चेहरे की सूजन और थकान कम करने वाले टूल्स
त्वचा के लिए सही ब्यूटी टूल्स का इस्तेमाल बेहद जरूरी है। इसमें जेड रोलर चेहरे की सूजन कम करने, गुआ शा रक्त संचार बेहतर बनाने, फेशियल स्टीमर एवं सिलिकॉन फेस क्लींजिंग रोमछिद्रों की गहराई से सफाई करने और क्लींजिंग ब्रश तथा आईस फेस रोलर स्किन को प्राकृतिक निखार देते हैं। ये टूल्स मेकअप को लंबे समय तक टिकाए रखने और त्वचा को भी तरोताजा बनाए रखते हैं।
गहराई से सफाई के लिए क्लींजिंग टूल्स
अक्सर त्वचा पर जमा गंदगी, अतिरिक्त तेल और ब्लैकहेड्स खूबसूरती को फीका कर देते हैं। ऐसे में ब्लैकहेड्स रिमूवर मशीन वैक्यूम तकनीक से त्वचा के रोमछिद्रों की गहराई तक सफाई कर ब्लैकहेड्स और अशुद्धियों को बाहर निकालता है। वहीं, मसाज बाथ ब्रश त्वचा को एक्सफोलिएट करता है।
इन टूल्स का सावधानी से करें इस्तेमाल
आपकी त्वचा को रोजाना देखभाल की जरूरत होती है। इसमें मेकअप रिमूवर पैड्स, मेकअप को आसानी और प्रभावी ढंग से हटाने में मदद करते हैं, जबकि डबल-एंड फेस पैक ब्रश, फेस पैक को साफ-सुथरे तरीके से लगाने में मदद करता है। वहीं, डर्माप्लेनिंग टूल चेहरे के महीन बालों और मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाकर त्वचा को मुलायम व चमकदार बनाता है। माइक्रोकरंट डिवाइस त्वचा में प्राकृतिक कसाव लाकर झुर्रियों को कम करने में सहायक माना जाता है।
नियमित देखभाल को आसान बनाते हैं ये उपकरण
स्वस्थ त्वचा के लिए उस पर मौजूद बैक्टीरिया को कम करना भी जरूरी है। इसमें फ्रीक्वेंसी फेशियल वांड्स स्किन केयर टूल त्वचा में ऑक्सीजन की उपलब्धता और रक्त संचार को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। नतीजतन, पिंपल्स घटते हैं और त्वचा लंबे समय तक ताजगी, निखार व युवा चमक बनाए रखती है। आप इसे भी अपने स्किन केयर टूल्स में शामिल कर सकती हैं।
क्या ब्यूटी गैजेट्स स्किन केयर का विकल्प हैं
ब्यूटी गैजेट्स त्वचा की सफाई, मसाज और अस्थायी निखार में मदद कर सकते हैं, लेकिन ये स्वस्थ स्किन केयर रूटीन या चिकित्सकीय उपचार के विकल्प नहीं हैं। त्वचा को स्वस्थ रखने के लिए हल्का क्लींजर, मॉइस्चराइजर, सनस्क्रीन, संतुलित आहार और पर्याप्त नींद सबसे जरूरी हैं। टूल खरीदते समय केवल सोशल मीडिया ट्रेंड या बड़े दावों पर भरोसा न करें। अपनी त्वचा की जरूरत, उपकरण की गुणवत्ता और इस्तेमाल से जुड़े जोखिमों को समझने के बाद ही इसे स्किन केयर रूटीन में शामिल करें।
विशेषज्ञ की राय : नए टूल या प्रोडक्ट का पहले पैच टेस्ट करें
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित कुमार मीणा बताते हैं कि टूल को हमेशा साफ और सैनिटाइज करके इस्तेमाल करें। त्वचा पर ज्यादा दबाव न डालें, वरना जलन या लालिमा हो सकती है। कट, घाव, संक्रमण या गंभीर मुंहासों वाली त्वचा पर इनका उपयोग न करें। नए टूल या प्रोडक्ट का पहले पैच टेस्ट करें। टूल किसी के साथ भी साझा न करें और जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल से बचें। संवेदनशील त्वचा वाले विशेषज्ञ की सलाह पर ही इस्तेमाल करें।