Dewas News: फिल्म के बाद शुरू हुआ असली थ्रिलर, सिनेमा हॉल से युवक-युवती को किडनैप कर ले गए आरोपी, दो गिरफ्तार
सिनेमा हॉल से फिल्म देखकर बाहर निकले युवक-युवती के साथ ऐसा हुआ मानो कोई फिल्मी सीन चल रहा हो। सिनेमा परिसर से ही तीन आरोपियों ने दोनों का अपहरण कर लिया और इंदौर तक ले जाकर मारपीट की। आखिर में महिला की सूझबूझ से पूरा मामला खुला।
विस्तार
शहर में उज्जैन रोड स्थित सिनेमाघर से फिल्म देखकर बाहर निकले युवक और महिला को उस वक्त अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में उनकी जिंदगी एक फिल्मी सीन में बदलने वाली है। इंदौर से आए तीन आरोपितों ने दोनों को सिनेमा परिसर में ही घेर लिया, पिटाई की और जबरदस्ती कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। इसके बाद दोनों को इंदौर तक ले जाते हुए लगातार मारपीट की गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात इंदौर के नेहरू नगर निवासी महिला अपने मित्र चिरायु पाठक (भौंरासा निवासी) के साथ उज्जैन रोड स्थित सिनेमा में फिल्म देखने आई थी। इसी दौरान आरोपित रवि वर्मा, हर्षित वर्मा और उनका साथी पीयूष यादव पहले से ही वहां मौजूद थे। जैसे ही दोनों बाहर निकले, आरोपितों ने उन्हें पकड़ लिया और सिनेमा परिसर में ही मारपीट शुरू कर दी। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गया है।
आरोपितों ने दोनों को जबरदस्ती कार में बैठाया और इंदौर की ओर ले गए। रास्ते में भी उनके साथ मारपीट जारी रही। बताया जा रहा है कि इस पूरी साजिश के पीछे महिला का पूर्व पति रवि वर्मा था, जिससे उसका तलाक का मामला चल रहा है।
ये भी पढ़ें: Indore: इंदौर में नेग के नाम पर किन्नरों का उत्पात, डाॅक्टर के परिवार से 80 हजार वसूलने का आरोप
बहादुरी से पलटा पूरा मामला
महिला ने बताया कि आरोपितों ने शिप्रा क्षेत्र में धारदार हथियार से हमला करने की कोशिश की और बंदूक दिखाकर धमकाया। इंदौर पहुंचने के बाद एक घर में युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी एक आंख में भी चोट आई लेकिन इसी बीच महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए हालात को अपने पक्ष में मोड़ दिया। उसने आरोपितों को बहलाया और किसी तरह उन्हें एमआईजी थाने तक ले आई। वहां पहुंचते ही उसने पुलिस को पूरी कहानी बता दी।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
सूचना मिलते ही देर रात देवास पुलिस इंदौर पहुंची और पीड़ित युवक-युवती के साथ आरोपितों को देवास लेकर आई। कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा ने बताया कि महिला अपने पूर्व पति से विवाद के चलते अलग रह रही थी और अपने मित्र के साथ रह रही थी।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X