12:31 PM, 19-Jun-2026
आम लोगों पर ड्रोन से हमले कर रहा इस्राइल; 18 की मौत 33 घायल
दक्षिणी लेबनान में इस्राइली हमले में एक और व्यक्ति की मौत के बाद मरने वाले लोगों की संख्या 18 पहुंच गई है। लेबनान की नेशनल न्यूज़ एजेंसी (NNA) की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार आधी रात से हमले जारी हैं। इस्राइली ड्रोन से हमले कर रहा है। लेबनान के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, आधी रात के बाद हमलों में 33 अन्य लोग घायल भी हुए हैं।
12:21 PM, 19-Jun-2026
लेबनान के साथ टकराव में इस्राइली सेना के चार सैनिक बलिदान
इस्राइल और लेबनान के बीच ताजा संघर्ष के दौरान
चार सैनिक मारे गए हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई पर एसोसिएटेड प्रेस के हवाले से आई जानकारी के मुताबिक इस्राइली सेना ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में लड़ाई तेज हो गई है। भीषण गोलाबारी के दौरान चार सैनिक बलिदान हुए हैं।
11:18 AM, 19-Jun-2026
लेबनान को लेकर क्या मांग कर रहा ईरान?
ईरान का कहना है कि दक्षिणी लेबनान पर इस्राइल के हमले बंद होने के साथ कब्जा भी खत्म होना चाहिए। दूसरी तरफ इस्राइल का कहना है कि ईरान समर्थित शिया मिलिशिया हिजबुल्लाह के कारण खतरा बना हुआ है। इस कारण सेना पीछे नहीं हटेगी। इस्राइल की दलील है कि हिजबुल्ला से लड़ने के लिए उसे पूरी आजादी चाहिए, क्योंकि इसके लड़ाके उत्तरी इस्राइल पर हमले करते रहे हैं।
10:45 AM, 19-Jun-2026
जिनेवा में होने वाली बातचीत क्यों टली?
बातचीत टलने की यह खबर तब आई जब हिजबुल्ला से राजनीतिक रूप से जुड़े पैन-अरब सैटेलाइट चैनल 'अल-मायादीन' पर इससे जुड़ी खबर प्रसारित हुई। इसमें बताया गया कि लेबनान में इस्राइल के सैन्य अभियान की वजह से ईरान अपना प्रतिनिधिमंडल स्विट्जरलैंड भेजने में देरी कर रहा है।
111 दिनों की जंग में कितना नुकसान हुआ?
इसी साल 28 फरवरी को शुरू हुई जंग में इस्राइल ने अमेरिका के साथ मिलकर तेहरान में कई ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। बीते 111 दिनों की लड़ाई के दौरान ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत अधिकांश उच्च पदस्थ लोगों की जान गई। बाद में अमेरिका और ईरान के बीच शांति बहाल करने को लेकर बातचीत शुरू हुई। इसमें इस्राइल की तरफ से लगातार किए जा रहे हमले का मुद्दा अहम रहा है।
10:28 AM, 19-Jun-2026
West Asia Tension: क्या ट्रंप की डील को ठेंगा दिखा रहा इस्राइल, IDF ने लेबनान में ताबड़तोड़ हमले किए; जिनेवा में ईरान-US बातचीत टली
लेबनान में इस्राइली सेना की कार्रवाई के बाद पश्चिम एशिया में तनाव फिर से भड़कने की आशंका है। दरअसल, 111 दिनों के संघर्ष के बाद ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध समाप्त करने को लेकर समझौता हुआ है। इस्लामाबाद एमओयू के नाम से हुए इस समझौते को मानने से इस्राइल ने इनकार कर दिया है। इस्राइली सेना ने शुक्रवार को रात भर दक्षिणी लेबनान में कई ठिकानों पर हमले किए। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस्राइल की तरफ से हमला होने के बाद हिजबुल्ला ने इस्राइल पर जबरदस्त पलटवार भी किया है।
जेडी वेंस के स्विट्जरलैंड जाने को लेकर अमेरिका ने क्या कहा?
इस्राइली सेना ने लेबनान में ये हमले ऐसे समय में किया है जब ईरान और अमेरिका के बीच ईरान युद्ध को हमेशा के लिए खत्म करने की कोशिशें जारी हैं। हालांकि, दोनों देशों के बीच स्विट्जरलैंड के जिनेवा में होने वाली बातचीत टल गई है। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के दौरे के संबंध में अमेरिका ने कहा है कि कार्यक्रम का एलान बाद में किया जाएगा। खास बात ये भी है कि पश्चिम एशिया में साढ़े तीन महीने से अधिक समय से तनाव बना हुआ है।