संसद में सियासी घमासान: 'राहुल अपना रहे दोहरा रवैया', अनुराग ठाकुर ने कसा तंज तो प्रियंका ने संभाला मोर्चा
संसद में झारखंड छात्रों के मुद्दे पर सियासी घमासान चल रहा है। एनडीए विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। इसी बीच अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर साधा निशाना है। उन्होंने राहुल पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। इस पर प्रियंका गांधी ने पलटवार करते हुए एनडीए के प्रदर्शन पर तंज कसा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सांसदों ने मंगलवार को विपक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वे संसद में चर्चा से भाग रहे हैं। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने एनडीए के प्रदर्शन पर तंज कसा।
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने क्या कहा?
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा,'झारखंड के युवाओं को न्याय मिलना चाहिए। उन पर जिस तरह से लाठीचार्ज किया गया और ज्यादतियां हुईं, उससे राहुल गांधी की सोच का पता चलता है। इससे साफ होता है कि उनके समर्थकों की सरकार वाले राज्य में युवाओं के साथ कैसा बुरा बर्ताव हो रहा है।'
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें न्याय से कैसे वंचित रखा जा रहा है। फिर भी, दूसरी तरफ, वे खुद तो सदन में आते नहीं, लेकिन गृह मंत्री से जवाब मांगते हैं। गृह मंत्री जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए झूठ फैला रहे हैं और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने क्या पलटवार किया?
वहीं, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने एनडीए के सांसदों पर तंज कसा। उन्होंने कहा,’ मैंने पहली बार सत्ताधारी पार्टी के सांसदों को विरोध करते देखा है। हमने उन्हें ऐसा करने पर मजबूर किया है। अब उन्हें आगे आकर बयान देना चाहिए।’ दरअसल, एनडीए के सांसदों ने मंगलवार को संसद परिसर में झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के मुद्दे पर प्रदर्शन किया।
भाजपा सांसद निशिकांत ने राहुल गांधी को लेकर क्या कहा?
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने मंगलवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की दोहरी मानसिकता की कड़ी आलोचना की। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए दुबे ने विपक्ष के नेता पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'मोदी के प्रति उनके तेज विरोध और देश को तोड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों के साथ उनके निरंतर जुड़ाव को देखते हुए, आपके लिए एक संदेश है। इस दोहरे रवैये, इस दोहरे मापदंड और इस विभाजनकारी मानसिकता को समाप्त करें। छात्रों के साथ खड़े हों और सुनिश्चित करें कि उन्हें न्याय मिले।'
गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने मंगलवार को संसद के कामकाज और झारखंड में हाल ही में हुए छात्र विरोध प्रदर्शनों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा पर हुई पिछली चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की गैर-मौजूदगी पर सवाल उठाए।
'अमित शाह कहां थे'
गोगोई ने कहा, 'जब शिक्षा पर दो दिन की चर्चा हुई, जिसमें राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने अपनी बात रखी और भाजपा सरकार ने कई बयान दिए - जिनमें मंत्री जितेंद्र सिंह की टिप्पणियां भी शामिल थीं - तब अमित शाह कहां थे? उन्होंने चर्चा में हिस्सा क्यों नहीं लिया?'