा कि शिक्षित युवाओं में नशे की आदतें बढ़ रही हैं, और समाज को इस पर ध्यान देना चाहिए। रेड्डी ने कहा कि युवा अब खेल और स्वस्थ गतिविधियों से दूर जा रहे हैं, जिससे समाज में समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने चेताया कि ड्रग्स और साइबर अपराध पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती हैं।
सीएम ने कहा कि सरकार युवाओं को खेलों की ओर लाने और नशे तथा पब कल्चर से दूर रखने की कोशिश कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि यंग इंडिया स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी स्थापित की जा रही है, ताकि प्रतिभाशाली खिलाड़ी और ओलंपिक में भारत की स्थिति सुधारी जा सके। रेड्डी ने युवा खिलाड़ियों और समाज से आग्रह किया कि वे खेलों और स्वस्थ गतिविधियों को अपनाएं और नशे की तरफ न जाएं
प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ. मणि छेत्री का 106 वर्ष की आयु में उनके आवास पर निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि उन्हें लगभग दो सप्ताह पहले गिरने के बाद सिर में चोट लगी थी और अस्पताल से घर लौटने के बाद से वह ज्यादातर बिस्तर पर ही थे। परिवार के एक सदस्य ने बताया, "अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनमें सुधार के लक्षण दिखाई दिए थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों में उनकी हालत धीरे-धीरे बिगड़ती चली गई।" 23 मई, 1920 को दार्जिलिंग में जन्मे छेत्री ने उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने से पहले 1944 में एमबीबीएस की उपाधि प्राप्त की। बाद में वे भारत लौट आए और एक हृदय रोग विशेषज्ञ के रूप में एक विशिष्ट करियर बनाया। इस क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें व्यापक मान्यता मिली।
ओडिशा के बालासोर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 16 पर दो ट्रकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के एनएच 16 पर दहिसादा के पास सड़क किनारे खड़ी झारखंड में पंजीकृत एक ट्रक में खराबी आ गई थी, तभी उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर वाली स्टील शीट से लदी एक लॉरी ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना रात करीब एक बजे हुई। टक्कर के कारण चलते ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने बताया कि ट्रक के केबिन के अंदर मौजूद तीन लोग कुचल गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और माना जा रहा है कि वे उत्तर प्रदेश के निवासी थे, क्योंकि वाहन उत्तर प्रदेश से आ रहा था। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है।