बैतूल में रिश्तों का कत्ल: खेती और पैसों के विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या, मां भी निकली आरोपी
बैतूल के आमला थाना क्षेत्र में कुड़मुड नदी के पास मिले लब्बू यादव के शव मामले में पुलिस ने पत्नी और बेटे को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, खेती और पैसों के विवाद में बेटे ने हत्या की, जबकि मां ने साक्ष्य छिपाने और जांच भटकाने में सहयोग किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बैतूल जिले के आमला थाना क्षेत्र में कुड़मुड नदी के पास मिले एक व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मृतक की पत्नी और बेटे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में मामला खेती और पैसों के विवाद से जुड़ा सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को कुड़मुड नदी के समीप एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। जांच में उसकी पहचान ग्राम शंभूढाना बड़ाखारी निवासी लब्बू यादव के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
पढ़ें: बालाजी के दर्शन, यज्ञ-हवन में आहुति के साथ 11 कन्याओं का पूजन कर लिया आशीष
जांच के दौरान परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर संदेह मृतक के बेटे संदीप यादव और पत्नी सुनीता यादव पर गया। पुलिस के अनुसार, 22-23 जून की रात खेती और पैसों के विवाद के चलते बेटे ने कथित रूप से अपने पिता की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को कुड़मुड नदी के सूखे हिस्से में ले जाकर फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना या गुमशुदगी का रूप दिया जा सके।
पुलिस का आरोप है कि मृतक की पत्नी ने भी बेटे का साथ दिया। उस पर साक्ष्य छिपाने में सहयोग करने और बाद में पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर जांच को गुमराह करने का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छिपाने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।
