{"_id":"69f617067f73db665c0eb227","slug":"sehore-news-wheat-soaked-at-procurement-centers-in-ichhawar-due-to-storm-and-rain-produce-ruined-2026-05-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"किसानों की मेहनत पर फिरा पानी: सीहोर में आंधी-बारिश से उपार्जन केंद्रों पर भीगा गेहूं, ट्रॉली कतार में बर्बादी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
किसानों की मेहनत पर फिरा पानी: सीहोर में आंधी-बारिश से उपार्जन केंद्रों पर भीगा गेहूं, ट्रॉली कतार में बर्बादी
न्यूज डेस्क,अमर उजाला, सीहोर
Published by: सीहोर ब्यूरो
Updated Sat, 02 May 2026 08:53 PM IST
विज्ञापन
सार
Sehore News: इछावर में अचानक आई आंधी-बारिश से उपार्जन केंद्रों पर रखा गेहूं भीग गया, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ। प्रशासनिक तैयारियां नाकाफी रहीं। किसान आक्रोशित हैं और नुकसान की भरपाई व जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सीहोर में आंध-बारिश से उपार्जन केंद्रों पर भीगा गेहूं
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र में शनिवार को मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। 44 डिग्री की तेज गर्मी के बीच आई धूलभरी आंधी और बेमौसम बारिश ने उपार्जन केंद्रों पर अफरातफरी मचा दी। खुले में रखा गेहूं देखते ही देखते भीग गया और किसान बेबस होकर अपनी फसल का नुकसान होते देखते रह गए।
Trending Videos
उपार्जन केंद्रों पर बिगड़े हालात
इछावर के बोरदी, झालकी और भाऊखेड़ी क्षेत्रों में स्थिति सबसे अधिक खराब रही। बोरदी वेयरहाउस के बाहर करीब 2 किलोमीटर लंबी ट्रॉली कतार लगी थी, जहां किसान घंटों से अपनी उपज बेचने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई और खुले में रखी गेहूं की बोरियां पूरी तरह भीग गईं, जिससे बड़े नुकसान की आशंका बढ़ गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
निर्देशों के बावजूद नहीं हुए इंतजाम
घटना से एक दिन पहले कलेक्टर बालागुरु के. ने संभावित बारिश को लेकर गेहूं को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए थे। तिरपाल, कवरयुक्त स्थान, अतिरिक्त ट्रक और त्वरित तौल व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए थे। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नाकाफी रहीं। न पर्याप्त तिरपाल उपलब्ध थे, न ही गेहूं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था हो सकी।
पढ़ें- MP Weather Update: चंबल समेत 21 जिलों में आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट, खंडवा का तापमान 43 डिग्री पार
जलभराव और अव्यवस्था से बढ़ा नुकसान
बारिश के बाद कई उपार्जन केंद्रों पर जलभराव हो गया, जिससे जमीन पर रखी गेहूं की बोरियां और अधिक भीग गईं। कई स्थानों पर उचित स्टैकिंग और ढंकने की व्यवस्था नहीं थी, जिससे नुकसान और बढ़ गया। किसानों का कहना है कि यदि समय पर उचित प्रबंध किए जाते तो फसल को बचाया जा सकता था।
किसानों में नाराजगी, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद किसानों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि प्रशासन ने चेतावनी के बावजूद लापरवाही बरती, जिसके कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर गया। किसान अब जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग कर रहे हैं। मौसम विभाग ने आगे भी शाम के समय तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

कमेंट
कमेंट X