‘2 लाख दो, तभी साथ रहूंगी’: प्रताड़ना से तंग आकर पति ने की आत्महत्या, मरने से पहले लगाए गंभीर आरोप; जानें
धार जिले के मेहगांव में युवक की आत्महत्या मामले में पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पत्नी द्वारा दो लाख की मांग और बिना तलाक दूसरी शादी से वह परेशान था। पत्नी व उसके साथी पर मामला दर्ज है, आरोपी फरार हैं।
विस्तार
धार जिले की धरमपुरी तहसील के ग्राम मेहगांव में एक माह पहले हुए युवक के सुसाइड मामले में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच के दौरान सामने आया कि पत्नी उसके साथ रहने के बदले दो लाख रुपये की मांग कर रही थी। इतना ही नहीं, महिला ने बिना तलाक दिए ही दूसरी शादी भी कर ली थी। इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली।
पुलिस जांच में मृतक की मौत के लिए उसकी पत्नी लक्ष्मी कोगे और उसके कथित दूसरे पति संतोष भालसे को जिम्मेदार पाया गया है। दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने खरगोन में दबिश भी दी, लेकिन वे अभी फरार हैं।
यह था मामला
धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम मेहगांव निवासी जितेंद्र (35) ने 27 फरवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव परिजनों को सौंप दिया था। परिजनों के अनुसार, जितेंद्र ने तीन-चार साल पहले लक्ष्मी से नातरा प्रथा के तहत विवाह किया था। बताया गया कि वर्ष 2024 में दोनों मजदूरी के लिए गुजरात गए थे, जहां से लक्ष्मी बिना बताए गायब हो गई। बाद में जानकारी मिली कि उसने खरगोन जिले के ग्राम मरदाना निवासी संतोष भालसे से शादी कर ली है।
पढ़ें: गुना हवाला कांड: कैश से भरी गाड़ी पकड़ी, फिर छोड़ी...फोन आया और पलट गई पूरी कहानी; जांच में खुल रहे राज
दो लाख रुपये की मांग
मृतक के पिता अम्बाराम और भाई बलराम ने बताया कि जितेंद्र इस बात से बेहद परेशान था। घटना से दो दिन पहले लक्ष्मी मेहगांव आई और साथ रहने के बदले दो लाख रुपये की मांग करने लगी। इसके बाद वह वापस चली गई। परिजनों का आरोप है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण जितेंद्र ने यह कदम उठाया।
मोबाइल में मिला सुसाइड वीडियो
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के पास से मोबाइल मिला, जिसमें उसका सुसाइड से पहले बनाया गया वीडियो मिला। वीडियो में उसने पत्नी और उसके दूसरे पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए आत्महत्या की वजह स्पष्ट बताई है।
एसडीओपी मोनिका सिंह के अनुसार, परिजनों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वीडियो साक्ष्य के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

कमेंट
कमेंट X