Dhar: रफ्तार का कहर! अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
धार जिले की सरदारपुर तहसील के कंजरोटा गांव में राजगढ़-कुक्षी मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 57 वर्षीय कोदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वह साइकिल से टिफिन लेकर ड्यूटी पर जा रहे थे।
विस्तार
धार जिले की सरदारपुर तहसील के राजगढ़-कुक्षी मार्ग पर स्थित ग्राम कंजरोटा में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि मृतक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
साइकिल से ड्यूटी जा रहे थे बुजुर्ग
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कंजरोटा निवासी 57 वर्षीय कोदर सिंह पिता लूना वास्केल मंगलवार शाम अपनी साइकिल से राजगढ़ जा रहे थे। वह वहां एक दुकान पर चौकीदारी का काम करते थे और टिफिन लेकर ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान गांव कंजरोटा में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कोदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
शव की हालत देख कांप उठे लोग, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद बुजुर्ग का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में सड़क पर पड़ा था, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ये भी पढ़ें- NHAI में कार अटैच कराने का झांसा देकर 50 गाड़ियां हड़पीं, डेढ़ करोड़ की 15 लग्जरी गाड़ियां बरामद
हादसे से नाराज लोगों ने किया चक्काजाम
इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने राजगढ़-कुक्षी मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। लोगों का कहना था कि इस सड़क से रोजाना भारी और तेज रफ्तार वाहन बिना किसी रोक-टोक के गुजरते हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। चक्काजाम की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने खुलवाया जाम
घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद चक्काजाम खुलवाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हुई है। वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने भी इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर कुछ सुझाव दिए हैं, जिन पर आगे विचार किया जाएगा।

कमेंट
कमेंट X