देवास में सनसनी: उधार में पेप्सी नहीं मिली तो दुकानदार पर फेंका पेट्रोल, जिंदा जलाने की कोशिश; हालत गंभीर
देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र के ग्राम तालोद में एक दुकानदार से पेप्सी उधार मांगी, लेकिन उधार नहीं देने की बात को लेकर दुकानदार और उसकी दुकान पर पेट्रोल डाल दिया। जिसके कारण दुकानदार झुलस गया। पीड़ित की पत्नी और बालिका ने पानी डालकर आग बुझाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र के ग्राम तालोद में उधार में पेप्सी नहीं देने की बात पर एक दुकानदार पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना में दुकानदार गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी पत्नी और बहन ने पानी डालकर आग बुझाई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राणघातक हमले का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी फूलचंद पिता राधेश्याम टेलर (44) निवासी ग्राम तालोद अपने घर पर किराना दुकान संचालित करता है। बताया गया है कि गोविंद उर्फ गोविंदा का भांजा दुकान पर उधार पेप्सी लेने पहुंचा था। फूलचंद ने उससे कहा कि अपने मामा को भेज दो, जिसके बाद वह वहां से चला गया।
शाम करीब छह बजे गोविंद, उसके साथी कृष्णपाल सिंह पिता इंदर सिंह गोयल और आदर्श पिता सोभाल सिंह बड़वाले दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि गोविंद ने आते ही अभद्रता शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से पॉलीथिन में भरा पेट्रोल दुकानदार की ओर फेंक दिया। पेट्रोल की थैली काउंटर पर गिर गई, जिससे पेट्रोल काउंटर और फूलचंद के शरीर पर फैल गया।
पढ़ें: मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बंगाल के नए सीएम शुभेंदु को दी बधाई, कहा- आज से पश्चिम बंगाल में नवयुग का शुभारंभ
इसके बाद आरोपी ने माचिस की तीली जलाकर दुकानदार की ओर फेंकी, जिससे काउंटर में आग लग गई और फूलचंद भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना के दौरान आरोपी गाली-गलौज करते हुए धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
आग लगने पर फूलचंद बाथरूम की ओर भागा, जहां उसकी पत्नी और बहन ने पानी डालकर आग बुझाई। घटना में फूलचंद के दोनों पैर जांघ तक और दोनों हाथ कोहनी तक झुलस गए। वहीं दुकान में पीछे बैठे उसके भांजे राज के हाथ-पैर भी आग से झुलस गए। आग लगने से दुकान का सामान भी जलकर खराब हो गया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी तंवर सिंह और कल्याण सिंह बताए जा रहे हैं। घायल फूलचंद का उपचार देवास-भोपाल हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने देहाती नालसी के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राणघातक हमले का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कमेंट
कमेंट X