Maharashtra: अलीबाग के विवादित वीडियो पर राहुल नार्वेकर की सफाई, बोले- झगड़ा शांत कराने की हुई थी कोशिश
अलीबाग में एक सड़क किनारे विवाद से जुड़ा राहुल नार्वेकर का वीडियो वायरल होने के बाद उन्होंने सफाई दी कि उनका जमीन विवाद से कोई संबंध नहीं है और वह केवल झगड़ रहे दो लोगों को शांत कराने के लिए रुके थे। आइए विस्तार से जानते हैं।
विस्तार
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने अपने वायरल वीडियो की सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनका किसी विवाद से कोई संबंध नहीं है और उन्होंने केवल सड़क किनारे झगड़ रहे दो स्थानीय लोगों को आपसी समझ से मामला सुलझाने की सलाह दी थी।
नार्वेकर पर क्या लगा था आरोप?
दरअसल, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया था कि अलीबाग के तटीय क्षेत्र में जमीन हड़पने की कोशिश हो रही है। उन्होंने दावा किया कि माहट्रोली गांव में एक परिवार के यहां शादी के दौरान कुछ लोग परिसर में घुसकर जमीन की माप करने लगे, जिस पर विवाद हुआ।
वायरल वीडियो में एक महिला नार्वेकर के साथ मौजूद व्यक्ति पर हाथ उठाती दिखाई देती है और जमीन का जिक्र करती है। बाद में नार्वेकर एक महिला और एक पुरुष से बातचीत करते हुए नजर आते हैं, वहां से जाते हैं और फिर लौटकर दोनों पक्षों को झगड़ा न करने की सलाह देते हैं।
नार्वेकर ने क्या दी सफाई?
विवाद पर स्पष्टीकरण देते हुए भाजपा विधायक नार्वेकर ने कहा कि वह कुछ दिन पहले अपने फार्महाउस जा रहे थे, तभी रास्ते में दो किसानों के बीच बहस होती देख रुके और उन्हें शांतिपूर्वक मामला सुलझाने की सलाह देकर आगे बढ़ गए। उन्होंने कहा कि इस विवाद से उनका किसी भी तरह का कोई लेना-देना नहीं है।
वीडियो में दिख रहे किसानों में से एक, रमेश पाटिल ने भी मीडिया से बातचीत में नार्वेकर का बचाव करते हुए कहा कि वह केवल वहां से गुजर रहे थे और झगड़ा शांत कराने की कोशिश कर रहे थे।
गौरतलब है कि दक्षिण मुंबई से फेरी द्वारा लगभग एक घंटे की दूरी पर स्थित अलीबाग अपने सुंदर समुद्रतट और फार्महाउस संस्कृति के कारण बीते दो दशकों में रियल एस्टेट हब के रूप में तेजी से उभरा है। कई उद्योगपतियों और बॉलीवुड हस्तियों के यहां फार्महाउस हैं।
इसी बीच, मुंबई महानगरपालिका चुनाव के लिए पिछले महीने दाखिल हलफनामे में नार्वेकर के छोटे भाई मकरंद नार्वेकर द्वारा 2022 से 2025 के बीच अलीबाग क्षेत्र में 27 जमीन के टुकड़े खरीदे जाने का भी उल्लेख सामने आया है, जिससे इस विवाद को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.