Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Jammu and Kashmir ›   Srinagar News ›   Srinagar: Threat of glacial floods looms over the fragile Himalayan ecosystem

श्रीनगर: हिमालय के नाजुक पारिस्थितिक तंत्र पर ग्लेशियर बाढ़ का खतरा, पर्यावरण और तकनीकी विशेषज्ञों ने चेताया

Tue, 24 Nov 2026 02:43 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमृतपाल सिंह बाली, श्रीनगर
अमृतपाल सिंह बाली, श्रीनगर Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Tue, 24 Nov 2026 02:43 AM IST
सार

नाजुक हिमालयी इकोसिस्टम पर ग्लेशियर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इस खोदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे कश्मीर में भारी आक्रोश फैल गया है।

विज्ञापन
Srinagar: Threat of glacial floods looms over the fragile Himalayan ecosystem
शेषनाग झील पर चले जेसीबी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दक्षिण कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में समुद्र तल से लगभग 3,590 मीटर (11,780 फीट) की ऊंचाई पर स्थित ऐतिहासिक और अत्यधिक संवेदनशील शेषनाग झील के किनारे भारी जेसीबी मशीनों (एक्स्कवेटर) से खोदाई की जा रही। इससे नाजुक हिमालयी इकोसिस्टम पर ग्लेशियर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इस खोदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे कश्मीर में भारी आक्रोश फैल गया है।

विज्ञापन


बर्फ से ढकी और साफ दोनों परिस्थितियों में रिकॉर्ड किए गए इन वीडियो में झील के बिल्कुल करीब भारी मशीनें मिट्टी खोदती और मलबा डालती दिखाई दे रही हैं। पर्यावरणविदों, स्थानीय नागरिकों, कश्मीरी पंडित समुदाय और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे हिमालय के नाजुक पारिस्थितिकी तंत्र के साथ सीधा खिलवाड़ बताते हुए काम को तत्काल रोकने की मांग की है।
विज्ञापन


जम्मू-कश्मीर सरकार ने शेषनाग झील को पहले ही प्रदेश की 14 संभावित खतरनाक ग्लेशियर झीलों की सूची में शामिल किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की झीलें अक्सर ढीले और कमजोर ग्लेशियर मलबे के सहारे टिकी होती हैं। भारी मशीनों के कंपन, ढलानों से छेड़छाड़ और झील के किनारे मिट्टी डालने से झील का प्राकृतिक बांध कमजोर हो सकता है या भूस्खलन हो सकता है। इससे ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (ग्लोफ- ग्लेशियर झील के फटने से आने वाली विनाशकारी बाढ़) का खतरा बढ़ जाता है, जैसा कि हाल ही में नेपाल में देखने को मिला था।
विज्ञापन
विज्ञापन


हाइड्रोलिक इंजीनियरिंग विशेषज्ञ और पर्यावरणविद एजाज़ रसूल ने इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शेषनाग झील हिमालय के सबसे नाजुक जलग्रहण क्षेत्रों में से एक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, शेषनाग झील काे खोदाई करने वाली मशीनों की नहीं, बल्कि वैज्ञानिक योजना की जरूरत है। तीर्थयात्रियों की सुरक्षा एक उचित प्राथमिकता है और सुविधाएं बढ़नी चाहिए, लेकिन यह पवित्र यात्रा जिस पारिस्थितिकी तंत्र से होकर गुजरती है, उसी के कारण पावन है। उसकी बलि नहीं दी जानी चाहिए।'''' एजाज ने प्रशासन से तब तक काम रोकने की मांग की है, जब तक कि कार्य का दायरा, पर्यावरणीय व भू-तकनीकी प्रभाव आकलन (ईआईए) और मलबे के निस्तारण की योजना सार्वजनिक नहीं की जाती।

मेगा प्रोजेक्ट और प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
सामने आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह निर्माण कार्य 110 किलोमीटर लंबे एनएच-501 (खन्नाबल–पहलगाम–चंदनवाड़ी–बालटल–सोनमर्ग) अपग्रेड प्रोजेक्ट या अमरनाथ यात्रा मार्ग को स्थिर करने की योजना का हिस्सा हो सकता है। लगभग 3,500 से 5,300 करोड़ की इस परियोजना में चंदनवाड़ी से संगम टॉप तक 22.3 किलोमीटर सड़क और महागुनस टॉप के नीचे 10.8 किलोमीटर लंबी शेषनाग-पंचतरणी सुरंग का निर्माण प्रस्तावित है। इसका मुख्य उद्देश्य कई दिनों की कठिन तीर्थयात्रा को कुछ घंटों में समेटना और लद्दाख के लिए एक वैकल्पिक रणनीतिक मार्ग तैयार करना है।

हालांकि, पहलगाम विकास प्राधिकरण (पीडीए), श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) और जम्मू-कश्मीर प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है कि ये मशीनें किस एजेंसी की हैं। आरटीआई कार्यकर्ता राजा मुजफ्फर ने एक्स पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय और मुख्यमंत्री को टैग करते हुए सवाल उठाया कि इतनी भारी मशीनें कश्मीर के ग्लेशियरों तक कैसे पहुंच गईं। गौरतलब है कि 21 नवंबर को ही वन मंत्री अल्ताफ कल्लू ने पहलगाम में किसी भी अनधिकृत निर्माण पर सख्त कार्रवाई की बात कही थी, लेकिन इसके बावजूद झील के किनारे जारी खुदाई ने सरकारी दावों पर सवालिया निशान लगा दिया है।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा, हर स्वर्ग को सड़क की जरूरत नहीं
इंस्टाग्राम, एक्स और व्हाट्सएप पर वायरल हो रहे इन दृश्यों पर आम लोगों, युवाओं और विभिन्न समुदायों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कश्मीरी पंडित समुदाय से जुड़े यूजर अंकुश मीडिया एक्स ने इसे आस्था और प्रकृति दोनों के लिए घातक बताते हुए लिखा कि हमारे पवित्र स्थलों को नष्ट करना बंद किया जाना चाहिए। उन्होंने चिंता जताई कि इस साल अमरनाथ गुफा में प्राकृतिक रूप से बनने वाला हिमलिंग बेहद कम समय में पिघल गया, जो प्रकृति की ओर से एक गंभीर चेतावनी है। वहीं, जीशान मुश्ताक ने जल संकट की ओर इशारा करते हुए कहा कि शेषनाग के ठीक बगल में स्थित शिशराम ग्लेशियर पूर्वी लिद्दर नदी का मुख्य स्रोत है। इसे नुकसान पहुंचने का सीधा असर निचले इलाकों की जल प्रणाली पर पड़ेगा और हिम तेंदुए, हिरण तथा आईबेक्स जैसे दुर्लभ वन्यजीवों का आवास छिन जाएगा।

विकास की परिभाषा पर बहस छेड़ते हुए एक अन्य यूजर आरिफ कश्मीरी ने लिखा कि कभी इस झील तक पहुंचने के लिए घंटों पैदल चलना पड़ता था, लेकिन आज गाड़ियों को करीब लाने के लिए इस नाजुक जंगल में सड़कें काटी जा रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि हर स्वर्ग को सड़क की जरूरत नहीं होती, सुगमता हमेशा प्रगति नहीं होती बल्कि संरक्षण ही असली प्रगति है। इसके साथ ही शाहिद अयूब ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), वन्यजीव विभाग और वन विभाग की चुप्पी पर भी कड़े सवाल खड़े किए हैं।


गौरतलब है कि हाल ही में अनंतनाग के कोकरनाग स्थित अहलन-गडोल क्षेत्र में वायलू-किश्तवाड़ सुरंग की अप्रोच रोड के लिए लगभग 40 हेक्टेयर वन भूमि से 543 परिपक्व देवदार और चीड़ के पेड़ों की कटाई को लेकर पहले से ही कश्मीर में पर्यावरण को लेकर भारी बेचैनी है। ऐसे में अब शेषनाग झील के मुहाने पर चल रही विशाल जेसीबी मशीनों ने स्थानीय लोगों के मन में एक बड़ी पर्यावरणीय आपदा का डर पैदा कर दिया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed