Dhar News: टेस्ट ड्राइव के बहाने सेल्स कर्मचारी की गोली मारकर हत्या, झाड़ियों में मिला शव, एसआईटी करेगी जांच
डही में टेस्ट ड्राइव के बहाने बोलेरो लेकर फरार बदमाशों ने कर्मचारी साहिल की गोली मारकर हत्या कर दी। वाहन 15 किमी दूर पलटा मिला और पास की झाड़ियों में शव बरामद हुआ। मामले की गंभीरता देखते हुए मयंक अवस्थी ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू कराई।
विस्तार
आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र डही में नई गाड़ी खरीदने के पहले टेस्ट ड्राइव के बहाने बदमाश बोलेरो वाहन को कर्मचारी के साथ लेकर लापता हो गए थे, उक्त मामले में क्षतिग्रस्त वाहन मिलने के बाद रविवार देर शाम कर्मचारी का शव भी झाड़ियों में पुलिस को मिल गया है। युवक की हत्या गोली चलने से हुई है, संभवत: अज्ञात बदमाश वाहन लूटकर ले जा रहे थे। इसी दौरान कर्मचारी ने विरोध किया तो सीसीटीवी में दिखे लोगों ने युवक साहिल पिता राणा की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। शव मिलने की सूचना पर एसपी मयंक अवस्थी मौके पर पहुंचे व प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन कर दिया है, ताकि घटना के पीछे का कारण सहित आरोपियों की पहचान हो सके।
ये भी पढ़ें-टेस्ट ड्राइव के बहाने बोलेरो ले गए बदमाश, 15 किमी दूर पलटी मिली गाड़ी, शोरूम कर्मचारी लापता
यह था मामला
दरअसल डही थाना अंतर्गत कुक्षी रोड पर ए वन ऑटो डील के नाम से मोहम्मद हारुन हुसैन का शोरूम है। शनिवार को दोपहर के समय तीन युवक बोलेरो वाहन देखने के लिए आए थे, इस दौरान एक युवक चला गया व दो युवकों ने वाहन की टेस्ट ड्राइव लेने व फीचर्स देखने की बात कही। बोलेरो एमपी-04 टीबी-3572 की टेस्ट ड्राइव के लिए शोरूम संचालक ने कर्मचारी साहिल को ग्राहकों के साथ भेजा था। काफी समय तक जब वाहन वापस नहीं आया तो संचालक को शक हुआ। उन्होंने साहिल को फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। घटना की सूचना मिलते ही डही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। कुछ ही समय बाद बोलेरो वाहन डही से करीब 15 किलोमीटर दूर पीथनपुर हॉस्टल के पास पलटी हुई मिली। शोरूम संचालक हारुन खत्री ने बताया कि बोलेरो लेने आए संदिग्ध लोग सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
गोली मारकर हत्या
पुलिस अधिकारियों की टीम को रविवार शाम दुर्घटनास्थल के पास की झाड़ियों में साहिल का शव मिला। शव की पुष्टि होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया था, जहां जमीन और वाहन में खून के निशान पाए गए थे। युवक से सिर पर गोली से फायर होने के निशान मिले हैं, ऐसे में तुरंत पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। गोली से हुई हत्या के बाद पुलिस ने आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। ऑटो डील शोरूम के संचालक हारुन खत्री ने बताया कि साहिल डही का ही रहने वाला था और पिछले 6-7 महीनों से शोरूम में काम कर रहा था। पलटी हुई गाड़ी की बारीकी से जांच करने पर उसमें पुलिस लिखी एक नेम प्लेट बरामद हुई है। वाहन डही से सुसारी की ओर अत्यधिक तेज रफ्तार में जा रहा था, जो अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन के भीतर खून के निशान भी मिले हैं।
ऑटो डील कर्मचारी का शव झाड़ियों में मिला हैं, प्रथम दृष्टया मामला हत्या से जुड़े होने के कारण प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया गया है। सीसीटीवी में दिखाई दे रहे बदमाशों की पहचान की जा रही हैं, पुलिस की तीन अलग-अलग टीमें प्रकरण की विवेचना कर रही है।
मयंक अवस्थी, पुलिस उप-महानिरीक्षक

कमेंट
कमेंट X