एंड टीवी पर प्रसारित होने वाले सिंगिंग रियलिटी शो
'द वॉयस इंडिया किड्स' सीजन 2 में अपनी खूबसूरत आवाज से
मानसी सहारिया ने जीत हासिल की है। इस जीत के साथ ही उन्होंने शो में 25 लाख रुपए का इनाम भी जीता है। रविवार को 'द वॉयस इंडिया किड्स' के सीजन -2 का ग्रैंड फिनाले था।
पता हो कि शो में मानसी सिंगर पलक मुच्छल की टीम में थी। ग्रैंड फिनाले में 11 साल की मानसी का मुकाबला सकीना मुखिया, गुंतास कौर, निलांजना रॉय, श्रुति गोस्वामी और मोहम्मद फाजिल से था। इन सभी प्रतियोगियों को हराकर मानसी ने सीजन-2 की ट्रॉफी अपने नाम की है।
आपको बता दें कि मानसी असम के एक छोटे से गांव से संबंध रखती हैं। जिसकी कुल आबादी 300 है। जीत की खुशी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें तीन साल की उम्र से ही सिंगिंग का शौक था, लेकिन पूरी सुविधा न मिलने के कारण उन्हें ठीक से ट्रेनिंग नहीं मिल सकी। फिर उन्होंने ऑनलाइन वीडियो से गायकी सीखी।
मानसी ने अपनी जीत के लिए अपने दोस्तों, परिवार और पलक मुच्छल को धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि 'सबसे पहले मैं अपने गांव के लोगों को धन्यवाद देना चाहूंगा जो हमेशा मेरी प्रतिभा पर विश्वास करते रहे और मेरे सपनों का समर्थन करते रहे।' इसके अलावा मानसी ने अपनी सिंगिंग कोच पलक को उनकी प्रतिभा निखारने के लिए भी धन्यवाद किया है।
कमेंट
कमेंट X