दतिया उपचुनाव: दिग्विजय-जीतू ने भरी चुनावी हुंकार, कार्यकर्ताओं से बोले- गुटबाजी भूलो, पंजे को जिताओ
दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया। जीतू पटवारी ने भाजपा और नरोत्तम मिश्रा पर हमला बोलते हुए कहा, "मेरा प्रत्याशी हाथ का पंजा है।" दिग्विजय सिंह ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को चुनाव का मुख्य मुद्दा बताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दतिया विधानसभा उपचुनाव की रणभेरी बज चुकी है। शनिवार को कांग्रेस ने दतिया में शक्ति प्रदर्शन करते हुए चुनावी अभियान का आगाज किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोला। हालांकि दोनों नेता तय समय से करीब चार घंटे देर से पहुंचे, लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और मोटल होटल का मैदान जयकारों से गूंज उठा।
मंच पर पहुंचते ही जीतू पटवारी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधा। उन्होंने उन्हें "अहंकारी भैया" कहकर संबोधित करते हुए कहा कि दतिया की जनता उनके 15 साल के कार्यकाल को भूली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अत्याचार किए गए, जिसका जवाब अब जनता देगी।
पटवारी ने भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि इस बार चुनाव जाति, धर्म या चेहरे पर नहीं, बल्कि मुद्दों पर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर मतदान करेगी।
पढे़ं: : मालवा पर मेहरबान मानसून, इंदौर संभाग में तीन दिन झमाझम बारिश के आसार; मौसम विभाग ने चेताया
सभा में सबसे अधिक चर्चा कांग्रेस प्रत्याशी के नाम को लेकर रही। कार्यकर्ताओं की उत्सुकता को देखते हुए पटवारी ने मंच से पूछा, "प्रत्याशी घोषित कर दूं क्या?" इस पर हजारों कार्यकर्ताओं ने एक साथ "ऐलान कर दो" के नारे लगाए। हालांकि उन्होंने सभी को चौंकाते हुए कहा, "मेरा प्रत्याशी हाथ का पंजा है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि उम्मीदवार कोई भी हो, कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर ही वोट दिलाना है। उन्होंने कहा, "व्यक्ति नहीं, विचार जीतना चाहिए।" पटवारी के इस बयान के बाद भी उम्मीदवार के नाम को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आलाकमान एक-दो दिन में प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकता है।
सभा के दौरान पटवारी ने उत्साह में कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन 12 जुलाई, रविवार को दाखिल करने की घोषणा कर दी। मंच से नेताओं ने उन्हें बताया कि 12 जुलाई रविवार है। इस पर उन्होंने तुरंत अपनी बात सुधारते हुए कहा कि नामांकन शनिवार या सोमवार को कराया जाएगा, अंतिम तारीख बाद में तय की जाएगी।
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का संबोधन भी एक भावुक पल का गवाह बना। भाषण के दौरान जीतू पटवारी मंच पर मोबाइल लेकर पहुंचे। फोन पर दतिया के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती थे, जिन्हें स्पीकर पर कार्यकर्ताओं से बात कराई गई। दिल्ली में भर्ती भारती ने बताया कि उनका हर्निया का ऑपरेशन हुआ है, इसलिए वे सभा में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने और कांग्रेस को विजयी बनाने की अपील की। उनका संदेश सुनकर कार्यकर्ताओं में भावुकता देखने को मिली।
अपने संबोधन में दिग्विजय सिंह ने कहा कि दतिया का उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि जनता के स्वाभिमान की लड़ाई है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर भाजपा सरकार की नाकामियां जनता तक पहुंचाएंगे। करीब चार घंटे की देरी के बावजूद सभा में उमड़ी भीड़ ने यह संकेत दिया कि दतिया में कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं ने एक स्वर में कार्यकर्ताओं से गुटबाजी भुलाकर कांग्रेस के चुनाव चिन्ह 'हाथ' को जिताने का आह्वान किया।
