सुर्खियां: एसआईआर पर विपक्ष की याचिका पर सुनवाई; श्रीनगर में भारी भूस्खलन; दिल्ली के पीजी की होगी सुरक्षा जांच
एसआईआर: विपक्ष की याचिका पर सुनवाई आज
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में बड़े पैमाने पर नाम हटाने और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में आज, 15 अक्तूबर को सुनवाई होगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने इस मामले में अदालत का रुख किया है। याचिका में मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र जांच कराने और पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करने की मांग की गई है।
सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड की गई 15 अक्तूबर की वाद सूची के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची की पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी। राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेता सोमवार को मार्च करते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे और याचिका दाखिल की थी। पढ़ें पूरी खबर...
हिरासत में अंकिता भंडारी के मां-बाप, बाद में छोड़ा
उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर रातभर प्रदर्शन हुआ। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने अंकिता के माता-पिता, विपक्षी नेताओं और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ समय बाद माता-पिता को छोड़ दिया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी बेटी को न्याय नहीं मिला, तो देशभर में आंदोलन किया जाएगा। दिल्ली पुलिस की हिरासत में लिए जाने के बाद अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलता, तब तक देशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। पढ़ें एक क्लिक पर...
श्रीनगर: उड़ी के राजेरवानी में भारी भूस्खलन
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सीमांत सब-डिवीजन उड़ी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते राजेरवानी क्षेत्र में भारी भूस्खलन हुआ है। इस आपदा से राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, वहीं 33 केवी विद्युत ट्रांसमिशन लाइन क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के करीब 40 से 50 गांव अंधेरे में डूब गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एनएचपीसी उड़ी-I के पास एडीआईटी-4 के समीप भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। प्रभावित हिस्से पर लगातार पत्थरों के गिरने से स्थिति काफी जोखिम भरी बनी हुई है। पढ़ें पूरी खबर...
भारत की मतदाता सूची पर अमेरिकी सांसद की टिप्पणी
भारत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का मुद्दा अब अमेरिका में भी उठा है। भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमीला जयपाल ने मसौदा मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने की खबरों पर चिंता जताई है। उन्होंने भारत में कथित तौर पर लोकतांत्रिक अधिकारों को प्रभावित करने वाले प्रयासों के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों का समर्थन किया। वॉशिंगटन राज्य से डेमोक्रेटिक पार्टी की सांसद जयपाल ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में अपनी प्रतिक्रिया दी। पढ़ें एक क्लिक पर...