Amar Ujala Top News: देश आज मना रहा है 76वां स्वतंत्रता दिवस, छावनी में तब्दील हुई राजधानी, पढ़ें अहम खबरें



देश आज 76वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर पूरे देश में आयोजन होंगे और तिरंगा फहराया जाएगा। इस खास मौके पर दिल्ली में इंडिया गेट सहित प्रमुख इमारतें को तिरंगे की रोशनी से जगमगा रही हैं। 76वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्र को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये लगातार 9वां स्वतंत्रता दिवस संबोधन होगा। वहीं, इस मौके पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। पढ़ें पूरी खबर...

छावनी में तब्दील हुई राजधानी दिल्ली
आतंकी हमले के इनपुट को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लाल किला व उसके पासपास का इलाका रविवार रात से ही छावनी में तब्दील हो गया है। दिल्ली पुलिस, एनएसजी व पैरा मिलिट्री फोर्स ने लाल किले की सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया था। चप्पे-चप्पे पर पुलिस व पैरा-मिलिट्री फोर्स को तैनात कर दिया गया था। पूरी दिल्ली समेत लालकिले को अभेद किले के रूप में तब्दील कर दिया गया था। जमीन से आसमान तक सुरक्षा व्यवस्था के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। लालकिले के आसपास लगाए गए 1000 सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा पर नजर रखी जा रही है। पढ़ें पूरी खबर...

आईटीबीपी के जवान आज LAC के पास 75 शिखरों पर फहराएंगे तिरंगा
भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान स्वतंत्रता दिवस पर 75 शिखरों पर चढ़ाई करेंगे। अमृतरोहण नाम का पर्वत अभियान 15 अगस्त को पूर्वी मोर्चे पर विभिन्न स्थानों पर होगा। इनमें से 33 चोटियां लद्दाख में, 16 उत्तराखंड में, 11 सिक्किम में, 10 हिमाचल प्रदेश में और पांच अरुणाचल प्रदेश में स्थित हैं। आईटीबीपी के हिमवीर इन 75 विभिन्न चोटियों पर चढ़ेंगे और एक साथ भारतीय ध्वज फहराने का एक अनूठा रिकॉर्ड भी बनाएंगे। इनमें से सबसे ऊंची चोटी 18,750 फीट की ऊंचाई पर है जो सिक्किम में स्थित है। पढ़ें पूरी खबर...

भारतीय नौसेना उपप्रमुख घोरमडे आज श्रीलंका को सौंपेंगे डोर्नियर विमान
चीन के मिसाइल और सैटेलाइट ट्रैकिंग पोत के श्रीलंका के हंबनटोटा बंदरगाह पहुंचने से एक दिन पहले भारतीय नौसेना के उपप्रमुख वाइस एडमिरल एसएन घोरमडे रविवार को द्वीपीय देश की दो-दिवसीय यात्रा पर रवाना हुए। सरकार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इस यात्रा के दौरान वाइस एडमिरल आज एक समुद्री सर्विलांस विमान श्रीलंका सौंपेंगे। पढ़ें पूरी खबर...