अगर आपने हिंदी सिनेमा की कालजयी फिल्मों में गिनी जाने वाली निर्देशक मनमोहन देसाई की फिल्म ‘सुहाग’ देखी है तो आपको इसमें अभिनेता शशि कपूर का निभाया वह किरदार भी याद होगा जिसमें एक पुलिस वाले की आंखों की रोशनी चली जाती है। इसके बावजूद ये किरदार कहानी में लगातार सक्रिय रहता है और एक्शन भी खूब करता है। ऐसा ही एक किरदार फिल्म अभिनेत्री सोनम कपूर अपनी अगली फिल्म में करने जा रही हैं। फिल्म की शूटिंग सोमवार से ग्लासगो फिल्मसिटी में शुरू हो रही है।
EXCLUSIVE: ग्लासगो में सोमवार से शुरू होने जा रही सोनम कपूर की एक्शन फिल्म, लंदन पहुंची शूटिंग टीम
कोरोना वायरस के नए रूप के सामने आने के बाद से हालांकि लंदन जाने वाली या लंदन से आने वाली तमाम उड़ानें रद्द हो चुकी हैं लेकिन अभिनेत्री सोनम कपूर और उनकी अगली फिल्म की पूरी टीम वहां पहले ही पहुंच चुकी है। पूरी टीम के एकांतवास का समय समाप्त होने के बाद इस फिल्म की शूटिंग 28 दिसंबर से शुरू होना प्रस्तावित है और अभी तक के हिसाब से इसमें कोई फेरबदल नहीं किया गया है।
सोनम कपूर की ये फिल्म निर्माता निर्देशक सुजॉय घोष के प्रोडक्शन हाउस के लिए बन रही है। इस फिल्म से उनके सहायक रहे शोम मखीजा बतौर निर्देशक अपना करियर शुरू करने जा रहे हैं। सुजॉय फिल्म के क्रिएटिव प्रोड्यूसर रहेंगे। फिल्म ‘सुहाग’ में अभिनेता शशि कपूर जैसा ही सोनम का इस फिल्म में किरदार है। एक दृष्टिहीन पुलिस वाली का ये किरदार एक कोरियाई फिल्म ‘ब्लाइंड’ से लिया गया बताया जाता है। फिल्म के हिंदी रीमेक अधिकार भी निर्माताओं ने हासिल कर रखे हैं।
कोरियाई फिल्म ‘ब्लाइंड’ नौ साल पहले रिलीज हुई एक एक्शन ड्रामा फिल्म है। फिल्म से चर्चित फिल्म निर्माण कंपनी वायकॉम 18 मोशन पिक्चर्स का भी नाम जुड़ा रहा है। पुलिस अकादमी से निकली एक छात्रा की दृष्टि चले जाने के बाद उसकी जिंदगी में एक हादसा होता है जो उसका पूरा जीवन बदल देता है। एक हिट एंड रन केस की वह इकलौती गवाह है। वह कैसे पुलिसवालों की इस पूरे केस की तफ्तीश में मदद करती है, यही कहानी का असली खेल है।
सोनम कपूर को इससे पिछली बार फिल्म ‘जोया फैक्टर’ में दुलकीर सलमान के साथ देखा गया था जिसमें वह एक ऐसी लड़की का किरदार करती हैं जिसके आने से लोगों की किस्मत बदल जाती है। फिल्म ‘ब्लाइंड’ के अलावा सोनम को लेकर ये भी चर्चा रही है कि वह अपनी बहन के साथ मिलकर ‘वीरे दी वेडिंग’ की सीक्वेल भी बना सकती हैं। हालांकि, इसके बारे में अभी तक किसी तरह की आधिकारिक सूचना सार्वजनिक नहीं हुई है।
परिवार के साथ 'वंडर वुमन 1984' देखने सिनेमाघर पहुंचे ऋतिक रोशन, जमकर की तारीफ
