Dhar News: युवती की फोटो से बनाई फर्जी इंस्टाग्राम आईडी, अब पोस्ट डिलीट करने के बदले मांगे दस हजार रुपये
धार जिले के धामनोद की 22 वर्षीय युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी फोटो व आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए गए। पोस्ट हटाने के बदले आरोपी ने 10 हजार रुपये मांगे और क्यूआर कोड भेजे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर साइबर क्राइम शाखा से जांच शुरू की।
धार जिले के धामनोद की 22 वर्षीय युवती के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी फोटो व आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए गए। पोस्ट हटाने के बदले आरोपी ने 10 हजार रुपये मांगे और क्यूआर कोड भेजे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर साइबर क्राइम शाखा से जांच शुरू की।
विस्तार
सोशल मीडिया पर पहचान छिपाकर युवती की फोटो का इस्तेमाल कर न केवल फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई गई, बल्कि आपत्तिजनक पोस्ट हटाने के नाम पर उसके परिवार से रुपयों की मांग करने का मामला सामने आया है। धार जिले की धरमपुरी तहसील के ग्राम धामनोद निवासी 22 वर्षीय युवती परिजनों के साथ थाने पर पहुंची व अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज करवाया है। मामले की जांच के लिए अब पुलिस ने साइबर क्राइम ब्रांच की मदद ली है, ताकि आईडी चलाने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटाई जा सके।
ब्लैकमेलिंग का खेल
पुलिस को दर्ज शिकायत में पीड़िता ने बताया कि घटना 19 फरवरी की सुबह की है। उसके भाइयों पीयूष और पवन ने उसे जानकारी दी कि इंस्टाग्राम पर उसके नाम से एक आईडी सक्रिय है, जिस पर पीड़िता की फोटो लगी हुई है। पीड़िता ने स्पष्ट किया कि वह सोशल मीडिया का उपयोग नहीं करती है और न ही उसने ऐसी कोई आईडी बनाई है। उस फर्जी आईडी से किसी अज्ञात युवक-युवती की चैट का वीडियो बनाकर अपलोड कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- क्या आपके बच्चे भी अकेले स्कूल जाते हैं? इंदौर की इस घटना से सबक ले लीजिए
जब पीड़िता के भाई ने अपनी आईडी के माध्यम से उस अज्ञात व्यक्ति से संपर्क किया और पोस्ट व आईडी डिलीट करने को कहा, तो आरोपी ने सौदेबाजी शुरू कर दी। आरोपी ने आईडी और आपत्तिजनक पोस्ट हटाने के बदले दस हजार रुपये की मांग की। डराने-धमकाने के साथ-साथ आरोपी ने पैसे प्राप्त करने के लिए पीड़िता के भाई के इंस्टाग्राम पर दो अलग-अलग क्यूआर कोड भी भेजे। इस प्रकार अज्ञात जालसाज युवती की छवि खराब करने का डर दिखाकर परिवार से अवैध वसूली की कोशिश कर रहा है।
थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे का कहना है कि मामले में अज्ञात पर प्रकरण दर्ज जांच शुरू की है। यदि कोई आपकी फोटो का गलत इस्तेमाल करे या पैसे मांगे, तो तुरंत साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं।

कमेंट
कमेंट X