रांची: जेल में 20 वर्षीय युवक से तीन बार सामूहिक कुकृत्य, जेल अधीक्षक और डॉक्टर समेत 19 पर केस दर्ज
रांची की होटवार जेल में 20 वर्षीय युवक के साथ तीन अलग-अलग धार्मिक पर्वों महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल की रात नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार करने का आरोप लगा है। पीड़ित के पिता की शिकायत पर जेल अधीक्षक, जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर, वार्ड इंचार्ज और कैदियों समेत 19 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विस्तार
झारखंड की राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) में एक 20 वर्षीय युवक के साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि जेल में बंद कुछ कैदियों ने युवक को नशीला पदार्थ पिलाकर तीन अलग-अलग मौकों पर सामूहिक कुकृत्य किया। इतना ही नहीं, पीड़ित की शिकायत फाड़ने और जेल अस्पताल में इलाज करने से इन्कार करने का भी आरोप है। मामले में जेल अधीक्षक, जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर और वार्ड इंचार्ज समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के पिता नंदकिशोर शर्मा रातू थाना क्षेत्र के कटहल मोड़ स्थित मेकोन कॉलोनी के निवासी हैं। उनके अनुसार, रांची की अदालत ने 12 जून को उनके बेटे को एक मामले में बरी कर दिया था। जेल से रिहा होने के बाद युवक मानसिक सदमे में था। घर पहुंचने पर उसने परिजनों को जेल के अंदर हुई घटनाओं की जानकारी दी। इसके बाद पिता ने पुलिस से शिकायत की।
जेल के 19 लोगों को बनाया गया आरोपी
प्राथमिकी में कुल 19 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें जेल में बंद कैदियों के अलावा जेल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं। पहली श्रेणी में पिंटू (वार्ड 14), अरविंद गुप्ता (वार्ड 14), साहिल अंसारी (वार्ड 15), साहिल साह (वार्ड 15), रबिसर लोहरा (वार्ड 15), पवन (कैंटीन बॉय, वार्ड 14), मंटू (वार्ड 14), धनेश्वर बढ़ई, कातिल शिव उरांव (वार्ड 15), बल्लू (वार्ड 15), रेहान गोलू (वार्ड 15), गोलू साव (वार्ड 15), पोगो (अज्ञात), वार्ड नंबर 15 का वार्ड इंचार्ज, पुलिसकर्मी सिंह और संतोष उरांव (वार्ड 14) के नाम शामिल हैं।
वहीं, दूसरी श्रेणी में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर को शामिल किया गया है। इन पर साजिशकर्ता और सह-आरोपी होने का आरोप लगाया गया है।
महाशिवरात्रि की रात युवक को बनाया 'पार्वती'
पीड़ित के पिता की शिकायत के अनुसार, जेल में बंद आरोपियों ने तीन अलग-अलग धार्मिक पर्वों की रात युवक के साथ सामूहिक कुकृत्य किया। पहली घटना महाशिवरात्रि की रात की बताई गई है। आरोप है कि आरोपियों ने युवक को जबरन साड़ी पहनाई और उसका मेकअप करके उसे 'पार्वती' घोषित कर दिया। इसके बाद उसे जबरन तरल नशीला पदार्थ पिलाया गया, जिससे वह अचेत हो गया।
शिकायत में कहा गया है कि बेहोशी की हालत में आरोपी उसे घसीटकर वार्ड नंबर 3-ए में ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया। इस दौरान युवक को काफी रक्तस्राव हुआ।
रामनवमी और सरहुल पर भी सामूहिक कुकृत्य का आरोप
दूसरी घटना रामनवमी की रात की बताई गई है। आरोप है कि उसी गिरोह ने युवक को जबरन 'सीता' का रूप दिया और नशीला पदार्थ पिलाया। इसके बाद उसे 3 नंबर ग्राउंड हॉल में ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
तीसरी घटना सरहुल पूजा की रात हुई। प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपी युवक को घसीटकर वार्ड नंबर पांच स्थित सरहुल वार्ड में ले गए और वहां भी उसके साथ सामूहिक दरिंदगी की।
शिकायत पत्र फाड़ने और इलाज से इन्कार का आरोप
पीड़ित ने जेल के भीतर हुई घटनाओं की शिकायत लिखित रूप में तैयार कर वार्ड इंचार्ज को सौंपी थी। आरोप है कि वार्ड इंचार्ज ने शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय युवक के साथ गाली-गलौज की और शिकायत पत्र फाड़कर फेंक दिया।
शिकायत के अनुसार, घटनाओं के दौरान निजी अंग से काफी रक्तस्राव होने के बाद युवक इलाज के लिए जेल अस्पताल पहुंचा। वहां तैनात मेडिकल ऑफिसर ने उसके साथ अभद्रता की और शारीरिक जांच करने से साफ इन्कार कर दिया। आरोप है कि उसे बिना प्राथमिक उपचार दिए ही अस्पताल से वापस भेज दिया गया।
रिहाई के समय भी नहीं कराई गई मेडिकल जांच
पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन पर प्रशासनिक नियमों की अनदेखी का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 12 जून को युवक की रिहाई के समय भी उसकी कोई चिकित्सीय जांच नहीं कराई गई। फिलहाल खेलगांव थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले में जेल अधीक्षक, मेडिकल ऑफिसर और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
