Independence Day: हरदा में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, राजस्व मंत्री करण सिंह ने फहराया तिरंगा
हरदा में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान हुआ। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और विभिन्न दलों ने परेड की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरदा में जिलेभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई मैदान, मिडिल स्कूल ग्राउंड हरदा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद मंत्री करण सिंह वर्मा ने कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और पुलिस अधीक्षक शशांक के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रसारण किया गया। मंत्री वर्मा ने जिले की विकास उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री के बधाई संदेश का वाचन किया। इसके बाद रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़े गए।
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों और लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों को शॉल, श्रीफल और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदा ने प्रथम, सनफ्लॉवर हायर सेकंडरी स्कूल ने द्वितीय और सरस्वती शिशु मंदिर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सेंट मेरी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
पढे़ं: मंत्री विजयवर्गीय ने किया ध्वजारोहण; उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
समारोह में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस और पुलिस बैंड सहित विभिन्न दलों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल ने प्रथम, विशेष सशस्त्र बल ने द्वितीय और होमगार्ड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग में होलीफेथ स्कूल एनसीसी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
शहीद गैलरी में दी श्रद्धांजलि
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने नगर पालिका परिसर स्थित शहीद गैलरी का अवलोकन कर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण भी किया। कलेक्ट्रेट, कलेक्टर निवास, जिला पंचायत सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया।
