झारखंड न्यूज: संघ कार्यालय ब्लास्ट केस में बड़ा एक्शन, लोहरदगा में कथित आरोपी के घर ईडी की छापेमारी
रांची के आरएसएस कार्यालय में हुए बम धमाके की जांच के सिलसिले में ED की टीम ने गुरुवार को लोहरदगा में कार्रवाई की। टीम ने कथित आरोपी अमन अंसारी के घर करीब पांच घंटे तक तलाशी ली। हालांकि, कार्रवाई के दौरान क्या बरामद हुआ
विस्तार
रांची स्थित राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के कार्यालय में हुए बम धमाके के मामले की जांच के सिलसिले में गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने लोहरदगा में कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, ED की टीम मामले के कथित आरोपी अमन अंसारी के घर पहुंची और करीब पांच घंटे तक तलाशी अभियान चलाया।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, टीम ने अमन अंसारी के आवास पर विभिन्न दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की तलाश की। इस दौरान घर के अलग-अलग हिस्सों की जांच की गई। हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। न ही यह स्पष्ट किया गया है कि जांच एजेंसी किन बिंदुओं को लेकर कार्रवाई कर रही थी।
आरएसएस कार्यालय बम धमाका मामले की जांच के दौरान इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम भी लोहरदगा पहुंच चुकी है। एनआईए की ओर से मामले से जुड़े आरोपियों के ठिकानों पर तलाशी लिए जाने की जानकारी सामने आई थी। अब ईडी की कार्रवाई के बाद मामले की जांच को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ये भी पढ़ें- झारखंड पहुंचा विवाद: वंदे मातरम पर प्रदीप यादव ने CM को लिखा चिट्ठी, कहा- शुरुआती दो छंद ही किए जाएं अनिवार्य
हालांकि, ईडी की ताजा कार्रवाई को लेकर प्रवर्तन निदेशालय की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं की गई है। ऐसे में छापेमारी के दौरान हुई बरामदगी, कार्रवाई के आधार और आगे की जांच को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही ईडी की कार्रवाई और मामले में इसकी भूमिका की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।