{"_id":"6afffaf4b2a509a28e0558a6","slug":"operation-monsoon-thunder-ncb-us-dea-crackdown-on-international-drug-network-6-arrested-2026-11-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऑपरेशन मॉनसून थंडर: एनसीबी ने यूएस ड्रग एनफोर्समेंट के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर कसा शिकंजा, 6 अरेस्ट","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
ऑपरेशन मॉनसून थंडर: एनसीबी ने यूएस ड्रग एनफोर्समेंट के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर कसा शिकंजा, 6 अरेस्ट
Fri, 20 Nov 2026 01:20 PM IST
राहुल कुमार
डिजिटल ब्यूरो अमर उजाला, नई दिल्ली
डिजिटल ब्यूरो अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: राहुल कुमार
Updated Fri, 20 Nov 2026 01:20 PM IST
सार
-जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच अमेरिका में भेजे गए 3000 पार्सल -पार्सल में थीं करीब पांच लाख गोलियां।
-यह नेटवर्क अमेरिका में उपभोक्ताओं को साइकोट्रोपिक पदार्थों और ओपिओइड/एनआरएक्स दवाओं की अवैध सप्लाई कर रहा था।
विज्ञापन
NCB
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और यूनाइटेड स्टेट्स ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) ने मिलकर एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की है, जो अमेरिका में साइकोट्रोपिक और ओपिओइड दवाएं सप्लाई करता था। इस मामले में छह लोग गिरफ्तार किए गए हैं। यह नेटवर्क, कथित तौर पर अमेरिका में उपभोक्ताओं को साइकोट्रोपिक पदार्थों और ओपिओइड/एनआरएक्स दवाओं की अवैध सप्लाई में शामिल था।
विज्ञापन
एनसीबी और अमेरिका के ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन ने 'संयुक्त अभियान 'ऑपरेशन मॉनसून थंडर' के तहत यह कार्रवाई की है। दोनों देशों की एजेंसियों ने मिलकर एक संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के भारतीय मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इसके लिए एनसीबी ने भारत में कई जगहों पर छापेमारी की, जिसके परिणामस्वरूप छह लोगों को गिरफ्तार किया गया।
विज्ञापन
खुफिया जानकारी के आधार पर, एनसीबी ने हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ सहित कई स्थानों पर छापेमारी की। चार नवंबर से 13 नवंबर के बीच छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वे इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का हिस्सा थे। जांच से पता चला है कि यह नेटवर्क कथित तौर पर अमेरिका में उपभोक्ताओं को साइकोट्रोपिक पदार्थों और ओपिओइड/एनआरएक्स दवाओं की सप्लाई करने में शामिल था। अब तक की जांच में मिले रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों से संकेत मिलता है कि इस नेटवर्क ने जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच अमेरिका में लगभग 3,000 पार्सल भेजे, जिनमें करीब पांच लाख गोलियां थीं।
विज्ञापन
जांच के दौरान, एनसीबी ने कई ऐसे शिपमेंट की पहचान की, जिनमें 1,500 से अधिक गोलियां थीं। उन्हें अमेरिका में अलग-अलग जगहों पर पहुंचाया जाना था। प्रवर्तन कार्रवाई के लिए डीईए के साथ महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी साझा की गई। डीईए ने दो शिपमेंट जब्त कर लिए हैं। इसके अलावा, 59,000 से अधिक लोगों (ग्राहकों) का डेटाबेस भी डीईए के साथ साझा किया गया है। इसमें उनके लेन-देन, पहले भेजे गए शिपमेंट का विवरण, डिलीवरी पते, यूएसपीएस ट्रैकिंग आईडी और दवाओं के प्रकार जैसी जानकारी शामिल है। इससे डीईए को अमेरिका में काम कर रहे ग्राहकों और ड्रॉप-शिपर की पहचान करने में मदद मिलेगी।
जांच से पता चलता है कि यह नेटवर्क अपने शिपमेंट और ग्राहकों का विवरण डिजिटल रिकॉर्ड (जैसे गूगल शीट्स) में रखता था। भारतीय ऑपरेटरों को टेलीग्राम, स्काइप और व्हाट्सएप जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए दवाओं के ऑर्डर मिलते थे। इसके बाद, अमेरिका में सक्रिय नेटवर्क के जरिए इन दवाओं को डाक या अन्य डिलीवरी माध्यमों (जैसे यूनाइटेड स्टेट्स पोस्टल सर्विस) से भेजा जाता था। फिलहाल, डीईए भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो से मिली जानकारी के आधार पर जांच कर रही है। हालांकि इस डेटासेट में लगभग 59,000 लोग शामिल हैं। डीईए इस अवैध दवा नेटवर्क को तोड़ने के लिए गहन खुफिया विश्लेषण करेगी। इसके लिए विशेष संसाधन लगाएगी।
जांच में यह भी सामने आया है कि भारतीय ऑपरेटर डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म (जैसे अमेरिका का पेमेंट ऐप 'वेनमो'), दूसरों के नाम पर खुले बैंक खातों, यूपीआई और क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भुगतान ले रहे थे। साथ ही, यह भी पता चला है कि उन्होंने पैसे (कमीशन) लेने के लिए हवाला चैनलों का इस्तेमाल किया। अब इस बात की जांच की जा रही है कि इस पैसे का फायदा किसे मिला और नशीली दवाओं की तस्करी से कितनी कमाई हुई।
हालांकि जाँच के दायरे में आया सप्लाई और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क संयुक्त राज्य अमेरिका के भीतर काम कर रहा था, लेकिन भारत में गिरफ्तार व्यक्ति के पास मौजूद रिकॉर्ड में मिले डिजिटल डेटा और दवाओं के ब्रांडों से संकेत मिलता है कि ये पदार्थ संभवतः कई देशों से मंगाए जा रहे थे। इन पदार्थों के सटीक स्रोत, इन्हें हासिल करने के तरीकों और इनके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आवागमन की जाँच की जा रही है, ताकि पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके और इसमें शामिल लोगों तथा संस्थाओं की पहचान की जा सके।
यह ऑपरेशन संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क की पहचान करने और उन्हें खत्म करने के लिए एनसीबी के लगातार प्रयासों को दर्शाता है। ये नेटवर्क डिजिटल प्लेटफॉर्म, डाक सेवाओं और सीमा पार सप्लाई चेन का गलत फायदा उठाते हैं। एनसीबी ड्रग तस्करी सिंडिकेट के खिलाफ मिलकर कार्रवाई करने और नशीले पदार्थों तथा साइकोट्रोपिक पदार्थों के अवैध व्यापार के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।
