MP: मनावर में दिव्यांग कर्मचारी का शव कुएं से बरामद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार; 15 घंटे बाद मिली सफलता
मनावर में दिव्यांग नगर पालिका कर्मचारी राजेश जैन मंगलवार से लापता थे। बुधवार सुबह उनके घर के पीछे बने पुराने कुएं से शव बरामद हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
विस्तार
धार के मनावर नगर पालिका के कर्मचारी राजेश जैन (48) का शव बुधवार सुबह घर के पीछे बने पुराने कुएं से निकाला गया। राजेश मंगलवार देर शाम से लापता थे। उन्हें आखिरी बार घर पर शाम 4 बजे देखा गया था।
जानकारी के अनुसार राजेश जैन नेहरू बाल उद्यान में पेड़-पौधों को पानी देने का काम करते थे। वह शरीर से दिव्यांग थे, एक हाथ और एक पैर से अक्षमता के साथ जीवन व्यतीत कर रहे थे। मंगलवार को ड्यूटी समाप्त होने के बाद सहकर्मी हरिओम नाथ उन्हें उद्यान के गेट की चाबी देने उनके घर पहुंचे।
पढ़ें: रीवा में सड़क पर पुलिस की बर्बरता: युवक के साथ अमानवीय व्यवहार वायरल, हिंसक कार्यशैली पर उठे सवाल
हरिओम ने पुलिस को बताया कि घर का दरवाजा खुला था और अंदर राजेश के कपड़े, जूते और मोबाइल रखे थे। गैस पर चाय बन रही थी, दूध रखा हुआ था और रोटी बनाने के लिए आटा गूंथा हुआ था। इसी बीच उन्होंने देखा कि घर के पीछे कुएं पर ढकी प्लाई गिर गई थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कुएं की गहराई और पुराने होने के कारण शव निकालने में 15 घंटे का समय लगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
एसडीओपी ब्रजेश मालवीय ने बताया कि मामले की वैधानिक कार्रवाई और पड़ोसियों व परिवार से पूछताछ जारी है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि मौत दुर्घटनावश हुई या किसी अन्य कारण से।

कमेंट
कमेंट X