{"_id":"69cbb8586cbf50b68401b003","slug":"prime-minister-narendra-modi-inaugurates-the-himmatnagar-khedbrahma-gauge-conversion-project-2026-03-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"गुजरात को बड़ी सौगात: पीएम मोदी ने रेल प्रोजेक्ट का किया उद्घाटन, बोले- डीसा एयरबेस से बढ़ेगी सीमा सुरक्षा","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
गुजरात को बड़ी सौगात: पीएम मोदी ने रेल प्रोजेक्ट का किया उद्घाटन, बोले- डीसा एयरबेस से बढ़ेगी सीमा सुरक्षा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद।
Published by: Rahul Kumar
Updated Tue, 31 Mar 2026 05:35 PM IST
विज्ञापन
सार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वाव-थराड़ में हिमतनगर–खेड़ब्रह्मा गेज लाइन अपग्रेडेशन परियोजना (54.83 किमी) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने खेड़ब्रह्मा–हिमतनगर–असरवा ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई।
पीएम नरेंद्र मोदी
- फोटो : एएनआई
विज्ञापन
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वाव-थराड में विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अभी कुछ ही दिन पहले पावन नवरात्रि का पर्व पूर्ण हुआ है। यह मां अम्बा जी की कृपा ही है कि मुझे उनके चरणों में आज आने का सौभाग्य मिला है।
Trending Videos
पीएम मोदी ने सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "मैं मां अम्बा जी के चरणों में प्रणाम करता हूं। यह भी एक सुखद संयोग है कि आज हम भगवान महावीर जयंती मना रहे हैं। हमारा यह क्षेत्र अनेकों जैन तीर्थों की धरती है। मैं भगवान महावीर को प्रणाम करता हूं और आप सभी को पवित्र जनकल्याण दिवस की महावीर जयंती की बधाई भी देता हूं।"
विज्ञापन
विज्ञापन
डीसा प्रोजेक्ट में देरी पूर्व केंद्र सरकार की वजह से
पीएम मोदी ने कहा कि आज मेरा मन एक और बात से प्रसन्न है। जब मैं यहां आया तो पहली बार मेरा विमान सीधे डीसा एयरबेस पर लैंड हुआ। डीसा का यह एयरबेस अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 130 किमी की दूरी पर है। आप समझ सकते हैं कि यह देश की सुरक्षा के लिए कितना अहम है। डीसा एयरपोर्ट के इस प्रोजेक्ट का विचार आज का नहीं है, बल्कि मैं जब यहां मुख्यमंत्री था, तब से हमने जमीन अधिग्रहीत की। किसान भाइयों ने जमीन दी और हम चाहते थे कि राष्ट्रीय सुरक्षा, पश्चिमी सीमा की सुरक्षा के लिए यह डीसा अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि तब की दिल्ली सरकार ने इस प्रोजेक्ट की फाइलों को नीचे कर दिया था और जब आपने मुझे दिल्ली भेजा तो मैंने उसे निकाला। इसका ही परिणाम है कि एयरफोर्स का एक बड़ा बेस डीसा से जुड़ गया है। यह सिर्फ हवाई पट्टी नहीं है, बल्कि इसके कारण बड़ी गतिविधियां होने वाली हैं। बड़ी संख्या में जवान यहां रह रहे हैं। इस क्षेत्र के विकास में इसका बड़ा योगदान होने वाला है। पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि इस प्रोजेक्ट में देरी पूर्व केंद्र सरकार की वजह से हुई।
पीएम मोदी ने कहा कि वाव-थराड और बनासकांठा का यह क्षेत्र, आप सब जानते हैं कि यहां से मेरा कितना लगाव है और आपका अपार प्रेम मैं भूल ही नहीं सकता। मैंने इस काम को मिशन मोड में किया। जितना हो सके, उतना गुजरात को हमने आगे बढ़ाया। आज भी यहां केंद्र और राज्य की करीब 20 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं शुरू हो रही हैं। इस प्रोजेक्ट से पूरे इलाके की तस्वीर बदलेगी। यह प्रोजेक्ट यहां के जीवन को नई गति देगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज गुजरात सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी है और इसकी उपलब्धियां सराहनीय हैं। भारत में नवीकरणीय ऊर्जा विकास में यह राज्य सबसे आगे है, क्योंकि इसने इस क्षेत्र पर तब ध्यान देना शुरू किया, जब राष्ट्रीय स्तर पर इस पर बहुत कम ध्यान दिया जा रहा था। 2010 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मैंने एक सौर पार्क की स्थापना की पहल की। एक बहु-प्रौद्योगिकी परियोजना जिसने इस क्षेत्र में सौर ऊर्जा आंदोलन को गति दी।
उन्होंने कहा कि साल 2010 में मैंने मुख्यमंत्री रहते हुए सारंगपुर में देश का पहला सोलर पार्क शुरू करवाया था। यह अपने में एक मल्टी-टेक्नोलॉजी पार्क है, जिसने सोलर एनर्जी का मूवमेंट शुरू किया। आज गुजरात में जिस प्रकार सोलर एनर्जी का काम हो रहा है, जैसे आज ही खावड़ा रिन्यूएबल एनर्जी पार्क से जुड़ी परियोजनाएं शुरू हुई हैं। वह दिन दूर नहीं, जब गुजरात रिन्यूएबल एनर्जी में दुनिया का बहुत बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।
उन्होंने कहा कि मुझे आज यहां दशकों पुराना हाल भी याद आया। वह दिन कोई नहीं भूल सकता, जब उत्तर गुजरात का नाम आते ही लोगों के मन में एक अलग ही तस्वीर बनती थी। सूखा, अकाल आदि को कौन भूल सकता है। संघर्ष से भरा यह जीवन, और कांग्रेस सरकार द्वारा हमारी निरंतर उपेक्षा। कौन भूल सकता है वह दिन। जब कई-कई किमी दूर से पानी लाना पड़ता था। हमने पूरे गुजरात में गांव-गांव को अच्छी सड़कों से जोड़ा। हाई-स्पीड हाईवे बनाए। वंदे भारत जैसी हाई-स्पीड ट्रेनों की सुविधा भी गुजरात को मिल रही है।
'राजनीतिक दल मौजूदा संकट का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश में'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह भी कहा कि पिछले एक महीने में, दुनिया भर के कई देश युद्ध, अराजकता और अस्थिरता से जूझ रहे हैं। विशेष रूप से पश्चिम एशिया की स्थिति का वैश्विक स्तर पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है, जिससे ऊर्जा संकट पैदा हो रहा है जो दुनियाभर के देशों को प्रभावित कर रहा है। इन चुनौतियों के बीच भारत स्थिरता बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रण में रखने में सफल रहा है। यह लचीलापन भारत की प्रभावी विदेश नीति और जनता की एकता के कारण संभव हो पाया है।
उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल मौजूदा संकट का राजनीतिक लाभ उठाने में लगे हुए हैं। इनमें कांग्रेस पार्टी विशेष रूप से विभाजनकारी राजनीति में सक्रिय रही है, ऐसे समय में जब देश को एकता की सबसे अधिक आवश्यकता है। विश्वास और एकजुटता को बढ़ावा देने के बजाय कांग्रेस के नेता भय और अफवाहें फैला रहे हैं, जिससे इन कठिन समय का सामना करने के लिए आवश्यक सामूहिक शक्ति कमजोर हो रही है।
'पंचायत से संसद तक, जब तक आपका भरोसा बना रहेगा'
दिल्ली में एआई समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि जब इस समिट की पूरे विश्व में प्रशंसा हो रही थी, लेकिन कांग्रेस के लोगों ने अपने कपड़े तक फाड़ दिए। इनकी कोशिश थी कि दुनिया के सामने भारत की छवि खराब हो। आज के हालात में भी कांग्रेस भारत में नफरत करने वाली विदेशी ताकतों की भाषा बोल रही है। हमें कांग्रेस के इस षड्यंत्र से सावधान रहना होगा। यह वक्त सावधान रहने का है। पीएम ने कहा कि पंचायत से संसद तक, जब तक आपका भरोसा बना रहेगा, विकास की सुपरफास्ट एक्सप्रेस को इसी रफ्तार से गति मिलती रहेगी।
इनपुट: आईएएनएस