झारखंड: धनबाद में अवैध खनन पर सीआईएसएफ का शिकंजा, ड्रोन से खदानों की निगरानी
धनबाद में सीआईएसएफ ने अवैध खनन, कोयला चोरी और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। 14 संवेदनशील ठिकानों पर छापेमारी में करीब 200 किलोग्राम कोयला, चार लोहे के पाइप और चार गैलन डीजल जब्त किए गए। 53 वाहनों की जांच हुई।
विस्तार
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) इकाई ने धनबाद में कोयला चोरी, अवैध खनन और कोयले के अवैध परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। केंद्र सरकार की जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस नीति के तहत बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन के समन्वय से 14 संवेदनशील ठिकानों पर छापेमारी और तलाशी ली गई। इस दौरान करीब 200 किलोग्राम अवैध कोयला और लोहे के चार पाइप जब्त किए गए। वहीं, क्षेत्र चार में अवैध खनन के एक मुहाने को पूरी तरह बंद कर दिया गया।
ड्रोन से खदानों और कोल डंप की निगरानी
अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा बल ने कई इलाकों में पहली बार आधुनिक ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया। गोविंदपुर क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हवाई निगरानी की गई। इस दौरान हायर पैच माइंस, जीआरएस रेलवे साइडिंग, तेतुलिया, बाबंडीहा जंगल, आमबगान और महेशपुर माइंस समेत कोल डंप क्षेत्रों की जांच की गई। सुरक्षा बल के अनुसार, जांच के दौरान इन सभी चिह्नित स्थलों पर स्थिति सामान्य पाई गई।
इसी तरह जेलगोड़ा क्षेत्र में भी ड्रोन से निगरानी की गई। इस दौरान सुशी माइंस, बागड़ीगी कोल डंप, मोदीविट्टा माइंस, लक्ष्मी माइंस और बीआर-5 क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया गया। यहां भी किसी तरह की गड़बड़ी नहीं मिली।
त्वरित कार्रवाई दल ने जब्त किया डीजल
अभियान के दौरान गोविंदपुर क्षेत्र में सलानपुर विभागीय माइंस के पास स्थित सिलेक्टर बस्ती के समीप स्ट्रीट लाइट अचानक ट्रिप होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी-05) मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। इस दौरान घटनास्थल से डीजल से भरे चार गैलन बरामद किए गए।
सुरक्षा बल ने जब्त डीजल को फिलहाल अपने नियंत्रण कक्ष में सुरक्षित रखवा दिया है। नियमों का पालन करते हुए इसे बीसीसीएल प्रबंधन को सौंपा जाएगा। बल ने स्पष्ट किया कि जिस स्थान से डीजल बरामद हुआ, वहां सुरक्षा बल के जवानों की नियमित तैनाती नहीं रहती है।
अवैध परिवहन रोकने के लिए 53 वाहनों की जांच
कोयले के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा बल ने विभिन्न मार्गों पर वाहन जांच अभियान भी चलाया। इस दौरान कुल 53 वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। अधिकारियों ने एम-परिवहन पोर्टल के माध्यम से वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों और पंजीकरण की प्रामाणिकता का सत्यापन किया।