Dewas News: देवास में चश्मा शोरूम पर बवाल: तिलक-कलावा को लेकर बजरंग दल का विरोध, जमकर हुई नारेबाजी
देवास के एबी रोड सर्विस रोड स्थित एक चश्मा शोरूम पर उस समय हंगामा हो गया जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कथित गाइडलाइन को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप था कि शोरूम में हिंदू कर्मचारियों को तिलक लगाने और हाथ में कलावा पहनने से रोका जा रहा था, जबकि अन्य समुदाय की महिलाओं को बुर्का पहनने की अनुमति दी जा रही थी।
विस्तार
देवास के एबी रोड सर्विस रोड स्थित एक चश्मे के शोरूम पर रविवार दोपहर उस समय तनाव का माहौल बन गया जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। मामला शोरूम में हिंदू कर्मचारियों के लिए कथित तौर पर जारी की गई एक गाइडलाइन से जुड़ा बताया जा रहा है। बजरंग दल के जिला सह संयोजक अभिषेक माली ने आरोप लगाया कि शोरूम की ब्रांच मैनेजर द्वारा जारी गाइडलाइन में हिंदू कर्मचारियों को तिलक लगाने और हाथ में कलावा (नाड़ा) बांधने से रोका गया था, जबकि मुस्लिम समुदाय की युवतियों को बुर्का पहनने की अनुमति दी गई थी। इसे लेकर संगठन ने कड़ा विरोध जताया।
शोरूम पर पहुंचकर जमकर नारेबाजी, कर्मचारियों को लगाया तिलक
विरोध के दौरान बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता शोरूम पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को तिलक लगाया और कलावा भी बांधा। मौके पर “जय श्री राम” और “वंदे मातरम” के नारे गूंजते रहे।
ये भी पढ़ें- MP News: महिला आरक्षण पर कल आक्रोश रैली, विस का एक दिवसीय सत्र होगा; CM बोले-नारी के अपमान को देश नहीं भूलेगा
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी बजरंग दल कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। हालांकि बाद में माहौल को शांत कराया गया। शोरूम के एक कर्मचारी आदित्य ने बताया कि यह एक पुरानी गाइडलाइन थी और अब ऐसी कोई पाबंदी लागू नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में कर्मचारियों पर तिलक लगाने या कलावा पहनने को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद देवास में मामला चर्चा का विषय बन गया है। जहां एक ओर बजरंग दल इसे सांस्कृतिक मुद्दा बता रहा है, वहीं शोरूम प्रबंधन ने पुराने नियमों की बात कहकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की है।

कमेंट
कमेंट X