Holi 2022: इस गांव में अजब-गजब मनाई जाती है होली, दामाद को गधे पर बैठाकर घुमाते हैं लोग
बीड जिले के इस गांव में होली से पहले उस दामाद की खोजी होती है जिसकी नई-नई शादी हुई हो। यह अनोखी परंपरा गांव के दामाद के साथ निभाते हैं। होली के दिन दामाद को गधे पर बैठाकर रंग लगाया जाता है और घुमाया जाता है। इसके अलावा लोग दामाद को गिफ्ट भी देते हैं।
जानिए क्यों शुरू हुई परंपरा
कहा जाता है कि लगभग 80 साल पहले बीड जिले के विडा येवता गांव में एक देशमुख परिवार था। इस परिवार के दामाद ने होली के दिन रंग लगवाने से मना कर दिया। इसके बाद उसके ससुर ने उसको रंग लगाने के लिए मनाया। इसके बाद उन्होंने फूलों से सजा एक गधा मंगवाया और उस पर दामाद को बैठाकर पूरे गांव में घूमाया। तब से ही यह परंपरा चली आ रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि आनंदराव देशमुख नाम के एक शख्स ने इस परंपरा की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने दामाद के साथ सबसे पहले इस तरह की होली मनाई थी। बताया जाता है कई बार लोग दामाद को मजाक में गधा गिफ्ट में दे देते हैं और उस पर बैठाते हैं। इसके अलावा उनके पसंद के कपड़े भी दिए जाते हैं।