
July Monthly Horoscope: जुलाई में आपकी राशि के सितारे दे रहे हैं क्या संकेत? पढ़ें जुलाई का मासिक राशिफल
जुलाई में बृहस्पति का उदय, शनि का वक्री होना, सूर्य और बुध के गोचर ये सभी परिवर्तन राशियों पर असर डालेंगे। किसी के लिए तरक्की के द्वार खुलेंगे तो किसी को धैर्य की कसौटी से गुजरना होगा। आइए जानते हैं, जुलाई 2025 में आपकी राशि के सितारे क्या संकेत दे रहे हैं।



मेष राशि
स्वामी ग्रह: मंगल
शुभ रंग: लाल
प्रकृति: अग्नि तत्व
पसंद: नेतृत्व, स्पष्टता और चुनौती
मेष राशि वाले लोग ऊर्जा से भरपूर होते हैं। ये जन्मजात लीडर होते हैं, जिन्हें नया शुरू करना पसंद होता है। तेजी से फैसले लेना, जोखिम उठाना और सबसे पहले मंज़िल तक पहुंचना इनकी फितरत में होता है। लाल रंग इनका प्रिय होता है। यह इनके आत्मविश्वास और जुनून का प्रतीक है। मेष लग्न वाले जातक भी अक्सर साहसी और आत्मनिर्भर होते हैं, लेकिन कभी-कभी जल्दबाजी में निर्णय लेकर परेशानी मोल ले सकते हैं।
मेष राशिफल जुलाई 2025
ये महीना आपके लिए थोड़ा उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। शुरुआत से ही आपको समय, धन और ऊर्जा का संतुलन साधना होगा। मेहनत ज्यादा करनी पड़ेगी, लेकिन फल थोड़े कम मिलेंगे। इस वजह से मन में असंतोष और करियर को लेकर चिंता बनी रह सकती है।
दूसरे सप्ताह में भाग्य अपेक्षित साथ नहीं देगा। छोटी-छोटी बातों को लेकर चिंता बढ़ सकती है। कामों में बाधाएं आएंगी, और विरोधी सक्रिय रहेंगे। हालांकि माह के मध्य में कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नहीं सुधरेगी।
इस समय लापरवाही से बचना बहुत ज़रूरी है, वरना बने-बनाए काम बिगड़ सकते हैं। आर्थिक स्थिति थोड़ी राहत दे सकती है। खासकर व्यापार में लाभ के योग हैं। नौकरी करने वालों के लिए भी आमदनी के नए रास्ते खुल सकते हैं। मगर काम की अधिकता और दिनचर्या बिगड़ने से थकावट महसूस होगी।
माह के उत्तरार्ध में चुनौतियां दोबारा दस्तक देंगी। किसी बुजुर्ग की तबीयत या प्रॉपर्टी से जुड़ा मसला आपकी चिंता का कारण बन सकता है। निजी रिश्तों में किसी भी तरह की टकराहट से बचना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। संवाद को प्राथमिकता दें, विवाद को नहीं। परिवार और कार्यस्थल पर तालमेल बनाकर चलें।
उपाय
हर दिन हनुमान जी की उपासना करें और बजरंग बाण का पाठ करें। मंगलवार को उन्हें सिंदूर चढ़ाएं। इससे मानसिक बल और सुरक्षा मिलेगी।

वृष राशि
स्वामी ग्रह: शुक्र
रंग: गुलाबी और सफेद
प्रकृति: पृथ्वी तत्व
पसंद: स्थिरता, सौंदर्य, आराम और स्वादिष्ट भोजन
वृष राशि के जातक स्वभाव से स्थिर, भरोसेमंद और सुख-सुविधा प्रेमी होते हैं। इन्हें अच्छा खाना, अच्छा संगीत और सुंदर चीजें बहुत भाते हैं। इनका मन एक बार जो चीज ठान ले, उसे पूरे धैर्य और जिद के साथ पूरा करते हैं। शुक्र ग्रह के प्रभाव से इनमें आकर्षण और सौंदर्यबोध खूब होता है, लेकिन कभी-कभी ये ज़रूरत से ज़्यादा जिद्दी भी हो जाते हैं।
वृष राशिफल जुलाई 2025
यह महीना वृषभ राशि के जातकों के लिए काफी हद तक शुभता और सौभाग्य से भरपूर है। खासकर यदि आप जुलाई के मध्य का थोड़ा समय छोड़ दें।
इस माह आप जिन चीज़ों का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, वे अब आपके सामने आ सकती हैं। माह की शुरुआत में करियर और कारोबार को लेकर लंबी यात्राएं संभव हैं, जो सुखद और लाभकारी रहेंगी।
व्यवसाय करने वालों के लिए बाजार में उनकी छवि मजबूत होगी, और अच्छे मुनाफे के संकेत हैं। कुछ बड़े फैसले आप भविष्य को ध्यान में रखते हुए ले सकते हैं। छात्रों को मेहनत का पूरा फल मिलेगा। निजी जीवन में भी स्थितियां बेहतर होंगी। पारिवारिक सहयोग मिलेगा और रिश्ते मजबूत होंगे।
हालांकि महीने के मध्य में थोड़ी सुस्ती आ सकती है। कारोबार में लाभ कुछ कम हो सकता है और नौकरीपेशा लोगों को जिम्मेदारियों का बोझ बढ़ा सकता है। लेकिन ये स्थिति ज्यादा देर नहीं टिकेगी।
जुलाई के अंत तक हालात दोबारा अनुकूल होंगे। करियर-कारोबार में तेज़ी से प्रगति होगी। रिश्तों में सामंजस्य रहेगा, प्रेम संबंधों में मिठास बनी रहेगी और सेहत सामान्य रहेगी।
उपाय
हर दिन श्री लक्ष्मीनारायण की पूजा करें और श्री विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें। इससे जीवन में संतुलन और समृद्धि बनी रहेगी।

मिथुन राशि
स्वामी ग्रह: बुध
रंग: हरा
तत्व: वायु
स्वभाव: चंचल, तर्कशील, जिज्ञासु
मिथुन राशि के जातक चतुर, बातूनी और विचारों से भरपूर होते हैं। ये एक साथ कई कामों को साधने की क्षमता रखते हैं। संवाद इनके लिए शक्ति है और बुध ग्रह इन्हें व्यावसायिक कौशल, गति और बुद्धिमत्ता देता है। मिथुन लग्न वाले जातक सामान्यतः लोगों से घुल मिलकर चलने वाले होते हैं।
मिथुन राशिफल जुलाई 2025
जुलाई का पूर्वार्ध मिथुन राशि वालों के लिए बेहद शुभ रहेगा। यह समय करियर और कारोबार से जुड़े बड़े फैसलों और कामों को अंजाम देने के लिए उपयुक्त है। बेरोजगार जातकों को प्रयास करने पर रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। निजी जीवन में भी सहयोग और समर्थन बना रहेगा।
दूसरे सप्ताह में यदि आप किसी समस्या से जूझ रहे थे तो उसका हल निकल सकता है। नौकरीपेशा जातकों की मनचाही नियुक्ति या स्थानांतरण हो सकता है। कारोबार में सुधार और रुका हुआ पैसा मिलने की संभावना है। किसी बड़ी योजना में निवेश भी संभव है, बशर्ते शुभचिंतकों की सलाह ली जाए।
माह के उत्तरार्ध में बड़े बदलाव संभव हैं। इस दौरान भावनाओं की बजाय विवेक से निर्णय लें। सेहत और धन की दृष्टि से सावधानी बरतें। रिश्तों में संयम बनाए रखें और वाणी पर नियंत्रण जरूरी होगा।
उपाय
हर दिन पहली रोटी गाय को खिलाएं और श्रीकृष्णाष्टकं का पाठ करें।

कर्क राशि
स्वामी ग्रह: चंद्र
रंग: सफेद
तत्व: जल
स्वभाव: भावुक, देखभाल करने वाले, पारिवारिक
कर्क राशि के लोग संवेदनशील, सहानुभूति से भरपूर और पारिवारिक होते हैं। चंद्रमा के स्वामित्व वाली यह राशि भावनाओं की गहराई से जुड़ी होती है। ये लोग जिनसे जुड़ते हैं, उनके लिए सब कुछ करना चाहते हैं। कर्क लग्न वाले जातक संवेदनशील लेकिन कल्पनाशील भी होते हैं।
कर्क राशिफल जुलाई 2025
जुलाई माह कर्क राशि के लिए मिलाजुला रहेगा। माह की शुरुआत से ही कार्यों में बाधाएं आ सकती हैं। इच्छानुसार कार्य पूर्ण न होने से खिन्नता रह सकती है। विरोधियों की साजिशों से सतर्क रहने की जरूरत होगी।
पूर्वार्ध में क्रोध पर नियंत्रण बनाए रखना आवश्यक है अन्यथा रिश्तों में विवाद हो सकता है। घर की किसी महिला सदस्य की सेहत चिंता का विषय बन सकती है। छात्रों को अतिरिक्त मेहनत करनी होगी। कार्यस्थल पर विरोधी झूठे आरोप लगाने की कोशिश कर सकते हैं।
तीसरे सप्ताह में कोर्ट-कचहरी संबंधी मामलों में राहत मिल सकती है। सरकारी अधिकारियों से सहयोग मिलने के योग हैं। प्रेम संबंधों में सावधानी रखें। सेहत और संबंधों पर ध्यान देना इस माह आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए।
उपाय
शिवलिंग पर रोज जल व दूध चढ़ाएं और शिव महिम्न स्तोत्र का पाठ करें।
कमेंट
कमेंट X