MP Board Result: बेटियों की चमक से रोशन हुआ गुना, आर्या शर्मा ने हासिल की प्रदेश में 9वीं रैंक
MP Board Result: मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में गुना जिले के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। खासतौर पर बेटियों ने मेरिट सूची में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया।
विस्तार
गुना में इस वर्ष मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणामों में विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। जिले के छात्रों ने न केवल उत्कृष्ट परिणाम दिए, बल्कि प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर गुना का नाम गौरवान्वित किया है। खास बात यह रही कि इस बार बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।
गुना की आर्या शर्मा को प्रदेश में 9वां स्थान
मेरिट सूची में भी गुना के विद्यार्थियों ने अपनी अलग पहचान बनाई। कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा आर्या शर्मा ने 491 अंक हासिल कर प्रदेश में 9वां स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि ने जिले को गर्व से भर दिया है।
आईएएस बनना चाहती हैं आर्या
प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान पाने वाली आर्या शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया है। एक पत्रकार की पुत्री आर्या का सपना आईएएस अधिकारी बनकर देश की सेवा करना है। उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए गणित विषय का चयन किया है और अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार मेहनत करने का संकल्प लिया है।
'पढ़ाई को कभी बोझ नहीं माना'
अपनी सफलता का श्रेय देते हुए आर्या ने सबसे पहले अपने माता-पिता और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके मम्मी-पापा ने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान किया। वहीं, शिक्षकों ने सही मार्गदर्शन देकर उन्हें कठिन विषयों को समझने में मदद की। आर्या ने यह भी बताया कि उन्होंने पढ़ाई को कभी बोझ नहीं माना, बल्कि एक लक्ष्य के रूप में लिया। उन्होंने पूरे साल अनुशासन और मेहनत के साथ अध्ययन किया। परीक्षा के दौरान भी उन्होंने आत्मविश्वास बनाए रखा और सकारात्मक सोच के साथ हर पेपर दिया। यही कारण रहा कि वे इस शानदार सफलता को हासिल कर सकीं।
नितिन जाट और वेद रघुवंशी संयुक्त टॉपर
वहीं, एसएल मेमोरियल स्कूल के नितिन जाट और सांई कॉन्वेंट स्कूल के वेद रघुवंशी ने प्रदेश स्तर पर 5वां स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। हायर सेकेंडरी में भी गुना के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। आर्ट्स संकाय में सांदीपनी विद्यालय, फतेहगढ़ की गायत्री राजपूत, कृष्णा धाकड़ और प्रेसीडेंसी स्कूल की धाणी बंसल ने 484 अंक प्राप्त कर प्रदेश में संयुक्त रूप से 5वां स्थान हासिल किया। इन विद्यार्थियों की सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि गुना जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।
बेहतर रहा जिले का परिणाम
जिले में हायर सेकेंडरी (12वीं) का कुल परिणाम 78.73 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस परीक्षा में 12,243 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे, जिनमें से 9,638 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। वहीं, हाईस्कूल (10वीं) का परिणाम भी संतोषजनक रहा, जहां 16,541 परीक्षार्थियों में से 11,824 विद्यार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। 71.48 प्रतिशत के इस परिणाम ने जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूती से प्रदर्शित किया है।
ये भी पढ़ें: कृषि संकाय में शिवपुरी का जलवा, पहले चार स्थान पर बेटियों का कब्जा; लहराया परचम
मिलेंगे पुरस्कार
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

कमेंट
कमेंट X